रांची: केन्द्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहां राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद कहा कि झारखंड से दोनों सीटें भाजपा की झोली में डालकर यहां के विधायकों ने विकास को गले लगाया है और केन्द्र सरकार इस दिशा में राज्य को और मदद करेगी।
झारखंड से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने और यहां से चुनाव जीतने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए केन्द्रीय मंत्री नकवी ने आज यहां कहा कि जिस प्रकार झारखंड विधानसभा के सदस्यों ने द्विवार्षिक चुनावों में राज्य सभा की दोनों सीटें भाजपा की झोली में डाल दी हैं उससे उनकी राज्य के विकास की इच्छा जाहिर होती है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में मजबूत होने से भाजपा न सिर्फ झारखंड में बल्कि पूरे देश में विकास की गति को और तेजी से आगे बढ़ाएगी। नकवी ने अपनी जीत पर राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास और राज्य के विधायकों को धन्यवाद दिया।
Latest India News