1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. रामकिशन ने रक्षा मंत्री से मिलने की कोशिश नहीं की: सरकार का दावा

रामकिशन ने रक्षा मंत्री से मिलने की कोशिश नहीं की: सरकार का दावा

वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे पर पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल की खुदकुशी के बाद सियासी संग्राम छिड़ गया है। विपक्ष जहां सरकार पर हमले बोल रहा है वहीं सरकार के दावों पर भी सवाल

Ramkishan Grewal- India TV Hindi
Ramkishan Grewal

वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे पर पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल की खुदकुशी के बाद सियासी संग्राम छिड़ गया है। विपक्ष जहां सरकार पर हमले बोल रहा है वहीं सरकार के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। रामकिशन ग्रेवाल के बेटे ने भी दावा किया कि उसके पिता रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें वक़्त नहीं दिया गया। रामकिशन गरेवाल की आत्महत्या पर सरकार का दावा है कि रामकिशन ने रक्षा मंत्री से मिलने की कोशिश ही नहीं की थी। 31 अक्टूबर यानि खुदकुशी से ठीक एक दिन पहले उन्होंने जो चिट्ठी रक्षामंत्री के नाम लिखी थी उसमें भी मुलाकात करने की इच्छा नहीं जतायी गयी थी। 

सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक रामकिशन के परिवार के आरोपों के बाद रक्षा मंत्रालय ने इस बात की भी जांच करायी। रक्षामंत्रालय का दावा है कि रामकिशन ग्रेवाल कभी रक्षा मंत्री से मिलने नहीं गए थे। साउथ ब्लॉक में गेट नंबर 2, 9 या 11 पर रामकिशन ग्रेवाल के पहुंचने की कोई एंट्री नहीं मिली जिस पर आम तौर पर लोग रक्षा मंत्री से मिलने के लिए पहुंचते हैं।

ओरओपी पर भी रक्षा मंत्री मनोहर ने ट्वीट कर बताया कि सरकार पूर्व फौजियों के वेलफेयर का वादा पूरा कर रही है। पर्रिकर के मुताबिक़ 2 किस्तों में 5,507.47 करोड़ रुपए ओरओपी के तहत दिए जा चुके हैं।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि खुदकुशी करने वाले पूर्व सैनिक को OROP की पेंशन मिल रही थी लेकिन उनके पेंशन में पांच हजार रुपए की गड़बड़ी थी। उनकी पेंशन 28 हज़ार बनती थी लेकिन बैंक की गलती से उन्हें केवल तेइस हज़ार रुपये मिल रहे थे। 

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ग्रेवाल ने 31 अक्टूबर को रक्षा मंत्री को चिट्ठी लिखी... और अगले ही दिन खुदकुशी कर ली... अब रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक़ क़रीब 20 लाख 60 हज़ार लोगों को वन रैंक वन पेंशन के तहत पेंशन मिल रही है लेकिन क़रीब 1 लाख लोगों को बैंक की खामियों की वजह से इसका फायदा नहीं मिल रहा। इन्हीं में से एक थे रामकिशन ग्रेवाल जिन्होंने अपनी जान दे दी। फिलहाल रक्षा मंत्री ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। 

Latest India News