मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुंबई के बीचोंबीच स्थित इंदु मिल्स परिसर में बाबासाहब अंबेडकर के विशाल स्मारक की आधारशिला रखी। शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे इस समारोह में मौजूद नहीं थे।
आरक्षण खत्म करने की कोशिशों का प्रचार झूठा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह झूठा प्रचार किया जा रहा है कि सरकार आरक्षण प्रणाली को खत्म करने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि डा. बाबासाहब अंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच अहम स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया जायेगा।
400 करोड़ की लागत से बन रहा है डॉ अंबेडकर का स्मारक
शहर में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले स्मारक को मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पूरा करने की योजना है। संविधान के निर्माता डॉ अंबेडकर कई साल तक इस शहर में रहे थे। समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी विद्यासागर राव, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और संतोष गंगवार, डॉ अंबेडकर के पौत्र प्रकाश अंबेडकर और आरपीआई नेता रामदास अठावले मौजूद थे।
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे उपस्थित नहीं थे
समारोह में फडणवीस सरकार में शामिल शिवसेना का कोई मंत्री उपस्थित नहीं था, क्योंकि शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे को आमंत्रित नहीं किया गया। शिवसेना प्रवक्ता नीलम गोरे ने कहा, शिवसेना नेताओं के दूरी बनाने का कारण था कि प्रोटोकॉल के नाम पर संकीर्ण सोच के साथ शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को इंदु मिल्स के समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया।
Latest India News