पटना : जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने शुक्रवार को कहा कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए लालू प्रसाद के राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के साथ गठबंधन 'तय एवं सुनिश्चित' है।
शरद यादव ने राजधानी पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ तीन घंटे चली मुलाकात के बाद मीडिया को बताया, "जद(यू) और राजद के बीच गठबंधन तय एवं सुनिश्चित है। लेकिन मैं इस गठबंधन की तारीख नहीं बता सकता।"
जद(यू) अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेदों की अफवाहों को खारिज कर दिया।
शरद ने दिल्ली रवाना होने से पूर्व कहा, "गठबंधन जल्द अंतिम रूप लेगा और अन्य मुद्दों पर बात जारी रहेगी।"
उन्होंने कहा कि वह जद(यू), राजद और कांग्रेस में एक मजबूत (चुनाव पूर्व) गठबंधन को लेकर आश्वस्त हैं।
यादव ने कहा, "बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत धर्मनिरपेक्ष गठबंधन मौजूदा समय की मांग है।"
Latest India News