‘2024 के लोकसभा चुनावों में भी बरकरार रहेगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता’
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के नेता इंद्रेश कुमार ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सत्ता बरकरार रहेगी। कुमार ने आज यहां संवाददाताओं से राजग सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त क

जयपुर: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के नेता इंद्रेश कुमार ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सत्ता बरकरार रहेगी। कुमार ने आज यहां संवाददाताओं से राजग सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्ण समर्पण और मेहनत के साथ कार्य किया है और अफसरशाही के कार्य प्रणाली में बदलाव लाने का प्रयास किया है।
उन्होंने दावा किया कि यह जनता की राय है कि (मोदी) सबसे अच्छे और देश के प्रति समर्पित नेता है। ना केवल 2019 के लोक सभा चुनावों में बल्कि 2024 के लोक सभा चुनावों में भी मोदी सत्ता में रहेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी अपने कार्य, देश के प्रति समर्पण और मन की बात (रेडियो में प्रसारित कार्यक्रम) के जरिये युवा पीढी और युवाओं के बीच राजा बन गये है।
ये भी पढ़ें
- रूस में PM मोदी ने जीता व्लादीमिर पुतिन का दिल, मुलाकात में दिखी निजी संबंधों की झलक
- उनलोगों की हालत देख रहा हूं जिन्होंने घर बसाया है, मैं उस टेंशन से फ्री हूं: योगी आदित्यनाथ
कुमार ने कहा कि सरकार ने देश की सुरक्षा के लिये पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक का विकल्प खुला रखा और देश के लोगों में इसके लिये भरोसा पैदा किया गया है। उन्होंने चीन पर आर्थिक सर्जिकल स्ट्राइक की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि लोगों को त्योहारों पर चीन निर्मित उत्पाद का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने सभी धर्म के लोगों से अपील करते हुए कहा कि कम से कम एक त्योहार पर चीनी उत्पाद नहीं खरीदें। इससे देश में बेरोजगारी जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी।
कुमार ने महंगी होती शिक्षा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसे सस्ती दरों पर सभी को उपलब्ध कराई जानी चाहिए। युवाओं को नैतिक मूल्यों के बारे में शिक्षा के जरिये बताया जाना चाहिए। ऐसी संस्थाएं जहां धर्म से जुडी शिक्षा के बारे में बताया जाता है वहां भी नैतिक मूल्यों के बारे में बताया जाना चाहिए ताकि युवा कट्टरपंथी ना बने।
तीन तलाक के बारे में कुमार ने कहा कि मुस्लिम महिलाएं जिन्हें गैर संवैधानिक और गैर इस्लामिक प्रक्रिया के जरिये मुश्किलों का सामना करना पडता है उनके लिये यह बहुत बडे सुधार आंदोलन की शुरूआत हुई है।
कश्मीर में पत्थरबाजों से बचने के लिये सेना के मेजर नितिन गोगोई द्वारा कश्मीरी युवा को मानवीय सुरक्षा कवच बनाकर जीप के आगे बांधने का समर्थन करते हुए इन्द्रेश कुमार ने कहा कि जिस तरह से दिल्ली में गत रविवार को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से अपने देवर को छुडाने के लिये राष्ट्रीय निशानेबाज आयशा फलक द्वारा गोली चलाने पर उसकी बहादुरी को सराहा गया। ठीक उसी तरह मेजर के कदम पर भी प्रश्न नहीं उठाना चाहिए।
उन्होंने 2007 में अजमेर बम विस्फोट मामले के बारे में कहा कि उनके खिलाफ यह एक साजिश थी। एफआईआर में उनका नाम नहीं था और जांच एजेंसी ने भी रिपोर्ट में उनका नाम नहीं लिया।
मार्च में विशेष राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की अदालत ने भावेश पटेल और देवेन्द्र गुप्ता को इस मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। अप्रैल माह में एनआईए ने मामले में अंतिम रिपोर्ट पेश कर आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार और तीन अन्य लोगों को पर्याप्त सबूत नहीं होने पर बेदाग साबित किया था, लेकिन अदालत ने अंतिम निर्णय देने से पहले परिवादी को सुनने के लिये एक नोटिस जारी किया था।
अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर इंद्रेश कुमार ने कहा कि यह विषय पूर्ण होना चाहिए। देश के लोगों को विश्वास है कि राजनैतिक पार्टियों और धर्मों से जुडे लोग पार्टी और धर्म से उपर उठकर राम मंदिर के निर्माण की बात करेंगे। उन्होंने दावा किया, विदेशी घुसपैठियों ने मस्जिद बनाने के लिये राम मंदिर को तोड़ दिया। मस्जिद को बाबर का नाम दिया गया जो गैर इस्लामिक है, क्योंकि मस्जिद पर किसी का नाम नहीं होता।
कश्मीर मामले पर उन्होंने कहा कि बंटवारे के समय पूरा कश्मीर भारत के पास था। पाकिस्तान ने गैर कानूनी तरीके से एक हिस्से पर कब्जा कर रखा है।