रामपुर: साध्वी प्राची रामपुर में वाल्मीकी समाज के लोगों से मिलने पहुंचीं और धर्मपरिवर्तन के मुद्दे पर अनशन पर बैठे लोगों से मिलकर वो बात करना चाहती थीं लेकिन उससे पहले ही उन्हें प्रशासन ने रोक दिया और हिरासत में ले लिया, जिससे साध्वी के समर्थक भड़क गए। साध्वी प्राची प्रशासन पर भी जमकर बरसीं।
साध्वी प्रीची ने गुस्से में आजम खान को आतंकी कहते हुए कहा कि ' यह सब आज़म खान के इशारे पर सब कुछ हो रहा है। हम ये होने नहीं देंगे, हमें ज़बरदस्ती गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तान बनाना चाहते हैं रामपुर को।'
हाल्ही में एसपी सरकार के नेता आजम खान के गढ़ रामपुर में अपना घर बचाने के लिए 800 से ज्यादा वाल्मीकियों ने इस्लाम धर्म कबूल किया था। एक हफ्ते पहले ही इन परिवारों ने कहा था कि इनके पास अपने घर बचाने के लिए यह आखिरी उपाय है। इस काम के लिए इन्होंने आंबेडकर जयंती के मौके को चुना।
साध्वी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें रामपुर मुरादाबाद हाईवे पर छोड़ दिया, साध्वी ने रामपुर दोबारा आने की धमकी भी दी।
दरअसल रामपुर की वाल्मीकी समाज की इस बस्ती के घरों को अवैध घोषित कर दिया गया है। लोगों का आरोप है कि नगरपालिका के एक अधिकारी ने उन्हे घर बचाने के लिए धर्म परिवर्तन का लालच दिया है।
इन लोगों के घर रामपुर के तोपखाना इलाके में बन रहे एक शॉपिंग मॉल तक आने वाली सड़क चौड़ी करने के लिए ढहाए जाने हैं। नगर निगम अधिकारियों ने कुछ दिनों पहले वाल्मीकि बस्ती के कुछ लोगों के घरों को गिराने के लिए उन पर लाल निशान लगा दिए थे। इन लोगों का कहना था कि मुस्लिमों की बस्तियों में इससे संकरी सड़कें होती हैं, लेकिन वहां कभी अतिक्रमण नहीं हटाया जाता। हो सकता है कि इस्लाम धर्म कबूल करने से उनके घर भी बच जाएं।
रामपुर के डीएम सीपी त्रिपाठी के मुताबिक, 'इन लोगों को यहां से हटाकर कांशीराम आवास योजना में घर दिया जा रहा है। ये लोग कोर्ट से मुकदमा हार गए हैं और अब बस्ती खाली करवाई जाएगी।'
Latest India News