लखनऊ: समाजवादी पार्टी में जारी परिवारिक कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी के चलते झगड़े में बीच-बचाव के लिए पार्टी के आला नेता सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से मिलने पहुंचे। नरेश अग्रवाल, बेनी प्रसाद वर्मा, विधानसभा स्पीकर माता प्रसाद पांडे उनके घर पहुंचे। शिवपाल यादव भी इस बैठक मौजूद थे।
दरअसल आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के दफ़्तर में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक चल रही थी जिसमें अखिलेश यादव शामिल नहीं हुए। इससे पहले शुक्रवार को भी अखिलेश, शिवपाल की बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
इससे पहले शिवपाल यादव ने पार्टी के ज़िलाध्यक्षों की बैठक में कहा था कि अखिलेश ही पार्टी के सीएम उम्मीदवार हैं और अगर अखिलेश चाहें तो वह उनके लिए अध्यक्ष पद छोड़ भी सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पार्टी के नेताओं को एकजुट रखने की कवायद पर चर्चा हुई। साथ ही बैठक में नेताओं ने सपा एमएलसी उदयवीर के पोस्ट पर कड़ा ऐतराज जताया जिसके चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। उदयवी को समाजवादी पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया गया है।
बता दें कि उदयवीर ने पूरे मामले में अखिलेश की सौतेली मां साधना का नाम घसीट लिया था। उदयवीर का कहना था कि शिवपाल साधना का राजनीतिक चेहरा हैं और अखिलेश के खिलाफ साजिश रची जा रही हैं।
Latest India News