नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बर्ख़ास्त महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार के सेक्स कांड पर कहा कि वह संदीप की करतूतों से बेहद निराश और आहत हैं। एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि संदीप ने आम आदमी पार्टी के आंदोलन के साथ धोखा किया और कार्यकर्ताओं के बलिदान को शर्मसार किया है।
ग़ौरतलब है कि संदीप कुमार की आपत्तिजनक सीडी सामने आई थी जिसमें वह एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे हैं। इसके बाद केजरीवाल ने उन्हें तत्काल प्रभाव से मंत्री पद से हटा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी सिद्धांत और आदर्शों के साथ कोई समझौता नहीं करती और हम शिकायत मिलने पर चार मंत्रियों के ख़िलाफ कार्रवाई कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ग़लत लोगों का साथ नहीं देती और हम चाहते तो सबूत छुपा सकते थे लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सीडी कल (बुधवार) को मिली थी।
केजरीवाल ने कहा कि किसी के माथे पर नहीं लिखा होता है कि वह ग़लत इंसान है, पिता को भी पता नहीं होता कि उसका बच्चा बड़ा होकर क्या बनेगा लेकिन हमें दुख है कि ऐसे लोग हमारे साथ थे।
उन्होंने कहा कि किसी को पार्टी टिकट देने के पहले तीन स्तर पर जांच की जाती है।
Latest India News