नयी दिल्ली: शकूरबस्ती इलाके में झुग्गियां गिराये जाने के दौरान कथित तौर पर छह महीने की बच्ची की मौत का मामला आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस लोकसभा में उठाएगी। दोनों पार्टियों ने इसके लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है। इसके विरोध में आप और तृणमूल सांसद संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के बाहर धरना दिया। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसे लेकर रेलमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है। केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, मैंने रेल मंत्री सुरेश प्रभु जी से मिलने का समय मांगा है।
अरविंद केजरीवाल सरकार और केंद्र के बीच एक नवजात बच्ची की मौत पर फिर से टकराव पैदा हो गया है। बच्ची की मौत शकूर रेलवे कॉलोनी की एक बस्ती में हुई थी जहां कल रेल विभाग ने तोड़ फोड़ की थी। आप सरकार ने तोड़ फोड़ के इस अभियान और छह माह की बच्ची की मौत के मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराए जाने का आदेश दिया है जबकि रेल विभाग का कहना है कि इस घटना का अतिक्रमण हटाने से कोई लेना देना नहीं है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत तब दम घुटने से हुई जब कपड़ों का एक ढेर उसके उपर गिर गया। पुलिस के अनुसार बच्चे पर कपड़ों का ढेर तब गिरा जब उसके अभिभावक झुग्गी खाली करने की तैयारी कर रहे थे इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
केजरीवाल ने इस मामले पर बात करने के लिए कल रेल अधिकारियों से अपने आवास पर मुलाकात की लेकिन वह उनके जवाब से नाखुश थे। सू़त्रों ने कहा, रेल अधिकारियों से जब पूछा गया कि क्या यह आपातकालीन परियोजना थी तो वे इस बात का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए कि तोड़ फोड़ अभियान क्यों चलाया गया। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि तोड़ फोड़ से पूर्व पुनर्वास के उचित इंतजाम क्यों नहीं किए गए, रेल अधिकारियों ने कहा कि वे इसके बारे में अपने बोर्ड और मंत्रालय को सूचित करेंगे। सूत्रों ने कहा, मुख्यमंत्री रेल अधिकारियों के जवाब से खुश नहीं थे और वह रेल मंत्री के समक्ष यह मामला उठाएंगे।
Latest India News