लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने आज यहां परोक्ष रुप से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को 'सब कुछ विरासत' में मिल जाता है लेकिन कुछ लोगों जो मेहनत करते हैं, पार्टी के लिए कुर्बानी देते हैं, उन्हें कुछ नहीं मिलता।
शिवपाल यादव यहां पार्टी के रजत जयंती समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने मंत्री रहते अपने कार्यों का ब्यौरा देते हुए कहा कि पार्टी में कुछ लोग चापलूसी करके मज़ा कर रहे हैं लेकिन काम करने वाले हाशिए पर हैं। मंत्रिमंडल में बहुत से उपेक्षित लोग हैं।
हाल ही में अखिलेश द्वारा बर्ख़ास्तगी का ज़िक्र करते हुए शिवपाल ने कहा कि पार्टी चाहे कितनी बार भी बर्ख़ास्त कर दे लेकिन वह हमेशा पार्टी के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह नेता (मुलायम सिंह यादव) का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
दूसरी तरफ शिवपाल ने यह भी कहा कि अगर अखिलेश जान मांगे तो वह जान देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनका इतना अपमान हुआ लेकिन उन्होंने उफ़्फ तक नहीं की।
पार्टी में बाहरी 'तत्वों' का ज़िक्र करते हुए शिवपाल ने कहा कि बीच में धुसपैठिए आ गए जो माहौल ख़राब कर रहे हैं, इनसे सावधान रहेन की ज़रुरत है।
दिलचस्प बात ये है कि समारोह की शुरुआत में मंच पर अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल ख़ूब गर्मजोशी से मिले थे लेकिन बाद में शिवपाल के भाषण से लगता है कि पार्टी और परिवार में तनातनी अभी ख़त्म नही हुई है।
समारोह को राज्य के आगामी विधान सभा चुनाव के लिए गठबंधन बनाने की कोशिश के रुप में देखा जा रहा है। समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा, आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, आरएलडी प्रमुख अजित सिंह, जेडीयू नेता शरद यादव, केसी त्यागी और आइएनएलडी नेता अभय चौटाला आए हैं। समारोह में बिहार के सीएम नीतीश कुमार को भी आना था लेकिन, बिहार में छठ पूजा की वजह से वो समारोह में शामिल नहीं हो सके।
Latest India News