1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मुलायम ने अखिलेश को UP अध्यक्ष पद से हटाया, शिवपाल को कमान

मुलायम ने अखिलेश को UP अध्यक्ष पद से हटाया, शिवपाल को कमान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर मनमुटाव आज बढ़ गया और पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने राज्य इकाई के मुखिया के तौर पर अपने बेटे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की

akhilesh yadav- India TV Hindi
akhilesh yadav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर मनमुटाव आज बढ़ गया और पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने राज्य इकाई के मुखिया के तौर पर अपने बेटे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जगह अपने भाई और वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव को नियुक्त किया।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने शिवपाल सिंह यादव को लिखे एक पत्र में कहा, ‘सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आपको उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह आशा की जाती है कि आपकी कड़ी मेहनत से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।’

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

सपा में जगजाहिर हुई अंदरूनी कलह

इस पत्र की एक प्रति अखिलेश यादव को भी भेजी गई। अखिलेश के शिवपाल सिंह के करीबी माने जाने वाले राज्य के मुख्य सचिव दीपक सिंघल को हटाकर उनकी जगह राहुल भटनागर को नियुक्त करने के कुछ घंटे बाद ही यह कदम उठाया गया। सिंघल ने करीब दो महीने पहले ही मुख्य सचिव का पदभार संभाला था।

अखिलेश और शिवपाल के बीच मतभेद पहले भी कई मौकों पर देखे गए हैं। आलोक रंजन का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्य के मुख्य सचिव के तौर पर अपनी पसंद के अधिकारी की नियुक्ति और कौमी एकता दल के सपा में विलय को टालना इसमें शामिल है। कौमी एकता दल के मुखिया माफिया से राजनेता बने मुख्तार अंसारी हैं।

अखिलेश ने शिवपाल के चहेते अफसर को हटाया

बताया जाता है कि दीपक सिंघल शिवपाल के करीबी हैं इसलिए चर्चा ये भी थी कि अखिलेश के इस फैसले से शिवपाल नाराज हो सकते हैं। लेकिन शिवपाल यादव ने कहा कि किस अफसर से क्या काम लेना है, किस अफसर की तैनाती कहां करनी है ये चीफ मिनिस्टर का हक है।

BJP ने छवि सुधारने की कोशिश बताई

बीजेपी अखिलेश यादव के फैसले को अपनी छवि सुधारने की कोशिश बता रही है। यूपी बीजेपी के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब अखिलेश की इस तरह की कोशिशें काम नहीं आएंगी।

Latest India News