मुंबई: पाकिस्तान पर हमला करते हुए शिवसेना ने आज कहा कि भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली के एक प्रशंसक को अपने घर के उपर भारतीय तिरंगा फहराने के लिए गिरफ्तार कर पड़ोसी देश ने एक बार फिर भारत के प्रति अपनी नफरत को उजागर किया है। हालांकि, पाकिस्तान की धरती पर आतंकवादी खुले आम घूम रहे हैं।
सत्तारूढ़ गठबंधन के भागीदार ने यह भी बताने की मांग की कि भारत सरकार राष्ट्र-विरोधी तत्वों एवं पाकिस्तानी प्रेमियों के खिलाफ कब कार्रवाई करेगी। पार्टी के मुखपत्र सामना के एक संपादकीय में यहां कहा गया है, उमर दराज के घर में छापा मारा गया और उस पर उसके देश (पाकिस्तान) के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया गया। क्या उसकी गलती सचमुच में इतनी बड़ी है?
इसमें कहा गया है, जिन्होंने भारतीय संसद पर हमला किया, जो लोग मुंबई में 26 नवंबर 2008 के हमलों और हाल ही में पठानकोट स्थित भारतीय वायुसेना बेस पर हमलों के लिए जिम्मेदार हैं, वे पाकिस्तान में खुले आम घूम रहे हैं। युवक को गिरफ्तार कर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के प्रति अपनी नफरत को दुनिया को दिखा दिया है।
बता दें कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकारा जिले के रहने वाले एवं भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के जबरदस्त प्रशंसक उमर दराज (22) को 26 जनवरी को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब एक ट्वेन्टी-20 मैच में भारत ने ऑस्ट्रलिया को शिकस्त दी थी। इस मैच में कोहली ने 90 रन बनाए थे। उमर दराज 10 साल की कैद का सामना कर रहा है।
पुलिस ने दराज के घर पर एक शिकायत मिलने पर छापा मारा था, जिसमें कहा गया था कि उसने अपने घर की छत पर भारत का झंडा फहराया है।
Latest India News