नई दिल्ली: 'डियर' कहने पर सोशल मीडिया पर हाल ही में एक बहस में उलझने के बाद एचआरडी मिनिस्टर स्मृति ईरानी ने अब खुद को 'आंटी नेशनल' कहा है। साथ ही खुद को आलोचना का सामना करने वाला भी बताया है। बता दें कि स्मृति को बीते मंगलवार को बिहार के एक मिनिस्टर ने "डियर' कहा था, जिस पर उन्होंने एतराज जताया था।
इरानी ने फेसबुक पर अपनी मध्यम वर्गीय परवरिश को याद करते हुए लिखा कि बड़ी होती लड़कियों को सिखाया जाता था, लडक़े अगर छेड़ते भी हैं तो उनका जवाब मत दो, क्योंकि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लेकिन तब भी कुछ विद्रोही होती थीं जो सवाल करती थीं कि क्यों नहीं बोलें, क्यों मुंह बंद रखें। स्मृति इरानी का इशारा ट्विटर पर अशोक चौधरी के साथ हुए विवाद की तरफ था।
इस विवाद में उन्होंने सीरीज में ट्वीट कर अशोक चौधरी के डियर संबोधन पर आपत्ति जताने के बाद उपजे विवाद का जवाब दिया था। स्मृति इरानी ने अपनी पोस्ट में उस मानसिकता का जिक्र किया है, जिसमें औरत की मेहनत के बाद भी लोग उस पर आरोप लगाते हैं।
फेसबुक पोस्ट में स्मृति इरानी ने भाजपा में अपने संघर्ष और मेहनत से हासिल किए गए पदों का जिक्र कर ‘अनपढ़’ शिक्षा मंत्री जैसे आरोपों का भी जवाब दिया। इसके अलावा उन्होंने मानव संसाधन मंत्री के तौर पर अपनी उपलब्धियों को भी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से सामने रखा।
बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को ‘डियर’ कहकर संबोधित किया था जिसके बाद दोनों के बीच ट्विटर पर शब्दयुद्ध छिड़ गया। उधर, अशोक चौधरी केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी को ‘डियर’ संबोधित करने के अपने आधार पर डटे हुए हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के आशा भोसले को इस शब्द से संबोधित करने सहित कई संदर्भों का हवाला दिया।
Latest India News