नई दिल्ली: मानव संसाधन विकास मंत्रालय वापस ले लिये जाने के बाद स्मृति ईरानी ने आज कोई फर्क नहीं पड़ने के अंदाज में कहा कि कपड़ा मंत्रालय की उनकी नयी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री के उन पर भरोसे को दर्शाती है।
ये भी पढ़े- मोदी मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव: स्मृति ईरानी को HRD मंत्रालय से हटाया गया, जावड़ेकर नए शिक्षा मंत्री
नयी जिम्मेदारी संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने इस बारे में पूछे गये प्रश्नों को टाल दिया कि उनका मंत्रालय बदलने के पीछे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की भूमिका है। स्मृति ने कहा कि यह व्यक्तिगत मामला नहीं है और ऐसे निर्णय पार्टी करती है।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से आज जब मानव संसाधन विकास मंत्रालय लेकर कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी दिए जाने के बारे में सवाल किये गये तो उन्होंने एक लोकप्रिय फिल्मी गीत की पंक्ति सुना कर जवाब दिया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय में स्मृति का कार्यकाल विवादों से भरा रहा है।
देखिए एक सवाल में क्या बोली स्मृति
आज जब उनसे पूछा गया कि क्या नयी जिम्मेदारी इसलिए दी गयी है ताकि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों पर ध्यान देने के लिए समय मिल सके तो उन्होंने कहा, कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।
टीवी में सफल अभिनेत्री के तौर पर प्रसिद्धि पा चुकीं स्मृति राजनीति में आईं और 2014 के लोकसभा चुनावों में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार तरीके से चुनाव लड़ीं जिसमें वह हार गयीं।
मई 2014 में राजग के सत्ता में आने के बाद स्मृति को मानव संसाधन विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दिये जाने पर कई लोगों ने हैरानी जताई थी।
इससे पहले उन्होंने आज ट्वीट किया, पिछले दो साल में मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सभी कदम छात्रों के लिए सीखने के अवसर बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने पर केंद्रित रहे हैं।
स्मृति ने एक अन्य ट्वीट में कहा, मैं सभी के लिए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को हकीकत में बदलने में सतत सहयोग देने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधिकारियों का धन्यवाद करती हूं।
Latest India News