नई दिल्ली: राज्यसभा में आज जबर्दस्त रण देखने को मिला। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी और बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती एक-दूसरे के आमने-सामने थीं और दोनों में जमकर तू-तू-मैं-मैं हुई। ये सब हैदराबाद यूनिवर्सिटी के छात्र रोहित वेमुला की खुदकुशी को लेकर हुआ।
मायावती का वार, स्मृति का पलटवार
मायावती ने रोहित की खुदकुशी का मामला उठाया और सरकार से जवाब की मांग की। इसे लेकर राज्यसभा में खूब हंगामा हुआ और कई बार सदन की कार्यवाही को स्थगित किया गया। दोपहर दो बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो मायावती ने एक बार फिर ये मामला उठाया। जिसके बाद स्मृति ईरानी ने मायावती को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वो उनके जवाब से संतुष्ट ना हों तो सिर कलम करवा दें।
रोहित की खुदकुशी पर राज्यसभा में 'रण'
इससे पहले भी आज सुबह ग्यारह बजे सदन की शुरुआत होते ही मायावती ने रोहित वेमुला की खुदकुशी का मुद्दा उठाया जिसपर जमकर हंगामा हुआ। मायावती ने सरकार पर आरोप लगाया कि रोहित को खुदकुशी के लिए विवश किया गया और सरकार दलित छात्रों पर आरआरएस की विचारधारा को थोपने में लगी।
इस दौरान सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सदन की कार्यवाही हंगामे के कारण पूर्वाह्न् 11 बजे शुरू होने के बाद पांच बार स्थगित की गई। सुबह में कई बार के स्थगनादेश के बाद सभापति हामिद अंसारी ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। बीएसपी ने रोहित की आत्महत्या के मुद्दे को सदन में उठाया और इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सांसदों ने नारेबाजी भी की। वे सरकार से रोहित की खुदकुशी मामले पर चर्चा कराने की मांग कर रहे थे।
राज्यसभा में तीखी बहस
सभापति हामिद अंसारी ने नारेबाजी कर रहे सांसदों से शांत रहने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की तथा इस मुद्दे को दिन में बाद में उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल सदस्यों का अधिकार है, जो सरकार से सवाल करते हैं। उन्होंने कहा, "सवालों को सूचीबद्ध कर लिया गया है, जिनके जवाब दिए जाने हैं।" सरकार और सभापति ने भी कहा कि यह मुद्दा दिन में चर्चा के लिए सूचीबद्ध है। फिर भी, बसपा सदस्यों की नारेबाजी जारी रही। उन्होंने रोहित के परिवार के लिए न्याय की मांग की। साथ ही सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि रोहित वेमुला की खुदकुशी के विरोध में व्यापक प्रदर्शन हुए हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय मंत्रियों स्मृति ईरानी और बंडारू दत्तात्रेय के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वे उन पर वेमुला को आत्महत्या के लिए बाध्य करने का आरोप लगा रहे हैं।
Latest India News