नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने आज दावा किया कि सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ना चाहती हैं। अमरिंदर सिंह का कहना है कि सोनिया गांधी का मानना हैं कि अब रिटायरमेंट और पार्टी की जिम्मेदारी किसी और को सौंपने का वक्त आ गया है।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें खुद कहा है कि वो बहुत काम कर चुकी हैं और अब पार्टी की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को देने का समय आ गया है हालांकि इस बारे में पार्टी को फैसला करना है लेकिन हमें उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए। पिछले 20 साल में उन्होंने पार्टी को बहुत कुछ दिया है हम उन्हें नहीं कह रहे हैं लेकिन अगर वो जिम्मेदारी छोड़ना चाहती हैं तो हमें उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर राहुल को अध्यक्ष बनाने के लिए भी पहल शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक राहुल को अध्यक्ष बनाने के लिए अगले कुछ दिनों में ही कांग्रेस कार्य समिति की बैठक हो सकती है। CWC की मीटिंग में बड़ा फैसला लिया जा सकता है इसके अलावा पार्टी में और बड़े बदलाव भी किए जा सकते हैं जिसमें सोनिया गांधी की जगह राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने का फैसला शामिल है।
सूत्रों के मुताबिक राहुल ने अपनी टीम की लिस्ट सोनिया गांधी को सौंप दी है। कहा जा रहा है कि कई पुराने नेताओं को उनके पद से हटाया जाएगा तो वहीं राहुल की टीम के कई चेहरों को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। कई प्रदेश अध्यक्षों को भी बदले जाने की खबर है।
इससे पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अब ज्यादा बेहतर तरीके से लोगों की बात सुनते हैं। वो अपने पिता राजीव गांधी की तरह हो गए हैं।
गौर हो कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। माना जा रहा है कि अमरिंदर वहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं । हालांकि पार्टी में उनका काफी विरोध भी हो चुका है। अमरिंदर फिलहाल अमृतसर से सांसद हैं।
Latest India News