नई दिल्ली: दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के संसदीय दल की बैठक में आज पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जम कर हमला बोला। सोनिया गांधी ने कहा कि, पीएम चुप्पी क्यों नहीं तोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि, 'लगता है कि मन की बात करने वाले चैम्पियन ने मौन व्रत धारण कर लिया है।'
वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भी पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि, 'भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं कर सकते।' 'आरोपी मंत्रियों का इस्तीफा चाहिए।' कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस्तीफे के बगैर संसद नहीं चलने देगी।
मानसून सत्र में अब तक हंगामे के चलते कोई काम नहीं हो सका है। ललितगेट, व्यापमं जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष खासकर कांग्रेस की ओर से सरकार पर तीखे हमले किए जा रहे हैं। वहीं, सरकार की तरफ भी कांग्रेस पर पलटवार किया जा रहा है।
संसद के मॉनसून सत्र में 11 दिन बचे हैं और अब तक एक भी दिन पूरी तरह से काम नहीं हो सका है। कांग्रेस व्यापम और 'ललितगेट' मामले में सुषमा, शिवराज और वसुंधरा का इस्तीफा मांग रही है। हालांकि, सरकार ने भी साफ कर दिया है कि सुषमा स्वराज, शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे में से कोई भी इस्तीफा नहीं देगा।
Latest India News