चंडीगढ़: कथित स्टिंग वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब संयोजक पद से बर्खास्त सुच्चा सिंह छोटेपुर ने आज कहा कि वह पंजाब के लोगों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने के वास्ते नया राजनीतिक दल बनाने के लिए भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य नवजोत सिंह सिद्धू और निलंबित आप सांसद धर्मवीर गांधी से संपर्क करेंगे।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उन्होंने फरीदकोट जिले में अपनी पंजाब परिवर्तन यात्रा का समापन करने के बाद कहा, ‘मेरे समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि मैं उन लोगों के साथ मिलकर एक राजनीतिक मंच बनाउं जो बेदाग छवि के हैं और पंजाब को बचाने के लिए कटिबद्ध हैं।’
पंजाब में आप को खड़ा करने में अहम भूमिका निभा चुके छोटेपुर ने अपनी भावी कार्ययोजना के संबंध में अपने समर्थकों का सुझाव जानने की छह सितंबर को एक पहल शुरू की थी। उन्होंने कहा, मैं सिद्धू, गांधी (धर्मवीर) और समान विचारधारा वाले अन्य लोगों को साथ लाने के लिए उनसे मिलूंगा और विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता को श्रेष्ठ विकल्प उपलब्ध कराने के वास्ते राजनीतिक दल बनाऊंगा।
गौरलतब है कि क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं विधायक परगट सिंह एवं बैंस बंधुओं ने हाल ही में राजनीतिक मंच आवाज ए हिंद की घोषणा थी। सिद्धू भाजपा से इस्तीफा दे चुके हैं जबकि उनकी पत्नी एवं भाजपा विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने कहा है कि वह पंजाब में राजनीतिक संगठन बना लेंगे, उसके बाद वह उनके साथ (संगठन में) जुड़ जाएंगी।
Latest India News