नई दिल्ली: थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओ-चा तीन दिन की भारत यात्रा पर आज यहां पहुंचे। उनकी भारत यात्रा का उद्देश्य व्यापार एवं निवेश, रक्षा, सुरक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग प्रगाढ़ करना है।
चान-ओ-चा कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। इस दौरान, दोनों देशों द्वारा समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने, आतंकवाद के खतरे से निपटने और व्यापार बढ़ाने के उपायों पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
इस बात के भी संकेत मिल रहे हैं कि दोनों नेता दक्षिण चीन सागर में स्थिति पर चर्चा करेंगे। थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ उनकी पत्नी नारापोर्न चान-ओ-चा और कई कैबिनेट मंत्रियों तथा अधिकारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और 46 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी आया है। प्रधानमंत्री के तौर पर पहली बार यहां आए चान-ओ-चा की यहां हवाईअड्डे पर गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने आगवानी की।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, थाईलैंड के साथ भारत के उत्कृष्ट संबंध, भारत की आसियान के साथ रणनीतिक साझीदारी का एक महत्वपूर्ण एवं आंतरिक घटक है। थाईलैंड की लुक वेस्ट नीति, दोनों देशों को करीब लाने में भारत की एक्ट ईस्ट नीति की पूरक है।
Latest India News