लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के बीच कांग्रेस के तीन निष्कासित विधायकों तथा सपा के एक मौजूदा विधायक ने आज बसपा का दामन थाम लिया। रामपुर की स्वार सीट से विधायक नवाब काजिम अली खां, तिलोई सीट से विधायक डाक्टर मुस्लिम खां और स्याना सीट से विधायक दिलनवाज खां :तीनों कांग्रेस: तथा बुढ़ाना सीट से सपा विधायक नवाजिश आलम खां बसपा महासचिव और विधान परिषद में विपक्ष के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष रामअचल राजभर की मौजूदगी में बसपा में शामिल हो गये।
सिददीकी ने संवाददाताओं को बताया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा ने भी बसपा की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी का दामन थाम लिया है। इन सभी लोगों के आने से बसपा को मजबूती मिलेगी। इस बीच, कांग्रेस के प्रान्तीय उपाध्यक्ष सत्यदेव त्रिपाठी ने तीन विधायकों के बसपा में शामिल होने पर कहा कि वे सभी निष्कासित विधायक हैं और वे जहां चाहें जा सकते हैं। इससे कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। यह पूछे जाने पर कि बसपा में शामिल होने वाले इन नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव का टिकट मिलेगा या नहीं, सिददीकी ने कहा कि अभी इस बारे में इंतजार करना होगा।
बसपा से अलग होने के बाद भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के कई बसपा विधायकों के सम्पर्क में होने के दावे सम्बन्धी सवाल पर सिद्दीकी ने कहा मौर्य उन विधायकों के नाम बताएं। विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रहे डाक्टर मुस्लिम खां ने इस मौके पर आरोप लगाया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी के साथ काम किया है लेकिन इन नेताओं को घेरने वाले चापलूस लोग उन्हें गुमराह कर गलत फैसले करवाते हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया, राहुल और प्रियंका अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे, इसलिये वह बसपा का दामन थाम रहे हैं।
Latest India News