मुंबई: शिवसेना ने सोमवार को कहा कि बिहार में करारी हार से भाजपा में हड़कंप मचेगा। पार्टी ने कहा कि ये नतीजे "राष्ट्रीय राजनीति का रुख बदल सकते हैं।" शिवसेना के मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा गया है, "बिहार चुनाव का नतीजा राष्ट्रीय राजनीति पर असर डालेगा और साथ ही भाजपा में हड़कंप मचाएगा।"
महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार में शामिल शिवसेना और भाजपा के रिश्तों में हाल के दिनों में खटास बढ़ी है। शिवसेना ने लिखा है कि ये नतीजे आत्ममंथन की मांग कर रहे हैं, क्योंकि ये लोकसभा चुनाव के नतीजों के महज डेढ़ साल के अंदर आए हैं।
शिवसेना ने कहा कि बिहार का जनादेश 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से मिलता-जुलता है। यहां शिवसेना और भाजपा ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा का पूरा वरिष्ठ कुनबा लग गया था। संपादकीय में कहा गया है कि सभी कुछ के बाद भी शिवसेना 63 सीटें जीत गई।
संपादकीय में कहा गया है, "आप धनबल और सत्ता के दम पर एक चुनाव जीत सकते हैं, आप एक बार लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं।
संपादकीय में लिखा गया है कि ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लंबे-चौड़े झूठे वादे नहीं किए। शिवसेना का इशारा लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी द्वारा किए गए वादों की तरफ है।
अपने चुभते हुए संपादकीय में शिवसेना ने लिखा है कि बिहार के लोगों ने नीतीश को उनकी ईमानदारी के लिए मत दिया। जिन लोगों ने बिहार के चुनाव को हल्के में लिया था, बेहतर होगा कि अब वे गंभीरता से नतीजों का आकलन करें।
संपादकीय में सहयोगी भाजपा को निशाने पर लेते हुए लिखा गया है, "भविष्य शिवसेना का है। अगर महाराष्ट्र में अभी चुनाव हों तो हमें शानदार जीत मिलेगी।"
Latest India News