लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के बीच उम्मीदवारों के नाम को लेकर मतभेद की ख़बरें सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी चीफ मुलायम सिंह से मुलाकात करके 403 उम्मीदवारों की लिस्ट सौंपी। वहीं, शिवपाल पहले ही 175 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुके हैं। दोनों की लिस्ट में कई नामों पर मतभेद है।
अखिलेश की लिस्ट में माफिया अंसारी बंधु, अतीक अहमद का नाम नहीं
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश ने मुलायम को जो सूची सौंपी है, उसमें माफिया अंसारी बंधु, बाहुबली अतीक अहमद और पत्नी की हत्या के आरोपी अमनमणि का नाम नहीं है। इसके अलावा अखिलेश ने अपने करीबियों को शामिल किया है, जिनका टिकट शिवपाल यादव ने काट दिया था। सूची में मौजूदा 35 से 40 मंत्री-विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सीएम ने अपनी एजेंसी से कराए सर्वे के आधार पर लिस्ट तैयार की है। ज्यादातर मंत्री और विधायक अपने कामकाज से क्षेत्र की जनता की मांगों को पूरा कर पाने में नाकाम पाए गए थे। इसके बाद अखिलेश ने इनके टिकट काट दिए।
टिकट का बंटवारा जीत के आधार पर होगा- शिवपाल
शिवपाल यादव ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि पार्टी में किसी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो पार्टी की इमेज को नुकसान पहुंचाए। उन्होंने कहा कि टिकट का बंटवारा जीत के आधार पर होगा। अब तक 175 लोगों को टिकट दिया जा चुका है। किसके टिकट कटेंगे, इसका निर्णय जिला संगठन, प्रदेश संगठन और पार्टी के सीनियर लोग लेंगे। शिवपाल ने ये भी कहा कि पार्टी गठबंधन करेगी या नहीं, इसका फैसला नेताजी ही करेंगे।
इस बीच मुलायम सिंह यादव ने रविवार को गायत्री प्रसाद प्रजापति को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सचिव घोषित कर दिया। खास बात ये है कि शनिवार को ही अमर सिंह न सिर्फ लखनऊ आए थे, बल्कि वो शिवपाल यादव से भी मिले थे। इसके एक दिन बाद ही मुलायम ने गायत्री को राष्ट्रीय सचिव बना दिया।
कोई गठबंधन नहीं, पार्टी अकेले लड़ेगी चुनावः मुलायम
मुलायम सिंह ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के कयासों के बीच कहा कि पार्टी किसी से कोई गठबंधन नहीं करेगी और पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। बता दें कि अखिलेश यादव और शिवपाल यादव दोनों लोग ये कह चुके हैं कि गठबंधन पर फैसला नेताजी करेंगे। वहीं, अखिलेश ये कह चुके हैं कि अगर कांग्रेस के साथ सपा का गठबंधन होता है तो हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।
चुनाव आयोग 28 दिसंबर को कर सकता है अधिसूचना जारी
चुनाव आयोग इस हफ्ते पांच राज्यों के चुनाव कार्यक्रम का एलान कर सकता है। 28 दिसंबर को चुनाव की तारीखें की घोषणा हो सकती हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि पहले 22 दिसंबर को ऐलान होना था लेकिन गोवा ने क्रिसमस के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित करने का आग्रह किया था।
अगले साल यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में चुनाव होने हैं। जानकारी के मुताबिक, आयोग ने यूपी में चुनाव के लिए केंद्रीय बल भेजना शुरू कर दिया है।
राज्य में 2012 की तरह सात चरणों में वोटिंग संभावित है। इसकी शुरुआत वेस्ट यूपी से हो सकती है। वहां केंद्रीय बल भेजे गए हैं। पहले चरण के लिए करीब 50 कंपनियों एक-दो दिन में पहुंच रही हैं।
Latest India News