1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'वोट दो वरना जेल भिजवा दूंगा', सुनिए यूपी के धमकीबाज़ मंत्री का ‘Audio sting’

'वोट दो वरना जेल भिजवा दूंगा', सुनिए यूपी के धमकीबाज़ मंत्री का ‘Audio sting’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह का एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वो प्रिंस नाम के एक बीडीसी मेंबर को धमका रहे हैं। दरअसल मामला ब्लॉक प्रमुख चुनाव से जुड़ा है

om prakash singh- India TV Hindi
om prakash singh

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह का एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वो प्रिंस नाम के एक बीडीसी मेंबर को धमका रहे हैं। दरअसल मामला ब्लॉक प्रमुख चुनाव से जुड़ा है और मंत्री ओम प्रकाश सिंह चाहते हैं कि उनका समर्थक चुनाव जीते और इसलिए बीडीसी मेंबर को वोट देने के लिए धमकी दे रहे हैं।

फोन पर मंत्री की धमकी –

‘ऐ प्रिंस, सुनो.. बेटा...हम ओमप्रकाश बोल रहे हैं, पांच आदमी के खत्म होने की बात सुनी है। ऐसा मत करना कि तुम भी...सुन लो, समझे ना। हम ओम प्रकाश बोल रहे हैं, चाहो तो बयान को टेप कर लो, लेकिन वोट दे देना नहीं तो...सुने कि नहीं बचवा। ऐसा करो, तुम कहीं ज्यादा दूर नहीं हो, काबुल या कंधार में नहीं बैठे हो कि वोट दे दोगे और मुझे पता भी नहीं चलेगा। मैं नहीं चाहता कि वोट देने से पहले तुम जेल जाओ। अब तुम्हारी नींद खुली या नहीं? मैं तुमसे कह रहा हूं, मान जाओ वरना तुम्हारे ऊपर तो कई केस दर्ज हैं।’

ये धमकी उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह गाजीपुर से एक बीडीसी मेंबर प्रिंस को दी और इस धमकी की वजह है हाल ही में होने वाला ब्लॉक प्रमुख का चुनाव। ओम प्रकाश चाहते हैं कि ब्लॉक प्रमुख का चुनाव उनके समर्थन वाला प्रत्याशी जीते लिहाजा हर कीमत पर अपने प्रत्याशी को वोट दिलवाने के लिए मंत्री जी धमकी पर उतर आए। मंत्री ओमप्रकाश ये बताना नहीं भूले कि प्रिंस उनकी ज़द में है और वो चाहेंगे उसे अपने दरबार में न सिर्फ हाजिर करवा लेंगे बल्कि उसे जेल भी भेज सकते हैं।

आपको बता दें कि मंत्री ओम प्रकाश जिस प्रिंस को धमकी दे रहे हैं वो उनके विरोधी मुकेश राय का समर्थक है। मुकेश राय भी ब्लॉक प्रमुख पद का उम्मीदवार है और प्रिंस उसी के खेमे का है। ये बात साफ है कि प्रिंस मुकेश राय को ही वोट देगा...लिहाजा मंत्री ने उसे धमकी देकर मुकेश से दूर रहने की हिदायत दे दी।

जब से मंत्री की धमकी वाला ये ऑडियो सामने आया है समाजवादी पार्टी सरकार का असली चेहरा सामने आ गया है। हालांकि पार्टी इस बात से इनकार कर रही है कि उसके मंत्री ने किसी को धमकी दी है। अब ऐसे में ऑडियो की सच्चाई क्या है ये जांच के बाद ही पता चलेगा।

अगली स्लाइड पर सुनिए धमकीबाज मंत्री का ऑडियो स्टिंग-

Latest India News