श्रीनगर: जम्मू शहर में हुई हिंसा को लेकर BJP के सदस्यों ने आज जम्मू कश्मीर विधानसभा में हंगामा किया। जम्मू में एक मंदिर को कथित तौर पर अपवित्र करने को लेकर हिंसा हुई थी। जैसे ही सदन का काम शुरू हुआ, भाजपा के सदस्य हंगामा करने लगे और इस मुद्दे पर सरकार से बयान की मांग की। भाजपा विधायक रविन्द्र रैना ने कहा, यह गंभीर चिंता का विषय है....कुछ असामाजिक तत्वों ने एक असामाजिक कृत्य किया है। जम्मू में स्थिति खराब है। सरकार को बयान देना चाहिए।
नेशनल कांफ्रेंस के अल्ताफ अहमद कालू और निर्दलीय विधायक शेख अब्दुल रशीद भी हंगामे में शामिल हो गये और सरकार से जम्मू क्षेत्र के कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कालू ने सवाल किया, जम्मू में पहलगाम के चार लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी क्या गलती है?
भाजपा विधायकों ने रशीद और कालू के हस्तक्षेप करने पर नाराजगी जताई और तीखी बहस की। बाद में, माकपा विधायक एम वाई तारिगामी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि पूरे सदन को घटना की निंदा करनी चाहिए और उन्होंने शांति और भाईचारे को बनाये रखने की अपील की।
Latest India News