अहमदाबाद: चौंका देने वाले एक फैसले में विजय रुपाणी को आज भाजपा विधायकों ने गुजरात का नया मुख्यमंत्री चुन लिया। वह आनंदीबेन पटेल के उत्तराधिकारी होंगे जिन्होंने बुधवार को इस्तीफा दे दिया था।
विधायक दल की बैठक में रुपाणी इस सर्वोच्च पद के लिए पसंद के रूप में उभरे। राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने सीएम पद के लिए विजय रुपाणी और डिप्टी सीएम के लिए नितिन पटेल का नाम प्रस्तावित किया था। 10 विधायकों ने आनंदी बेन के प्रस्ताव का समर्थन किया। जिसके बाद सर्वसम्मति से विजय रुपाणी को मुख्यमंत्री चुन लिया गया।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
वैसे इस बात की व्यापक रूप से अटकलें थी कि कमान नितिन पटेल को सौंपी जाएगी। बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उपस्थित थे। बैठक के बाद नितिन गडकरी ने घोषणा की कि रुपाणी गुजरात के नये मुख्यमंत्री होंगे।
रुपाणी को अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी की अगुवाई करने का जिम्मा सौंपा जाएगा और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य में पार्टी को उसके समक्ष मौजूद चुनौतियों से उबारना होगा।
गौरलतब है कि आनंदीबेन पटेल ने पिछले हफ्ते फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वह इस पद से हट जाना उपयुक्त समझती हैं क्योंकि वह इस साल नवंबर में 75 की हो जाएंगी। ऐसा माना जाता है कि प्रधानमंत्री ने केंद्र और राज्यों के मंत्रिमंडल में मंत्रियों के लिए यह ऊपरी उम्र सीमा तय कर रखी है।
Latest India News