नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में 2016 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की राज्य इकाई अपने विजयी विधायकों से एक अलग तरह के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवा रही है। एक तरह से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति वफादार रहने को लेकर सभी विधायकों ने बॉन्ड भरा।
यह शपथ नेताओं से 100 रुपए के स्टांप पेपर पर एफिडेविट साइन करा कर लिया गया है। इसमें सभी विधायकों ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के प्रति वफादारी और निष्ठा की शपथ ली है। इस स्टांप पेपर में लिखा है कि हम पार्टी आलाकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रति अपनी वफादारी की कसम खाते हैं।
जबकि दूसरे प्वाइंट में लिखा है कि एक विधानसभा सदस्य के तौर पर मैं किसी भी पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल नहीं रहूंगा। यदि मैं पार्टी के किसी फैसले या नीति से सहमत नहीं हूं तो भी पार्टी के खिलाफ कोई भी बयान नहीं दूंगा।ऐसा कोई भी बयान देने से पहले मैं विधायक पद से इस्तीफा दे दूंगा।
जब अधीर चौधरी से पूछा गया कि ऐसा क्यों करवाया जा रहा है ? तो उन्होंने कहा, ‘यह किसी तरह का बॉन्ड नहीं है जिसे जबरन भरवाया गया हो, या फिर जिसे ना मानने पर किसी के ऊपर कार्रवाई होगी। यह सबने पार्टी के प्रति अपनी वफादारी दिखाने के लिए खुद की मर्जी से साइन किया है।’
Latest India News