1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. व्यापमं घोटाले के व्हिसलब्लोअर ने की मांग, व्हिसलब्लोअर प्रोटेक्शन एक्ट 2011 में न हो बदलाव

व्यापमं घोटाले के व्हिसलब्लोअर ने की मांग, व्हिसलब्लोअर प्रोटेक्शन एक्ट 2011 में न हो बदलाव

भोपाल: मध्यप्रदेश के बहुचर्चित व्यापमं घोटाले को सामने लाने वाले आरटीआई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर व्हिसलब्लोअर प्रोटेक्शन एक्ट 2011 में प्रस्तावित संशोधन के प्रति विरोध जताया।

Wyapm whistle blower met Sonia and Rahul Gandhi- India TV Hindi
Wyapm whistle blower met Sonia and Rahul Gandhi

भोपाल: मध्यप्रदेश के बहुचर्चित व्यापमं घोटाले को सामने लाने वाले आरटीआई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर व्हिसलब्लोअर प्रोटेक्शन एक्ट 2011 में प्रस्तावित संशोधन के प्रति विरोध जताया। यह विधेयक लोकसभा में पारित हो चुका है तथा राज्यसभा से पारित होना अभी शेष है।

आरटीआई कार्यकर्ता आनंद राय ने आज पीटीआई-भाषा से कहा, हम दो दिन पहले नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से मिले तथा उन्हें बताया कि व्हिसलब्लोअर प्रोटेक्शन एक्ट 2011 में संशोधन कर इस एक्ट को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

राय ने कहा, सोनिया जी से जहां विभिन्न मुद्दों पर करीब 15-20 मिनट चर्चा हुई वहीं राहुल से उनकी मुलाकात लगभग 40-45 मिनट तक चली। इस मुलाकात में राय के अलावा मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाले और अन्य घोटालों को सामने लाने वाले अन्य व्हिसलब्लोअर आरटीआई कार्यकर्ता अजय दुबे, सायबर विशेषग्य प्रशांत पांडे और ग्वालियर निवासी आशीष चतुर्वेदी भी उपस्थित थे।

राय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने व्यामपं घोटाले पर सीबीआई जांच के संबंध में भी उनसे चर्चा की तथा इससे संबंधित जानकारियां हासिल की। उन्होंने बताया कि इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह और मोहन प्रकाश भी मौजूद थे।

मध्यप्रदेश प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड :एमपीपीईबी: जो कि हिन्दी में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के नाम से मशहूर है, प्रदेश में इंजीनियरिंग और मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश और विभिन्न सरकारी पदों पर भर्तियों के लिये प्रवेश परीक्षा आयोजित करता है। इसमें कथित तौर पर बड़े पैमाने में घोटाला हुआ जिसे व्यापमं घोटाले के तौर पर जाना जाता है।

Latest India News