1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. आगामी चुनावों में भागीदारी कर सकती है स्वराज इंडिया: योगेंद्र यादव

आगामी चुनावों में भागीदारी कर सकती है स्वराज इंडिया: योगेंद्र यादव

स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र यादव का कहना है कि उनकी पार्टी 2017 में होने वाले दिल्ली के एमसीडी चुनाव के साथ साथ पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात और गोवा के चुनाव में मैदान में उतर सकती है।

आगामी चुनावों में...- India TV Hindi
आगामी चुनावों में भागीदारी कर सकती है स्वराज इंडिया: योगेंद्र यादव

नई दिल्ली: नवगठित राजनीतिक दल स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र यादव का कहना है कि उनकी पार्टी 2017 में होने वाले दिल्ली के एमसीडी चुनाव के साथ साथ पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात और गोवा के चुनाव में मैदान में उतर सकती है हालांकि इस बारे में औपचारिक निर्णय पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक में लिया जाएगा।

आम आदमी पार्टी (आप) से अलग होकर नयी पार्टी बनाने वाले योगेन्द्र यादव ने भाषा को बताया, हमारा लक्ष्य येन केन प्रकारेण चुनाव जीतना नहीं है और ऐसे में हम अनियंत्रित होकर चुनाव में भाग नहीं लेंगे। हम किसी और पार्टी का खेल खराब करने और उसे हराने के लिए नहीं, बल्कि वैकल्पिक राजनीति के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे।

गौरतलब है कि आप से निकाले जाने के बाद योगेन्द्र यादव, प्रशांत भूषण, आनंद कुमार और अजीत झा ने एक अलग संगठन स्वराज अभियान बनाया था जिसने गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्तूबर को स्वराज इंडिया नामक एक राजनीतिक मंच बनाया।

उन्होंने बताया, जहां भी चुनाव होंगे वहां हम जमीनी स्तर पर अपनी ताकत का आकलन करने के बाद ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा ,हमारे संगठन का सकारात्मक एजेंडा होगा और हम इसके तहत ही चुनाव लड़ेंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या वे आम आदमी पार्टी को प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखते हैं, उन्होंने कहा ,हम इसे अन्य पार्टियों की तरह ही देखते हैं और अब यह अन्य पार्टियों से अलग नहीं रह गयी है।

स्वराज इंडिया के ही एक अन्य वरिष्ठ नेता आनंद कुमार ने कहा कि स्वराज अभियान के राजनीतिक मंच स्वराज इंडिया ने डेढ़ साल के अपने संघर्ष से यह निष्कर्ष निकाला है कि वैकल्पिक राजनीति की दिशा में चुनाव में हिस्सेदारी और भागीदारी दोनों जरूरी है।

Latest India News