मशहूर एक्टर और मक्कल निधि मय्यम (MNM) प्रमुख कमल हासन ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन भी मौजूद रहे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन भी कमल हासन के नामांकन के दौरान मौजूद रहे। बता दें कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में डीएमके के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक को MNM ने समर्थन दिया था। इसके बाद डीएमके ने MNM को एक राज्यसभा सीट आवंटित की थी, जिस पर यह नामांकन हुआ है। कमल हासन के नामांकन से डीएमके का बदले में राज्यसभा सीट देने का वादा पूरा हो गया है।
DMK ने घोषित किए तीन उम्मीदवार
तमिलनाडु के सीएम और डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा कि कमल हासन की पार्टी MNM को एक सीट देने का फैसला लिया गया है। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों के बीच समझौता हुआ था। डीएमके ने राज्यसभा के लिए बाकी के तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इसमें पार्टी ने पी विल्सन, सलमा और एसआर शिवलिंगम को राज्यसभा में भेजने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक तमिलनाडु के छह सदस्य अंबुमणि रामदास (पट्टाली मक्कल काची), एन चंद्रशेखरन (आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम), एम षणमुगम (द्रविड़ मुनेत्र कषगम), पी विल्सन (द्रमुक) और वाइको (मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम) का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।
कुल 8 सीटों के लिए चुनाव
बता दें कि चुनाव आयोग ने हाल ही में राज्यसभा की आठ सीटों के लिए चुनाव कराए जाने की घोषणा की। ये द्विवार्षिक चुनाव 19 जून को कराए जाएंगे। इसमें दो राज्यों असम और तमिलनाडू की आठ सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं। बता दें कि आठ सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। ऐसे में इन सभी आठ सीटों के लिए मतदान कराए जाएंगे। वहीं मतों की गणना भी 19 जून की शाम को ही कराई जाएगी। बता दें कि इसमें असम की दो सीटों और तमिलनाडु की छह सीटों पर मतदान कराए जाने हैं।
Latest India News