A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बंगाल और असम जीतने के बाद BJP ने कसी कमर, अब इन 7 राज्यों पर है भगवा पार्टी की नजर

बंगाल और असम जीतने के बाद BJP ने कसी कमर, अब इन 7 राज्यों पर है भगवा पार्टी की नजर

बीजेपी ने हालिया चुनावों में बंगाल और असम में बड़ी जीत के बाद अब गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठनात्मक स्तर पर रणनीति बना रही है और आगामी विधानसभा चुनावों में जीत का लक्ष्य रखा है।

BJP election strategy, upcoming assembly elections India, BJP expansion plan- India TV Hindi
Image Source : PTI बीजेपी ने अब 7 राज्यों में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए असम और बंगाल में बड़ी जीत दर्ज की है जबकि पुडुचेरी में पार्टी के गठबंधन की सरकार बननी तय है। इन चुनावों में झंडे गाड़ने के बाद अब पार्टी के लिए अगला बड़ा चुनावी मैदान अगले कुछ महीनों में होने वाले 7 राज्यों के विधानसभा चुनाव हैं। इन 7 राज्यों में गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद पार्टी अब पूर्वी भारत में अपनी मजबूत पकड़ के साथ अगले चरण की तैयारी में जुट गई है।

बीजेपी ने 7 राज्यों में चुनावी तैयारियां शुरू कीं

बीजेपी ने इन सभी 7 राज्यों में चुनावी तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठनात्मक स्तर पर जमीनी काम की शुरुआत कर दी है, जिसे अब और तेज किया जाएगा। बीजेपी के एक सूत्र ने बताया, '5 राज्यों के चुनाव समाप्त होने के बाद पार्टी अब अगले साल होने वाले 7 राज्यों के चुनावों पर पूरा ध्यान देगी। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पहले ही कुछ शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिन्हें अब और तेज किया जाएगा।' नितिन नवीन ने हाल ही में गोवा, गुजरात और उत्तर प्रदेश का दौरा किया था। 

जल्द ही उत्तराखंड के दौरे पर जाएंगे नितिन नवीन

विभिन्न राज्यों के अपने दौरे के दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पार्टी के प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बंद कमरे में बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। वे जल्द ही उत्तराखंड का दौरा भी करेंगे, जहां अगले कुछ ही महीनों में गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के साथ चुनाव होने हैं। वर्तमान में बीजेपी उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सत्ता में है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है।

'गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक NDA-BJP सरकार'

दिल्ली में बीजेपी हेडक्वॉर्टर में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी की हालिया चुनावी सफलता का जश्न मनाते हुए नितिन नवीन ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से यह स्पष्ट होता है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर 'अटूट भरोसा' रखती है। उन्होंने कहा, 'गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक NDA-BJP सरकार बन रही है। यह केवल भौगोलिक विस्तार नहीं है, बल्कि हमारे नेतृत्व और उनके विजन पर जनता के विश्वास का विस्तार है। आज के दिन मैं अपने प्रिय नेता और देश के PM नरेंद्र मोदी जी को आश्वस्त करता हूं कि आप आगे बढ़ते रहें, बीजेपी के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आने वाले समय की तैयारी में जुटे हुए हैं।'

विधानसभा चुनावों में BJP ने किया है शानदार प्रदर्शन

बता दें कि सोमवार को हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने कई राज्यों में मजबूत प्रदर्शन किया। पश्चिम बंगाल में पार्टी 294 में से 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की, जिससे सूबे में TMC के 15 साल के शासन का अंत हो गया। वहीं, असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA ने 126 सीटों में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की और बहुमत के आंकड़े 64 को आसानी से पार कर लिया। बीजेपी ने राज्य में अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज की। तमिलनाडु में बीजेपी को झटका लगा, जहां उसने AIADMK के साथ गठबंधन में 20 सीटों पर चुनाव लड़कर केवल एक सीट जीती। वहीं, केरल में बीजेपी ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 3 सीटें जीती हैं।

Latest India News