Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग का समय खत्म, दोनों राज्यों में हुई रिकॉर्ड वोटिंग
पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है। आज यानी पहले चरण में कुल 152 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो गई है। वहीं, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक साथ मतदान हुआ। दोनों राज्यों में लोगों ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हुई। बंगाल में दो चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसमें आज यानी 23 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग हुई। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। वहीं, तमिलनाडु की बात करें तो यहां सभी सीटों पर एक चरण में ही वोटिंग पूरी हुई। बीजेपी इन दोनों ही राज्यों में सत्ता में आने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए सत्ता बचाए रखना बड़ी चुनौती है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए भी एक बार फिर सरकार में आना आसान नहीं होगा।
सुबह 7 बजते ही दोनों राज्यों में वोटिंग शुरू हो गई जो शाम 6 बजे तक जारी रही। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 5.73 करोड़ से ज्यादा वोटर्स ने 4,023 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को निर्देश दिया था कि वे 23 अप्रैल को सुबह 6 बजे से मतदान समाप्त होने तक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से बाहर नहीं जाएं। पहले चरण के चुनाव में गुरुवार को राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। यहां कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक दिशानिर्देश के अनुसार, उम्मीदवारों को मतदान के समय अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ही रहना चाहिए और किसी भी ऐसी गतिविधि में शामिल होने से बचना चाहिए जिससे चुनावी प्रक्रिया बाधित हो सकती है। उन्होंने कहा, ''सभी उम्मीदवारों से यह सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जाती है कि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और मतदाता बिना किसी भय या बाधा के अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकें।'' मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।
Live updates : Assembly Election Live:
-
April 23, 2026 8:31 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
अब राम का राज आएगा- गिरिराज सिंह
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ऐतिहासिक 91.91 प्रतिशत मतदान हुआ। इसपर रिएक्शन देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव के लिए मतदान हुआ है। गुंडों का राज अब खत्म हो गया है। अब राम का राज आएगा।
-
April 23, 2026 7:26 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
कृष्णागिरी में EVM सील करते दिखे अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान समाप्त होने पर कृष्णागिरी के एक मतदान केंद्र पर मतदान अधिकारी ईवीएम को सील करते नजर आए। शाम 6 बजे तक, पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण में लगभग 91 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई।
-
April 23, 2026 6:49 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
दुल्हन ने शादी के फौरन बाद डाला वोट
तमिलनाडु की तिरुचिरापल्ली पश्चिम सीट पर एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी शादी की रस्म के तुरंत बाद अपना वोट डाला। पोलिंग बूथ पर वोट डालने के बाद वह अपनी उंगली पर लगा निशान दिखाकर फोटो खिंचवाती भी नजर आईं।
-
April 23, 2026 6:26 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
अधीर रंजन चौधरी ने लगाया एजेंट्स पर हमले का आरोप
पश्चिम बंगाल के बरहामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यहां हमारे मतदान एजेंटों पर कुछ गुंडों ने हमला किया है। ये गुंडे सरकार से जुड़े हुए हैं। हम इनके खिलाफ शिकायत करेंगे।
-
April 23, 2026 6:10 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग का वक्त खत्म
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग का समय खत्म हो गया है। दोनों ही राज्यों में रिकॉर्ड वोटिंग हुई है। आज सुबह 7 बजे पोलिंग बूथों पर मतदान शुरू हुआ था जो अब शाम 6 बजे खत्म हो गया है। हालांकि, जो लोग शाम 6 बजे से पहले पोलिंग बूथ परिसर की सीमा में आ गए, उनका वोट पड़वाया जा रहा है।
-
April 23, 2026 5:46 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में 89% मतदान
विधानसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुई है। शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में 89.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, तमिलनाडु में 82.24 फीसदी मतदान शाम 5 बजे तक हुआ है। दोनों ही राज्यों में वोटिंग को लेकर खासा उत्साह दिखा है।
-
April 23, 2026 5:35 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सिंगर अरिजीत सिंह ने भी डाला वोट
मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने भी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में अपना वोट डाला। वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचे। पश्चिम बंगाल की पहले फेज की वोटिंग में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
-
April 23, 2026 5:14 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
नंदीग्राम TMC प्रत्याशी का BJP पर आरोप
नंदीग्राम से टीएमसी उम्मीदवार पवित्र कार ने कहा कि बीजेपी के गुंडों ने हमला किया तो पोलिंग बूथ से एंजेंट्स को बाहर निकलना पड़ा। हम इसको लेकर शिकायत जरूर करेंगे। हम इससे पीछे नहीं हटेंगे।
-
April 23, 2026 4:45 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
वोट डालना है संवैधानिक कर्तव्य- लता रजनीकांत
तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में वोट डालने सुपरस्टार रजनीकांत की पत्नी सिंगर लता रजनीकांत भी पहुंचीं। मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए लता ने कहा कि चुनाव में पोलिंग बूथ तक आना और वोट डालना हर नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य है।
-
April 23, 2026 4:25 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सिलीगुड़ी में CRPF ने भीड़ को किया तितर-बितर
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों (CRPF) के जवानों ने मतदान केंद्र के पास जमा भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद यहां लोगों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। यह घटना सिलीगुड़ी के डांगीपारा इलाके में हुई।
-
April 23, 2026 3:58 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
दोपहर 3 बजे तक बंगाल में 78% और तमिलनाडु में हुई 70% वोटिंग
पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग हो रही है। दोपहर तीन बजे के आंकड़े के अनुसार, 78.77 प्रतिशत मतदान पश्चिम बंगाल में हो चुका है। वहीं, तमिलनाडु में भी लोग बढ़-चढ़कर वोटिंग में हिस्सा ले रहे हैं। यहां दोपहर तीन बजे तक 70 फीसदी मतदान हुआ है।
-
April 23, 2026 3:11 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
Nowda मामले में पुलिस ने दर्ज की FIR
पश्चिम बंगाल के Nowda में तनाव को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है और दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
April 23, 2026 2:53 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बीजेपी उम्मीदवार की कार का शीशा तोड़ा
आसनसोल साउथ विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "जैसे ही मैं कार में बैठी, किसी ने एक बड़े पत्थर से कार का शीशा तोड़ दिया। ऐसा बार-बार हो रहा है। माइनॉरिटी इलाके में ऐसी घटना कौन करेगा? टीएमसी के माइनॉरिटी के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। मुस्लिम भाई-बहन भी अब बीजेपी को सपोर्ट कर रहे हैं। वे अग्निमित्रा पॉल पर पत्थर फेंककर कुछ नहीं कर सकते। मैंने पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है, लेकिन मैंने कोई लिखकर शिकायत नहीं की है।"
-
April 23, 2026 2:11 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बीरभूम में वोटिंग के दौरान हिंसा
बीरभूम में पहले फेज की वोटिंग के दौरान हिंसा से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। कहा जा रहा है कि जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे बीजेपी इलेक्शन एजेंट बिस्वजीत मंडल पर हमला हुआ। उन्हें घेरकर बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और बहुत खून बह गया। बीजेपी ने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है, हालांकि अभी तक कोई ऑफिशियल कन्फर्मेशन नहीं आया है। घायल नेता को इलाज के लिए सूरी हॉस्पिटल ले जाया गया। यह घटना लाभपुर विधानसभा सीट के तहत भ्रामरकोल इलाके के बूथ नंबर 68 पर हुई। मंडल ने पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में लाभपुर से बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था।
-
April 23, 2026 1:39 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पश्चिम बंगाल में 62 फीसदी वोटिंग
दोपहर एक बजे तक पश्चिम बंगाल में 62.18 फीसदी मतदान हो चुका है। वहीं, तमिलनाडु में 56.81 फीसदी मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि 60-65 परसेंट वोटिंग हो चुकी है। यह बदलाव दिखाता है। इस साल हिंदू बड़ी संख्या में वोट कर रहे हैं।
-
April 23, 2026 1:20 PM (IST) Posted by Shakti Singh
गोराहमल में टीएमसी उम्मीदवार का विरोध
टीएमसी उम्मीदवार चंदन मंडल को गोरामहल में बूथ 234 पर विरोध का सामना करना पड़ा। वोटिंग के दौरान नारेबाजी हुई। इसके बाद सेंट्रल फोर्स ने हालात को काबू में किया। यहां बिना रुके मतदान जारी है।
-
April 23, 2026 1:03 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बीजेपी उम्मीदवार ने टीएमसी पर हमले के आरोप लगाए
कुमारगंज से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने कहा, "कुमारगंज असेंबली सीट पर, 8-10 पोलिंग स्टेशनों पर हमारे पोलिंग एजेंट्स को जबरदस्ती हटा दिया गया। मैंने खुद दखल दिया और पक्का किया कि उन्हें वापस अंदर जाने दिया जाए। जब मैं जमीनी हालात देखने के लिए बूथ नंबर 24 पर गया, तो उन्होंने मेरी पूरी टीम और मुझ पर हमला कर दिया। वे साफ तौर पर डराने और डर का माहौल बनाने पर तुले हुए थे। सेंट्रल फोर्स पोलिंग स्टेशन पर ही मौजूद थे। वे जगह के अंदर थे। लेकिन जब मैं मौके पर पहुंचा, तो मेरे साथ सिर्फ मेरा बॉडीगार्ड था। हमारे साथ और कोई नहीं था। ममता बनर्जी चुनाव हार गई हैं और तृणमूल कांग्रेस इस इलाके की चारों सीटें हार रही है। बहुत ज्यादा निराशा और डर की वजह से उन्होंने हम पर हमला कर दिया।"
-
April 23, 2026 12:51 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पूर्व मेदिनीपुर वोट देने आए व्यक्ति की मौत
पूर्व मेदिनीपुर में पटशपुर विधानसभा के बूथ 234 बामनबार के वोटर निपेंद्रनाथ दास (58) की तेज गर्मी में वोट देने के लिए लाइन में खड़े होने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। लाइन में खड़े रहने के दौरान वह बीमार पड़ गए और उन्हें बेहोशी की हालत में लोकल हॉस्पिटल ले जाया गया। कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि तेज गर्मी में हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई।
-
April 23, 2026 12:41 PM (IST) Posted by Shakti Singh
टीएमसी चोरों की पार्टी- हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद के नवादा विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी और आम जनता उन्नयन पार्टी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने एयूजेपी के कार्यकर्ता की गाड़ी में तोड़फोड़ की। इस घटना पर हुमायूं कबीर ने कहा, "टीएमसी चोरों की पार्टी है। नवादा के लोगों ने उन्हें नकार दिया है।"
-
April 23, 2026 12:14 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मुर्शिदाबाद में पोलिंग बूथ के बाहर मारपीट
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पोलिंग बूथ के बाहर जमकर मारपीट हुई है। यहां हुमायूं कबीर और टीएमसी के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई।
-
April 23, 2026 12:08 PM (IST) Posted by Shakti Singh
एक्टर मैथ्यू वर्गीस ने वोट डाला
तमिलनाडु में एक्टर मैथ्यू वर्गीस ने चेन्नई के नंदनम में एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला और अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। उन्होंने कहा, "मैं अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करके खुश हूं, यह एक बेसिक ड्यूटी है। उम्मीद है कि इस साल वोटिंग बहुत ज्यादा होगी।" टीवीके चीफ विजय के बारे में में उन्होंने कहा, "किसी भी फ्रेटरनिटी का कोई भी पॉलिटिकल पार्टी में शामिल हो सकता है। उन्हें पता है कि उन्हें किस तरह का इम्पैक्ट डालना है। यह जानकर खुशी हुई कि फिल्म फ्रेटरनिटी से कोई चुनाव लड़ रहा है। पहले भी ऐसे लोग रहे हैं।"
-
April 23, 2026 11:49 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पश्चिम मेदिनीपुर में वोट डालने के बाद महिला की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर में वोट डालने के बाद घर जाते समय एक महिला वोटर की मौत हो गई। यह घटना केशपुर ब्लॉक के सरिशखोला ग्राम पंचायत नंबर 12 के 225 दीघा बूथ पर हुई। मृतक वोटर का नाम इसरतन बीबी (56) है, उनके पति का नाम लबाब जान अली है, उनका घर सिमगेरिया गांव में है। मृतक महिला के पति ने कहा, "हमारा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, सिर्फ मेरी पत्नी का नाम था। वोट डालने के बाद घर जाते समय रास्ते में उनकी अचानक मौत हो गई।"
-
April 23, 2026 11:42 AM (IST) Posted by Shakti Singh
लाठीचार्ज करने वाले अधिकारी पर एक्शन ले चुनाव आयोग- हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद में आम जनता उन्नयन पार्टी के फाउंडर हुमायूं कबीर ने कहा, "हम चाहते हैं कि नौदा पुलिस ऑफिसर जिसने मेरे सपोर्टर्स पर रात भर लाठीचार्ज किया, ऐसा न हो। इलेक्शन कमीशन उन पर एक्शन ले। वहां नया ऑफिसर पोस्ट किया जाए। तब तक, मैं यहीं प्रोटेस्ट में बैठा रहूंगा। मेरे लोगों को मारा जा रहा है और धमकाया जा रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। इलेक्शन कमीशन उन टीएमसी वर्कर्स पर एक्शन ले, जिन्होंने यह सब किया।"
-
April 23, 2026 11:40 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पश्चिम बंगाल में 41% और तमिलनाडु में 37% वोटिंग
11 बजे तक तमिलनाडु में 37.56% और पश्चिम बंगाल में 41.11% वोटिंग हो चुकी है। दोनों राज्यों में लोग बढ़-चढ़कर मतदान कर रहे हैं। एसआईआर के बाद बिहार में भी रिकॉर्ड मतदान हुआ था। इस बार पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी ऐसा होने के आसार हैं।
-
April 23, 2026 11:34 AM (IST) Posted by Shakti Singh
लोगों को बेहतर भविष्य के लिए वोट करना चाहिए- नैनार नागेंथ्रन
तमिलनाडु बीजेपी प्रेसिडेंट और सत्तूर असेंबली सीट के विधायक नैनार नागेंथ्रन ने कहा, "तमिलनाडु एक ऐसा राज्य बन गया है, जहां औरतें आंसू बहा रही हैं। राज्य को ठीक होना चाहिए। हमारा अलायंस लोगों की भलाई के मकसद से चुनाव लड़ रहा है। सिर्फ सत्तूर सीट पर ही नहीं, बल्कि पूरे तमिलनाडु में, नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की जीत की अच्छी उम्मीदें हैं। तिरुनेलवेली और सत्तूर सीट मेरी दो आंखों की तरह हैं। लोगों को हर पांच साल में एक बार एक अच्छी सरकार चुनने का मौका मिलता है, और आज वह दिन है। इस जरूरी दिन पर, सभी वोटर्स को देश की भलाई, लोगों की भलाई और अगली पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वोट देने के अपने कीमती अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्हें तमिलनाडु में ड्रग्स से मुक्त भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर जिंदगी के लिए वोट करना चाहिए।"
-
April 23, 2026 11:24 AM (IST) Posted by Shakti Singh
चुनाव आयोग ने नवादा डीएम से रिपोर्ट मांगी
पश्चिम बंगाल के नवादा में आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच तनाव पर चुनाव आयोग ने डीएम से रिपोर्ट मांगी है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस तनाव को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके आधार पर एक्शन लिया जाएगा।
-
April 23, 2026 11:13 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सोच-समझकर वोट दें- कनिमोझी
कनिमोझी ने वोट डालने के बाद कहा, "अपने भविष्य के बारे में सोचो। राज्य के भविष्य के बारे में सोचो। सोचो कि राज्य के अधिकारों और भाषा के लिए कौन लड़ेगा, हम किस चीज़ के लिए खड़े हैं, और फिर वोट दो। इस चुनाव का नैरेटिव यह है कि हमने अच्छा काम किया है। हमने 5 साल तक अच्छा शासन दिया है और स्कीम लोगों तक पहुंची हैं। लोग समझ गए हैं कि डीएमके और उसके अलायंस पार्टनर वे लोग हैं जो राज्य, हमारी भाषा, हमारी संस्कृति की रक्षा के लिए और यह पक्का करने के लिए आइडियोलॉजिकल लड़ाई लड़ रहे हैं कि अगली पीढ़ी के लिए एक बेहतर भविष्य हो। इसलिए, मुझे पूरा भरोसा है कि यही नैरेटिव है। मुझे पूरा भरोसा है कि डीएमके अच्छा करेगी और हम जारी रखेंगे।"
बीजेपी और टीवीके को लेकर उन्होंने कहा, "वे मुद्दे उठाते रहेंगे। कोई भी सरकार यह पक्का करेगी कि वोटर्स के आने और वोट देने के लिए काफी सुविधाएं हों। जब डीएमके को पूरा भरोसा है कि लोग उन्हें वोट देकर वापस सत्ता में लाएंगे, तो कोई भी सरकार ऐसा क्यों करेगी। इसलिए, अगर आप बार-बार झूठे आरोप लगाना चाहते हैं, खासकर उस दिन जब लोग वोट देने आते हैं, तो यह पॉलिटिक्स है।"
-
April 23, 2026 11:02 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सिलीगुड़ी में बीजेपी और टीएमसी समर्थकों में बहस
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष के समर्थकों और टीएमसी समर्थकों के बीच बहस हो गई। सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ, बूथ नंबर-26/237 पर बहस हुई। इसके बाद शंकर घोष ने कहा, "अभी तक चुनाव शांति से हो रहा है। मैं खुश हूं, और मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे एक मजबूत डेमोक्रेसी बनाने और पश्चिम बंगाल की शान वापस लाने के लिए अपना वोट डालें। मुझे पता चला है कि एक पोलिंग बूथ पर बिना इजाजत के लोग जमा हो रहे हैं। मैं बस चाहता हूं कि लोग शांति से अपना वोट डालें।"
-
April 23, 2026 10:48 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने डाला वोट
रविचंद्रन अश्विन ने वोट डालने के बाद कहा, "मुझे लगता है कि यह तमिलनाडु में बहुत जरूरी चुनाव है। मैं बस आकर अपना अधिकार इस्तेमाल करना चाहता था। मैंने अपना काम कर दिया है। अब सबको अपना काम करना है। उम्मीद है कि जो भी सत्ता में आएगा, वह तमिलनाडु की सूरत बदल देगा।"
-
April 23, 2026 10:41 AM (IST) Posted by Shakti Singh
बीजेपी उम्मीदवार ने टीएमसी पर लगाए आरोप
बीरभूम से बीजेपी उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी ने कहा, "लोग बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए बाहर आ रहे हैं। कुछ जगहों पर, शुरुआत में ईवीएम और कैमरों में खराबी जैसी कुछ दिक्कतें थीं, लेकिन उन्हें बदल दिया गया है। उसके बाद, अब वोटिंग शांति से होती दिख रही है। कुछ लोगों ने डराने-धमकाने की कुछ अलग-अलग कोशिशें की हैं और गड़बड़ी की कुछ छिटपुट घटनाएं हुई हैं, जिनमें कथित तौर पर टीएमसी से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हैं, लेकिन हम लगातार शिकायतें दर्ज कर रहे हैं। मेरा मानना है कि सीआरपीएफ की एक्टिविटी बहुत असरदार रही है। क्यूआरटी की तैनाती सहित उनकी मूवमेंट काफी मजबूत रही है।"
-
April 23, 2026 10:33 AM (IST) Posted by Shakti Singh
मेरा किसी को धमकाने का इरादा नहीं- हुमायूं कबीर
क्रूड बम फेंकने की घटना पर आम जनता उन्नयन पार्टी के फाउंडर हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में कहा, "एक कोशिश हुई थी। मैंने अपने लोगों से शांत रहने को कहा। वोटिंग शांति से होनी चाहिए। मेरा किसी को चोट पहुंचाने या धमकाने का कोई इरादा नहीं है। मैं वहां जाऊंगा।" बम फेकने की घटना मतदान से एक दिन पहले हुई थी।
-
April 23, 2026 10:19 AM (IST) Posted by Shakti Singh
मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान हंगामा
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान हंगामा हो गया। आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के पहुंचने के बाद पोलिंग बूथ पर जमकर नारेबाजी हुई। लोगों ने हुमायूं कबीर का घेराव किया। इस दौरान झड़प भी हुई।
-
April 23, 2026 10:13 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सांसद हर्ष वी श्रंगला ने डाला वोट
राज्यसभा सांसद हर्ष वी श्रृंगला ने 23 दार्जिलिंग विधानसभा क्षेत्र के एक पोलिंग स्टेशन पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "हमने आज यहां अपना वोट डाला है। दार्जिलिंग के अलग-अलग इलाकों से बहुत सारे लोग हमें सपोर्ट करने आए हैं। वोट विकास, सुरक्षा और बंगाल में अच्छे बदलाव के लिए होना चाहिए।"
-
April 23, 2026 9:59 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
मुर्शिदाबाद में बम हमले में कई लोग घायल
मुर्शिदाबाद जिले के नौदा में अज्ञात लोगों द्वारा किए गए देसी बम हमले में कई लोग घायल हो गए। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
-
April 23, 2026 9:45 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सुबह 9 बजे तक लगभग 18 फीसदी मतदान
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। कुछ बूथ पर ईवीएम में खराबी आई है, लेकिन उसे ठीक कर आगे मतदान कराया गया। अब तक शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% मतदान हुआ है।
-
April 23, 2026 9:11 AM (IST) Posted by Shakti Singh
एमके स्टालिन के पोते ने डाला वोट
तमिलनाडु चुनाव 2026 में डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन की पत्नी और बेटे, किरुथिगा उदयनिधि और इनबनिथि ने चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला। एमके स्टालिन की डीएमके अपनी सरकार बचाने की कोशिश में है। वहीं, एनडीए गठबंधन इस बार कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगा।
-
April 23, 2026 8:34 AM (IST) Posted by Shakti Singh
वोट डालने पहुंचे टीवीके चीफ विजय
तमिलनाडु चुनाव 2026 में टीवीके चीफ और तिरुचिरापल्ली ईस्ट और पेरम्बूर चुनाव क्षेत्रों से उम्मीदवार विजय अपना वोट डालने के लिए चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे। इस चुनाव से पहले उनकी लोकप्रियता चरम पर है और लोग बड़ी संख्या में उनकी रैलियों में पहुंचे थे।
-
April 23, 2026 8:32 AM (IST) Posted by Shakti Singh
इस बार बदलाव होगा- सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम और भवानीपुर से बीजेपी उम्मीदवार, सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "परिवर्तन होगा। अगर इस बार बदलाव नहीं हुआ, तो बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा। चुनाव आयोग अच्छा काम कर रहा है, लेकिन हर जगह कुछ गुंडे हैं। हमारे पोलिंग एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
-
April 23, 2026 7:51 AM (IST) Posted by Shakti Singh
विधानसभा में महिलाओं की आवाज उठाऊंगी- तमिलिसाई सुंदरराजन
मायलापुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, "यह लोकतांत्रिक उत्सव है। हर किसी को इस लोकतांत्रिक उत्सव में हिस्सा लेना चाहिए। मैं बहुत खुश हूं, मैं एक उम्मीदवार भी हूं, और एक वोटर भी। तमिलनाडु के लोगों के आशीर्वाद से, एनडीए मायलापुर में भी जीतेगा, भगवान और लोगों के आशीर्वाद से, मैं विधानसभा में महिलाओं की आवाज उठाऊंगी।"
-
April 23, 2026 7:32 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पश्चिम बंगाल के तीन बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी
पश्चिम बंगाल की सभी सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन कई बूथ में ईवीएम में गड़बड़ी आ रही है। बेहरामपुर-मुर्शिदाबाद के कंडी ब्लॉक बूथ में कुमारसंडा के बूथ नंबर 19 में ईवीएम मशीन खराब है। मालदा की चंचल सीट के मोतिहारपुर में बूथ नंबर 211 में भी ईवीएम काम नहीं कर रही है। अलीपुरद्वार जिले की कालचीनी सीट में मेंडाबारी के बूथ नंबर 205 में मशीन काम नहीं कर रही है।
-
April 23, 2026 7:27 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पी चिदंबरम ने डाला वोट
सीनियर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने शिवगंगा के कराईकुडी में एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला और अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान शुरू हो चुका है। मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
-
April 23, 2026 7:24 AM (IST) Posted by Shakti Singh
अजित पवार के स्मृति स्थल पर पहुंचीं सुनेत्रा पवार
सुनेत्रा पवार ने मतदान करने से पहले अजित पवार के स्मृतिस्थल पर जाकर अभिवादन किया। अजित दादा पवार के प्लेन क्रैश में मृत्यु के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सुनेत्रा पवार के कंधों पर है।
-
April 23, 2026 7:19 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं- PM
आज पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके लोगों से अपील की है कि सभी लोग इसमें भाग लें। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए मतदान का पहला चरण आज है। मैं सभी नागरिकों से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करता हूं। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।
-
April 23, 2026 6:54 AM (IST) Posted by Shakti Singh
मॉडल बूथ पर ईवीएम में बैटरी नहीं
दुर्गापुर वेस्ट विधानसभा सीट के बूथ नंबर 165 को अकेला मॉडल बूथ बनाया गया। मॉक पोल करते समय, चुनाव कर्मचारियों को पता चला कि ईवीएम में बैटरी नहीं है। इससे मॉडल पोलिंग स्टेशन की पहल फेल हो गई और चुनाव कर्मचारी परेशान हुए।
-
April 23, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Shakti Singh
महाराष्ट्र की बारामती सीट पर उपचुनाव
महाराष्ट्र की बारामती सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। यहां भी तैयारी पूरी है और सात बजे से मतदान शुरू होगा। 28 जनवरी को एक विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की मौत हो गई थी। इस वजह से यहां चुनाव जरूरी है। अजित की पत्नी सुनेत्रा को उनकी जगह डिप्टी सीएम बनाया गया और अब वह इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। विपक्ष के नाम वापस लेने से उनकी जीत लगभग तय है। यहां सुनेत्रा पवार सहित 23 उम्मीदवार मैदान में हैं।
-
April 23, 2026 6:47 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सिलीगुड़ी में मॉक पोलिंग शुरू
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में मॉक पोलिंग शुरू हो चुकी है। ईवीएम के जरिए मतदान शुरू होने से पहले इसकी अच्छे से जांच की जाती है और सभी उम्मीदवारों के नाम का बटन दबाकर यह जांच की जाती है कि वोटिंग सही हो रही है या नहीं। यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही मतदान शुरू होंगे।
-
April 23, 2026 6:44 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सुबह 7 बजे शुरू होगी वोटिंग
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी और शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। 6 बजे के बाद सिर्फ वही मतदाता वोट डाल सकेंगे, जो 6 बजे से पहले लाइन में लग गए थे।