बंगाल-असम में खिला कमल, केरल में UDF की जीत और तमिलनाडु में TVK बहुमत के करीब
Assembly Election Result 2026: बीजेपी ने पश्चिम बंगाल और असम में बड़ी जीत हासिल की है। वहीं, केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF जीत गया है। साथ ही, तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी TVK बहुमत के करीब पहुंच गई है।

नई दिल्ली: देश के चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती पूरी हो गई है। पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। पुडुचेरी में भी बीजेपी का NDA गठबंधन बहुमत के आंकड़े के पार पहुंच गया है। वहीं, केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को बड़ी जीत मिली है। तमिलनाडु में नई पार्टी TVK ने कमाल कर दिया है और बहुमत के करीब पहुंच गई है।
इन चुनावों में बीजेपी को बहुत कुछ हासिल होता हुआ दिख रहा है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बहुमत के आंकड़े से कहीं ज्यादा सीटें हासिल कर ली हैं। बंगाल में बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए थीं और बीजेपी 206 सीटें जीतने में कामयाब रही।15 साल बाद टीएमसी का विजय रथ बंगाल में रुक गया है। वह महज 81 सीटों पर सिमट गई।
यही हाल असम में भी दिख रहा है। यहां भी बीजेपी ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। इसके अलावा, तमिलनाडु में तो कमाल हो गया है और नई पार्टी TVK ने बहुत भारी बढ़त बना ली। वह बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। अगर केरल की बात करें तो यहां कांग्रेस की लीडरशिप वाला गठबंधन UDF ने बहुमत का आंकड़ा पा लिया है।
Live updates : Assembly Election Result 2026 Live Updates
-
May 04, 2026 11:03 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
रत्ना देबनाथ ने अपनी विजय को बताया जनता की जीत
पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की विजयी उम्मीदवार, आरजी कर मेडिकल कॉलेज केस पीड़िता की माता और भाजपा नेता रत्ना देबनाथ ने कहा कि उनकी यह जीत पानीहाटी की जनता की, पूरे बंगाल की जीत है। मैं यह जीत प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित करती हूं। मैं जनता को घोष परिवार के कुशासन से मुक्त कराने में सफल रही हूं, जिसके लिए मैं जनता का आभार व्यक्त करती हूं; यह मैं अकेले नहीं कर सकती थी। यह जीत पनिहाटी की जनता के कारण ही संभव हुई है।
-
May 04, 2026 10:17 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
ममता बनर्जी मंगलवार शाम 4 बजे करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की करारी हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को कालीघाट में अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। शाम 4 बजे ममता बनर्जी मीडिया के सामने अपनी बात रखेंगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी अपनी हार के कारणों पर बात सकती हैं।
-
May 04, 2026 10:05 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
आसनसोल में TMC दफ्तर में तोड़फोड़
पश्चिम बंगाल में आसनसोल के गोधुली इलाके में कथित रूप से टीएमसी कार्यालय में तोड़फोड़ की गई। अज्ञात बदमाशों ने टीएमसी कार्यालय में तोड़फोड़ की। तस्वीरों में परिसर बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है, जिसमें फर्नीचर, झंडे, पोस्टर और बैनर फाड़ दिए गए हैं।
-
May 04, 2026 9:19 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
18वें राउंड के बाद 10 हजार वोटों से पिछड़ी ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में TMC की करारी शिकस्त के बाद ममता बनर्जी पर खुद अपनी सीट हारने का खतरा मंडरा रहा है। 18वें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ममता बनर्जी, सुवेंदु अधिकारी से 10 हजार 994 वोटों से पीछे हैं। सुवेंदु अधिकारी को अब तक 67 हजार 239 वोट और ममता बनर्जी को 56 हजार 245 मत मिले हैं।
-
May 04, 2026 8:48 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
झालमुड़ी वाली दुकान पर पहुंचीं विजयी BJP उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल में झारग्राम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव अपनी जीत के बाद उसी स्थानीय दुकान पर गईं जहां प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान झालमुरी खाई थी। इस दौरान, वहां बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। वे एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए भी नजर आए।
-
May 04, 2026 8:16 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सुवेंदु अधिकारी से पिछड़ीं ममता बनर्जी
भवानीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी 16 राउंड की मतगणना के बाद रात 8.06 बजे तक 563 वोटों से पीछे चल रही हैं। बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी उनसे आगे चल रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी को 53 हजार 932 वोट और ममता बनर्जी को 53 हजार 369 मत मिले हैं।
-
May 04, 2026 7:36 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं भी जीतीं- PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है, ये हमारी रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है। ये हमारी रगो की संस्कार सरिता है। आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं।
-
May 04, 2026 7:05 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
केरल में सभी 140 सीटों का परिणाम घोषित
केरल की सभी 140 सीटों पर वोटों की गिनती पूरी हो गई है। यहां कांग्रेस ने 63, CPIM ने 26, IUML ने 22, CPI ने 8, KEC ने 7, RSP ने 3, BJP ने 3, RJD ने 1, RMPOI ने 1, KEC (J) ने 1, CPMKSC ने 1 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 4 सीटों जीती हैं।
-
May 04, 2026 6:31 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
असम की जनता को समर्पित- CM हिमंता
असम चुनावों में भाजपा की जीत पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "यह असम के लिए एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत और क्षण है। मैं इस जीत को असम की जनता को समर्पित करना चाहता हूं क्योंकि उनके समर्थन के बिना यह फैसला संभव नहीं होता।"
-
May 04, 2026 6:03 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पार्टी मुख्यालय पहुंचे BJP अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की है और पश्चिम बंगाल में 200 से ज्यादा सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े से कहीं आगे चल रही है। इस दौरान, बीजेपी मुख्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं भारी जमावड़ा दिखा।
-
May 04, 2026 5:30 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
केरल में बीजेपी नेता वी. मुरलीधरन ने रोड शो निकाला
केरल के कझाक्कुट्टम विधानसभा क्षेत्र में आगे चल रहे बीजेपी नेता वी. मुरलीधरन ने जीत का जश्न मनाया और रोड शो निकाला। इस दौरान, उन्होंने कहा कि तीन सीटों पर हमारी जीत को मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से भारत के विकास के लिए किए गए कार्यों की मान्यता के रूप में देखना चाहता हूं। बीजेपी उम्मीदवारों ने कई सीटों पर अच्छा प्रदर्शन किया है।
-
May 04, 2026 5:00 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
टीवीके कार्यकर्ताओं ने मनाया जोरदार जश्न
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में BJP के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाते हुए पार्टी कार्यकर्ता चेन्नई स्थित टीवीके मुख्यालय के बाहर पटाखे फोड़ रहे हैं। चुनाव में पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। तमिलनाडु की कुल 234 सीटों में से टीवीके 109 सीटों पर आगे चल रही है।
-
May 04, 2026 4:34 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
केरल में UDF की जीत पर दीपेंद्र हुड्डा ने जताई खुशी
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “केरल में कांग्रेस और यूडीएफ दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने तीन राज्यों में सरकार बनाई, वहीं अब यूडीएफ हमारे गठबंधन के जरिए चौथे और एक महत्वपूर्ण राज्य में सरकार बनाने जा रहा है। इसलिए मैं केरल के सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं। मैं केरल के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी शुभकामनाएं और बधाई देता हूं”
-
May 04, 2026 3:45 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
कोलकाता में BJP दफ्तर में मना जश्न
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद कोलकाता में पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया जा रहा है। इस बीच, दो बीजेपी कार्यकर्ता इस जीत की खुशी में पार्टी कार्यालय में फिश करी और चावल खाते हुए दिखाई दिए। बंगाल में बीजेपी की भारी जीत होती दिखाई दे रही है।
-
May 04, 2026 3:18 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
चंड़ीगढ़ में मना बंगाल-असम में BJP की जीत का जश्न
पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी की बढ़त को देखते हुए चंडीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। वीडियो में लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते दिखे। इस दौरान, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई भी खिलाई। हाथ में बीजेपी का झंडा लेकर लोग भांगड़ा करते नजर आए।
-
May 04, 2026 3:00 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
लखनऊ के बीजेपी ऑफिस में चल रहा जश्न
लखनऊ के बीजेपी ऑफिस में जबरदस्त तरीके से बंगाल, असम की जीत का जश्न मनाया जा रहा है। कार्यकर्ता होली खेल रहे हैं, गुलाल चल रहा है, आतिशबाजी हो रही है। एक दूसरे का मुंह मीठा कराया जा रहा है, कार्यकर्ता उत्साहित हैं और कह रहे हैं कि जिस तरीके से पश्चिम बंगाल में जीत मिली है, उत्तर प्रदेश में भी इसी तरीके से 2027 में भगवा लहराएगा।
-
May 04, 2026 2:50 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
असम: जोरहाट से गौरव गोगोई चुनाव हारे
असम विधानसभा चुनाव से जुड़ी एक बड़ी खबर ये है कि असम के जोरहाट से गौरव गोगोई चुनाव हार गए हैं। वह 23182 वोटों से हारे हैं। ये कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि गौरव गोगोई असम में कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक हैं।
-
May 04, 2026 2:42 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केरल में यूडीएफ की बढ़त पर शशि थरूर ने कहा- लोगों ने साफ तौर पर बदलाव की इच्छा जताई
तिरुवनंतपुरम: केरल में यूडीएफ की बढ़त पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "एलडीएफ के 10 साल के कार्यकाल के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर समेत कई कारण हैं। केरल में जो हो रहा है, वह यह है कि रोजगार के अवसरों की कमी के कारण राज्य के युवा दूसरे राज्यों और विदेशों में पलायन कर रहे हैं। अगर हम राज्य में निवेश वापस ला सकें तो यह अच्छा होगा। लोगों ने साफ तौर पर बदलाव की इच्छा जताई है। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में जो हुआ, उसका विश्लेषण करना जरूरी है।"
-
May 04, 2026 2:21 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: कूच बिहार के दिनहाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
कूच बिहार के दिनहाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है, जिसके बाद केंद्रीय बलों के जवानों ने लाठीचार्ज किया। गौरतलब है कि इस बार चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था बहुत सख्त रखी गई थी, जिससे हिंसा के मामले सामने नहीं आएं। इसके बाद भी छिटपुट घटनाएं हुई हैं।
-
May 04, 2026 1:56 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
आसनसोल में बीजेपी–टीएमसी के बीच झड़प
आसनसोल में बीजेपी–टीएमसी के बीच झड़प हुई है। मतगणना केंद्र से 200 मीटर दूर ये झड़प हुई है। हालांकि स्थिति बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
-
May 04, 2026 1:44 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
बंगाल बीजेपी ने सभी कार्यकर्ताओं को दिए खास निर्देश
बंगाल बीजेपी ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि जीत के जश्न में किसी भी टीएमसी नेता के घर ना जाएं। नारेबाजी ना करें। कार्यालय पर ही जीत का जश्न मनाएं।
-
May 04, 2026 1:29 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पुडुचेरी के अभी क्या हैं हालात?
दोपहर एक बजे तक आए चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, AINRC 5 सीटों पर आगे चल रही है। IND 3 सीटों पर आगे चल रही है। बीजेपी एक सीट पर आगे चल रही है। AINRC ने 4 सीटों पर जीत हासिल कर ली है और बीजेपी ने एक सीट पर जीत हासिल कर ली है। एडीएमके ने भी एक सीट हासिल कर ली है।
-
May 04, 2026 1:02 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
भाजपा मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ता मना रहे जश्न
भाजपा मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए हैं और बैंड बज रहा है। जमकर आतिशबाजी हो रही है। बीजेपी की बंगाल में सरकार बनने का रास्ता साफ होने के बाद बीजेपी कार्यकर्ता उत्साहित हैं और जश्न मना रहे हैं।
-
May 04, 2026 12:54 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल के भवानीपुर से TMC उम्मीदवार व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं। यह बीजेपी का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं जहां कोई मेल नहीं है, सेंट्रल फोर्स के जरिए हर तरफ से TMC पर अत्याचार हो रहा है। SIR के जरिए उन्होंने वोट लूटने की कोशिश की और अब भी 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे हैं जिसे बताया नहीं जा रहा। सब गलत बताया जा रहा है। पूरी तरह चुनाव आयोग अपनी इच्छा से काम कर रहा है और उनके साथ सेंट्रल फोर्स भी है। सेंट्रल फोर्स के साथ पुलिस भी काम कर रही है। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को कहती हूं कि मन खराब करने की जरूरत नहीं है, आप सूर्यास्त के बाद जीतेंगे। 2-4 राउंड की गिनती हुई है, 14-18 राउंड तक गिनती होती है, हम जीतेंगे। किसी को डरने की कोई जरूरत नहीं है।'
-
May 04, 2026 12:38 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
यह बीजेपी के लिए बहुत अच्छा परिणाम है: दिप्लू रंजन सरमा
असम के न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार दिप्लू रंजन सरमा ने कहा, 'यह बीजेपी के लिए बहुत अच्छा परिणाम है। अभी तक के रुझान भाजपा के पक्ष में हैं। हमें पूरा भरोसा है कि बड़े जनादेश के साथ हम सरकार बनाएंगे।'
-
May 04, 2026 12:27 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु चुनाव 2026: अभिनेता विजय के परिवार ने मनाया जश्न
टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय के परिवार ने अपने आवास पर सीटी बजाकर जश्न मनाया, क्योंकि पार्टी राज्य में अपनी बढ़त बनाए हुए है। वर्तमान में पार्टी राज्य की कुल 234 सीटों में से 104 सीटों पर आगे चल रही है।
-
May 04, 2026 12:10 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा हिंगलगंज से चल रहीं आगे
आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, मतगणना के 2/19 दौर के बाद, भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा हिंगलगंज विधानसभा क्षेत्र में 2808 वोटों के अंतर से आगे चल रही हैं। वह 2024 के संदेशखाली कांड की पीड़ितों में से एक थीं, जिसमें निलंबित टीएमसी नेता शेख शाहजहां आरोपी थे।
-
May 04, 2026 11:57 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष बोले- मैं रुझानों पर कभी टिप्पणी नहीं करता, अभी 22 राउंड बाकी
टीएमसी नेता और बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा, "अभी सिर्फ 3-5 राउंड की मतगणना हुई है। इस पर टिप्पणी करना अभी उचित नहीं है, क्योंकि अभी लंबा सफर तय करना है। यह अंतिम परिणाम नहीं है। मैं रुझानों पर कभी टिप्पणी नहीं करता। आज भी नहीं करूंगा, क्योंकि मौजूदा रुझान सिर्फ 5-7 राउंड तक ही सीमित है। अभी 22 राउंड बाकी हैं।"
-
May 04, 2026 11:34 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
चुनाव आयोग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार किया
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और फिलहाल 148 सीटों पर आगे चल रही है। मतगणना अभी जारी है।
-
May 04, 2026 11:20 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन पिछड़े
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा सीट से पिछड़ रहे हैं। भारतीय चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, नवगठित तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के सेल्वम डी इस सीट पर 1244 से अधिक वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 10:54 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF गठबंधन बहुमत के आगे
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF गठबंधन बहुमत के आगे निकल चुका है। 10 साल से सत्ता में रही लेफ्ट की मुश्किलें बढ़ रही हैं। वहीं बीजेपी भी केरल में अपनी उपस्थिति बढ़ाती नजर आ रही है।
कांग्रेस दफ्तर के पास ढोल नगाड़ों के साथ जश्न का माहौल है। -
May 04, 2026 10:34 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
असम में कांग्रेस के बुरे हाल
असम में कांग्रेस के बुरे हाल नजर आ रहे हैं। अभी तक आए रुझानों में कांग्रेस बहुत पीछे चल रही है। हालात ये हैं कि कांग्रेस के प्रमुख नेता गौरव गोगोई अपनी सीट पर भी पीछे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 10:26 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कुणाल घोष पीछे
उत्तर कोलकाता के बेलेघाटा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कुणाल घोष पीछे चल रहे हैं। उत्तर कोलकाता के श्याम पुकुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार शशि पजा पीछे चल रही हैं।
-
May 04, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केरल में कांग्रेस को हुआ फायदा, UDF बहुत आगे
केरल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को फायदा हुआ है और वह जीतती हुई नजर आ रही है। दरअसल कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने 89 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। बता दें कि यहां 140 सीटों पर विधानसभा चुनाव हुए थे। ऐसे में यूडीएफ बहुमत के आंकड़े को पार करता हुआ दिख रहा है।
-
May 04, 2026 10:01 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु में सुपरस्टार विजय की आंधी, TVK 102 सीटों पर आगे
तमिलनाडु में सुपरस्टार विजय की आंधी आ गई है। यहां TVK 102 सीटों पर आगे चल रही है। तमिलनाडु की सियासत में ये रुझान सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
-
May 04, 2026 9:56 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल के खड़कपुर से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष आगे
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़कपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष आगे चल रहे हैं। उत्तर 24 परगना जिले के बागदा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सोमा ठाकुर आगे चल रही हैं। मालदा जिले के मलतीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर आगे चल रही हैं।
-
May 04, 2026 9:51 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
आसनसोल से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल आगे
पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल साउथ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल आगे चल रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले के बागदा विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर आगे चल रही हैं।
उत्तर कोलकाता के चौरंगी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और टीएमसी सांसद सुदीप बनर्जी की पत्नी नयना बनर्जी आगे चल रही हैं। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़कपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष आगे चल रहे हैं। -
May 04, 2026 9:43 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे
उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे चल रहे हैं। नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से अर्जुन सिंह आगे चल रहे हैं। भाटपाडा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार और अर्जुन सिंह के बेटे पवन सिंह आगे चल रहे हैं। इसके अलावा कोचबिहार जिला के माथाभंगा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार निशित प्रामाणिक आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 9:37 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बनाई बढ़त
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। कांग्रेस गठबंधन ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई है। अन्य ने 2 सीटों पर बढ़त हासिल की है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है।
-
May 04, 2026 9:30 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: रुझानों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा- हिंदू बूथ पर बीजेपी जीत रही है
रुझानों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि हिंदू बूथ पर बीजेपी जीत रही है। टीएमसी को 100 से ज्यादा सीटें नहीं आएंगी। बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी। मालदा-मुर्शिदाबाद में मुसलमान बंटा है। बता दें कि अभी तक के रुझानों में पश्चिम बंगाल में बीजेपी 158 सीटों पर आगे है और टीएमसी 119 सीटों पर आगे है।
-
May 04, 2026 9:25 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी आगे, बरहमपुर से अधीर रंजन आगे
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। बरहमपुर से अधीर रंजन आगे हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली आगे चल रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 9:21 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु में दोनों सीटों पर सुपरस्टार विजय आगे
तमिलनाडु में दोनों सीटों पर सुपरस्टार विजय आगे चल रहे हैं। टीवीके 54 सीटों पर आगे चल रही है। तमिलनाडु की सियासत में नई एंट्री मारने वाली टीवेके इतनी बढ़त हासिल कर लेगी, ये किसी ने नहीं सोचा था। अगर ये बढ़त जारी रही तो सरकार बनाने में टीवीके की अहम भूमिका हो सकती है।
-
May 04, 2026 9:12 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
कोलकाता पोर्ट सीट से फिरहाद हकीम पीछे
कोलकाता पोर्ट सीट पर शुरुआती रुझानों में तृणमूल के फिरहाद हकीम पीछे चले गए हैं और बीजेपी के राकेश सिंह आगे चल रहे हैं। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से जारी है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बढ़त बना ली है और टीएमसी उससे पीछे चल रही है।
-
May 04, 2026 9:11 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथूर सीट पर पीछे, बेटे भी पिछड़े
रुझानों में कोलाथूर से मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पीछे चल रहे हैं। स्टालिन के बेटे भी अपनी सीट से पीछे चल रहे हैं। इससे राज्य के सियासी गलियारों में हड़कंप चल रहा है।
-
May 04, 2026 9:01 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु चुनाव: बड़ी खिलाड़ी बन सकती है TVK, 48 सीटों पर आगे
शरुआती रुझानों में टीवीके ने बड़ी बढ़त हासिल की है। टीवेके 48 सीटों पर आगे है, जोकि राज्य में सरकार बनाने में अहम कड़ी साबित हो सकती है।
-
May 04, 2026 8:56 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
रुझानों में पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन को फायदा
प्रारंभिक रुझानों से संकेत मिलता है कि पुडुचेरी में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को फायदा हो सकता है। गौरतलब है कि पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को चुनाव हुए थे।
-
May 04, 2026 8:50 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: शुरुआती रुझानों में भाजपा चल रही आगे, TMC पीछे
बहरामपुर, जहां से अधीर रंजन लड़ रहे चुनाव, वहां से कांग्रेस आगे चल रही है। रघुनाथगंज, फरक्का से TMC आगे चल रही है। बंगाल- बगदा, गायघाटा से भाजपा आगे है। भगवानगोला से TMC आगे चल रही है। पश्चिम
-
May 04, 2026 8:45 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
भवानीपुर से शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी पीछे
भवानीपुर से शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं। शुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। इसे बंगाल की सियासत में एक बड़ी घटना माना जा रहा है। अगर ममता इस सीट पर पिछड़ जाती हैं तो उनकी राजनीतिक साख पर काफी प्रभाव पड़ेगा।
-
May 04, 2026 8:42 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में डीएमके गठबंधन ने बनाई बढ़त
तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में डीएमके गठबंधन ने बढ़त बनाई है। वह 39 सीटों पर आगे है। एआईडीएमके+ 11 सीटों पर आगे है। टीवीके+ 12 सीटों पर आगे है। गौरतलब है कि इस बार के चुनाव में टीवीके भी मुकाबले में है।
-
May 04, 2026 8:40 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केरल के शुरुआती रुझानों में यूडीएफ ने बनाई बढ़त
केरल के शुरुआती रुझानों में एलडीएफ और यूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। जहां यूडीएफ 31 सीटों पर आगे है, वहीं एलडीएफ 39 सीटों पर आगे है। बीजेपी+ 2 सीटों पर आगे है।
-
May 04, 2026 8:38 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
असम के शुरुआती रुझानों में भी बीजेपी आगे
असम के शुरुआती रुझानों में भी बीजेपी गठबंधन आगे चल रहा है और वह 58 सीटों पर आगे है। कांग्रेस गठबंधन 14 सीटों पर आगे है। अन्य के पास 2 सीटें हैं।
-
May 04, 2026 8:34 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बनाई शानदार बढ़त, टीएमसी हुई पीछे
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने शानदार बढ़त बनाई है। रुझानों में बीजेपी 90 सीटों पर आगे चल रही है और टीएमसी 60 सीटों पर आगे है। इस रुझान को देखकर बीजेपी के लोग खुश नजर आ रहे हैं। इस बार बीजेपी ने बंगाल चुनाव में अपनी पूरी ताकत भी झोंक दी थी।
-
May 04, 2026 8:23 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बोले- तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, "व्यवस्था हर जगह एक जैसी है, कोई संवेदनशील या गैर-संवेदनशील मतगणना केंद्र नहीं है। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। सीएपीएफ के अलावा, सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात है। सभी प्रकार की व्यवस्थाएं पूरी हैं। कोई समस्या नहीं है।"
-
May 04, 2026 8:16 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केरल के शुरुआती रुझानों में एलडीएफ को बढ़त
केरल के भी शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं। यहां 27 सीटों में से 15 सीटों पर डीएमके गठबंधन आगे चल रहा है। यूडीएफ 10 सीटों पर और बीजेपी 2 सीटों पर आगे चल रही है। शुरुआती रुझानों में ही डीएमके गठबंधन ने बड़ी बढ़त बनाई है।
-
May 04, 2026 8:13 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु के शुरुआती रुझान सामने आए, डीएमके ने 3 सीटों पर बनाई बढ़त
तमिलनाडु के भी 5 सीटों पर शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं। यहां डीएमके ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई है और एआईडीएमके ने 1 सीट पर बढ़त बनाई है। टीवेके ने भी एक सीट पर बढ़त बनाई है।
-
May 04, 2026 8:11 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार बोले- हम बहुत ही आराम से जीत हासिल करने जा रहे
सिलीगुड़ी के मेयर और सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार गौतम देब ने कहा, "मेरी पार्टी राज्य स्तर पर बहुत ही आराम से जीत हासिल करने जा रही है। सिलीगुड़ी मेरा गृह नगर है, मेरी मातृभूमि है। मैंने अपना पूरा जीवन सिलीगुड़ी के विकास के लिए समर्पित कर दिया है। मैं यहां से पहली बार चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने पूरी ईमानदारी, गरिमा और निष्ठा के साथ काम किया है। मुझे उम्मीद है कि सिलीगुड़ी के लोग भारी संख्या में मेरा समर्थन करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आएगी।"
-
May 04, 2026 8:09 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा- यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा
BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पहले दिन जो कहा था, आज भी हमारी उम्मीद वही है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं, बल्कि जनता की उम्मीद है। यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह एक ऐसा चुनाव है जिसमें लोगों ने TMC को नकार दिया है। कुछ ही घंटों में, BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।”
-
May 04, 2026 8:09 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
असम से भी पहला रुझान सामने आया, बीजेपी आगे
असम से भी काउंटिंग के बाद पहला रुझान सामने आया है। यहां 4 सीटों के रुझान सामने आए हैं और चारों पर बीजेपी आगे चल रही है। कांग्रेस ने अभी तक किसी भी सीट पर बढ़त नहीं बनाई है।
-
May 04, 2026 8:05 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल से सबसे पहला रुझान सामने आया, बीजेपी 8 सीटों पर और टीएमसी 4 सीटों पर आगे
पश्चिम बंगाल से सबसे पहला रुझान सामने आ गया है। नॉर्थ बंगाल से पहला ट्रेंड सामने आया है। चोपड़ा, इस्लामपुर से टीएमसी आगे चल रही है और माथाबांगा-अलीपुरद्वार से बीजेपी आगे चल रही है। शुरुआत में 12 सीटों के रुझान सामने आए हैं, जिसमें बीजेपी 8 सीटों पर आगे है और टीएमसी 4 सीटों पर आगे है।
-
May 04, 2026 8:01 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
वोटों की गिनती शुरू हुई
5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई। कुछ ही देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे। ये देखना दिलचस्प होगा कि शुरुआती रुझानों में कौन-कौन सी पार्टियां बढ़त बनाती हैं।
-
May 04, 2026 7:57 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
केरल में त्रिध्रुवीय चुनाव देखने को मिलेगा- पी.के. कृष्णदास
केरल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी.के. कृष्णदास ने कहा, "हमें अच्छी उम्मीदें हैं। इस चुनाव में हम 140 में से कई सीटें जीतेंगे। हमें इस चुनाव पर पूरा भरोसा है। इस चुनाव के बाद, केरल की राजनीति में एनडीए निर्णायक भूमिका निभाएगा। वर्तमान में, केरल में द्विध्रुवीय राजनीति है, एक तरफ एलडीएफ और दूसरी तरफ यूडीएफ। लेकिन इस चुनाव में, केरल में त्रिध्रुवीय चुनाव देखने को मिलेगा..."
-
May 04, 2026 7:55 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
बिजली कटना चुनाव आयोग के हाथ में नहीं- मुख्य चुनाव अधिकारी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा- "बिजली कटना चुनाव आयोग के हाथ में नहीं है। यह बिजली विभाग का काम है। मैंने बिजली विभाग से लगातार बिजली सप्लाई देने का अनुरोध किया है। जनरेटर भी उपलब्ध हैं, इसलिए कोई दिक्कत नहीं होगी।"
-
May 04, 2026 7:54 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है- मुख्य चुनाव अधिकारी
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के वोटों की गिनती से पहले, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, "हर जगह इंतज़ाम एक जैसे हैं; कोई भी काउंटिंग सेंटर संवेदनशील या गैर-संवेदनशील नहीं है... यहाँ तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। CAPF के अलावा, सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात है। हर तरह के इंतज़ाम किए गए हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।"
-
May 04, 2026 7:53 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
BJP अच्छे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी- दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "...यहाँ के लोग बदलाव चाहते हैं। BJP अच्छे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी... बंगाल में पहले कानून-व्यवस्था नहीं थी। जब से चुनाव आयोग ने सारी बागडोर अपने हाथों में ली है, जिस तरह शांतिपूर्ण चुनाव हुए हैं, वैसे ही वोटों की गिनती भी होगी और वैसे ही नई सरकार भी शपथ लेगी।"
-
May 04, 2026 7:52 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
देश में भारत माता की जय के जयघोष गूंजेंगे- केशव प्रसाद मौर्या
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा- "आज पूरे देश में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के जयघोष गूंजेंगे। राष्ट्रहित सर्वोपरि है, तुष्टिकरण और घुसपैठ की राजनीति करने वाले स्वाभाविक रूप से बेचैन होंगे। जनता विकास, सुरक्षा और आत्मगौरव के साथ खड़ी है। जय भाजपा, तय भाजपा।"
-
May 04, 2026 7:49 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा- यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा
BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पहले दिन जो कहा था, आज भी हमारी उम्मीद वही है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं, बल्कि जनता की उम्मीद है। यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह एक ऐसा चुनाव है जिसमें लोगों ने TMC को नकार दिया है। कुछ ही घंटों में, BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।”
-
May 04, 2026 7:41 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल बोलीं- एक सुनामी आने वाली है
आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल कहती हैं, "एक सुनामी आने वाली है। बंगाल की जनता ने 92% मतदान करके एक सुनामी को न्योता दिया है; इसके खिलाफ खड़े सभी नेता उड़ जाएंगे।" गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने इस बार जोरदार प्रचार अभियान चलाया था।
-
May 04, 2026 7:36 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
असम विधानसभा चुनाव 2026: स्ट्रांग रूम में विभिन्न राजनीतिक दलों के मतगणना प्रतिनिधियों का पहुंचना जारी
गुवाहाटी: गुवाहाटी के मनीराम दीवान ट्रेड सेंटर स्थित कामरूप (मेट्रो) जिले के अंतर्गत आने वाली पांच विधानसभा विधानसभाओं के स्ट्रांग रूम में विभिन्न राजनीतिक दलों के मतगणना प्रतिनिधि पहुंचने लगे हैं। 126 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
-
May 04, 2026 7:27 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर को 100 फीसदी जीत मिलने की उम्मीद
एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर ने कहा है कि हम शत प्रतिशत जीतेंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। बता दें कि हुमायू कबीर वही नेता हैं, जिन्होंने अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के विरोध में 6 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद बनाने का ऐलान किया था।
-
May 04, 2026 7:21 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह बोले- काफी जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को डराया गया
नोआपाड़ा से बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि काफी जगह पर कल रात को डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता को डराया गया ताकि वह काउंटिंग सेंटर तक ना पहुंच पाएं! पुलिस, टीएमसी की दलाली कर रही है!ममता बनर्जी का आरोप सही नहीं है। उनके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई है इसीलिए ममता बनर्जी बेकार आरोप लगा रही हैं!
-
May 04, 2026 7:11 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
कोलकाता: पेन भी अंदर नहीं ले जाने दे रहे, टीएमसी ने लगाए आरोप
कोई भी पेन या कोई चीज जिसमें कैमरा हो सकता है, उसको मतगणना केंद्र के अंदर नहीं ले जाने दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर हंगामा भी हुआ था। पेन बाहर रखवा लिया जा रहा है। TMC के एक कार्यकर्ता का कहना है, "वे हमें फाइलें या पेन अंदर ले जाने की इजाज़त नहीं दे रहे हैं, लेकिन BJP के पोलिंग एजेंटों को उन्हें अंदर ले जाने की अनुमति है। नियम सभी के लिए एक जैसे होने चाहिए। हम ममता बनर्जी के लोग हैं। इससे बड़ी कोई पहचान नहीं है।"
-
May 04, 2026 7:02 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
कोलकाता: CPI(M) के उम्मीदवार बिकाश रंजन भट्टाचार्य बोले- इस बार वामपंथी दलों ने अच्छा प्रदर्शन किया
मतगणना से पहले, जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र से CPI(M) के उम्मीदवार बिकाश रंजन भट्टाचार्य ने कहा, "आज परिणाम का दिन है। मुझे उम्मीद है कि इस बार वामपंथी दलों ने अच्छा प्रदर्शन किया होगा। बदलाव होना चाहिए। आम जनता सरकार से नाराज है। देखते हैं परिणाम क्या होता है।"
-
May 04, 2026 6:55 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केरल: कजाहकूटम से भाजपा उम्मीदवार बोले- फैसला एनडीए-भाजपा गठबंधन के पक्ष में होगा
तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के मतगणना से पहले, कज़ाहकूटम से भाजपा उम्मीदवार वी मुरलीधरन ने कहा, "मुझे विश्वास है कि लोग स्थिति को समझेंगे और केरल को देश के बाकी हिस्सों के साथ विकसित करने की आवश्यकता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएंगे। मुझे उम्मीद है कि जनता सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगी और एनडीए-भाजपा गठबंधन के पक्ष में फैसला सुनाएगी।"
-
May 04, 2026 6:46 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
कोलकाता: मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी और भाजपा के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी
कोलकाता के भाबानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी और भाजपा के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। गौरतलब है कि राज्य की 293 सीटों के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
-
May 04, 2026 6:41 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
कोलकाता में बाहरी गाड़ियों को नहीं दिया जा रहा स्पेस
कोलकाता में चुनाव के नतीजों को ध्यान में रखते हुए कई जगह रोड्स ब्लॉक कर दी गई हैं। बाहरी गाड़ियों को स्पेस नहीं दिया गया है। यहां कई कॉलोनियों के बाहर बैरिकेड लगाया गया है। कोई हंगामा नहीं हो, उसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था बहुत कड़ी कर दी गई है।
-
May 04, 2026 6:38 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भारी सुरक्षा व्यवस्था
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के आज नतीजे सामने आ जाएंगे। ऐसे में चेन्नई के लोयोला कॉलेज में स्थापित मतगणना केंद्र पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां आज कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जाएगी।
-
May 04, 2026 6:33 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव: सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुडुचेरी के मोतीलाल नेहरू सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां आज कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
-
May 04, 2026 6:27 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल चुनाव में इस बार कम हुई हिंसा
इस बार पश्चिम बंगाल के चुनाव में हिंसा के मामले बहुत कम सामने आए। हाल के दशकों में राज्य के चुनावी इतिहास में पहली बार कोई मौत नहीं हुई है। ये राज्य में बीस सालों में आयोजित होने वाला पहला चुनाव था, जो व्यापक, हालांकि विवादास्पद, मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के बाद हुआ, जिसमें 90 लाख से अधिक मतदाताओं को हटाया गया था।
-
May 04, 2026 6:15 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
पश्चिम बंगाल: राज्य के 77 केंद्रों पर मतगणना होगी, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था
आज राज्य के 77 केंद्रों पर मतगणना होगी। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक गहमागहमी से भरे माहौल में 294 सीटों वाली विधानसभा में से 293 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में "बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन" का हवाला देते हुए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव रद्द कर दिए।
-
May 04, 2026 5:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
असम में कांग्रेस ने उतारे सबसे ज्यादा उम्मीदवार
असम में मतदान 9 अप्रैल को हुआ था और इस बार 85.96 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। कुल 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उम्मीदवारों की बात करें तो कांग्रेस के सबसे ज्यादा 99 उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने 90 उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा AIUDF के 30, असम गण परिषद के 26 और बोडो पीपुल्स फ्रंट के 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। विपक्षी गठबंधन में भी कई पार्टियां शामिल हैं। रायजोर दल ने 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद ने 10 सीटों पर, CPM ने 3 सीटों पर और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा है।
-
May 04, 2026 5:55 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
बंगाल में BJP और TMC में कड़ी टक्कर की उम्मीद
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है। वहीं बीजेपी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही है। दूसरी तरफ CPM और कांग्रेस, 2021 में मिली करारी हार के बाद इस बार अपनी स्थिति सुधारना चाहती हैं। इसके अलावा कुछ छोटी पार्टियां भी चुनाव मैदान में हैं। इनमें हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM शामिल हैं, जो कुछ खास इलाकों में अपनी किस्मत आजमा रही हैं।
-
May 04, 2026 5:50 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
असम में CAPF की 25 कंपनियां तैनात
असम में सुरक्षा के लिए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। मतगणना केंद्रों और स्ट्रॉन्गरूम की सुरक्षा के लिए CAPF की 25 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें हर कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं। इसके अलावा 2 और कंपनियों को रिजर्व में रखा गया है। राज्य सशस्त्र पुलिस की 93 कंपनियां भी अलग-अलग जिलों में तैनात की गई हैं।
-
May 04, 2026 5:44 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
असम में NDA को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद
असम में बीजेपी के नेतृत्व वाला NDA लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद कर रहा है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 35 जिलों के 40 केंद्रों पर होगी। इन केंद्रों पर रखी गई EVM मशीनों को खोला जाएगा और मतों की गिनती शुरू की जाएगी।
-
May 04, 2026 5:40 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
बंगाल में हुआ था रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान
पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए 77 केंद्रों पर वोटों की गिनती होगी। मतगणना से पहले ही राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी, दोनों ने वोटों में गड़बड़ी की आशंका जताई है। पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में चुनाव हुए थे, जो 29 अप्रैल को खत्म हुए। इस बार रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ, जो अब तक का सबसे ज्यादा है।
-
May 04, 2026 5:36 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
निर्वाचन आयोग ने लागू की है नई व्यवस्था
निर्वाचन आयोग ने इस बार मतगणना केंद्रों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। पहली बार ECINET सिस्टम के जरिए क्यूआर कोड वाले फोटो पहचान पत्र बनाए गए हैं, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति अंदर प्रवेश न कर सके।
-
May 04, 2026 5:29 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
आज सुबह 8 बजे से पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, इसके बाद EVM के सील खोले जाएंगे और वोटों की गिनती शुरू होगी। शुरूआत में रुझान आने लगेंगे, और कुछ ही मिनट बात स्थिति स्पष्ट होने लगेगी। माना जा रहा है कि दोपहर होते-होते तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी कि पांचों राज्यों में ऊंट किस करवट बैठने वाला है।
-
May 03, 2026 11:59 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
तमिलनाडु में 62 केंद्रों पर होगी मतगणना
तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने बताया कि राज्य भर में 62 निर्धारित मतगणना केंद्रों पर मतगणना के लिए एक व्यापक त्रिस्तरीय सुरक्षा योजना सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतगणना ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और सूक्ष्म पर्यवेक्षकों और पुलिस सहित लगभग 1.25 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है। ईवीएम के लिए 234 मतगणना हॉल की व्यवस्था की गई है। डाक मतपत्रों और इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजे गए डाक मतपत्रों (ईटीपीबी) की गिनती के लिए अतिरिक्त 240 हॉल निर्धारित किए गए हैं। मतगणना कार्य के लिए कुल 10,545 मतगणना कर्मियों को तैनात किया गया है, जिन्हें 4,624 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों का सहयोग प्राप्त है। निर्वाचन आयोग ने मतगणना प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 234 मतगणना पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया है।
-
May 03, 2026 11:50 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
बीजेपी उम्मीदवार जॉर्ज को बड़े अंतर से जीत की उम्मीद, एक करोड़ रुपये की शर्त लगाई
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केरल विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार पी.सी.जॉर्ज ने कहा कि वह पूंजर सीट से अपनी शानदार जीत को लेकर आश्वस्त हैं और एक करोड़ रुपये की शर्त लगाने को तैयार हैं। जॉर्ज ने पड़ोसी पाला निर्वाचन क्षेत्र में अपने बेटे शोन जॉर्ज की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि अगली विधानसभा में दोनों एक साथ सदन में प्रवेश करेंगे। उन्होंने दावा किया कि राजीव चंद्रशेखर के नेतृत्व में भाजपा केरल में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करेगी और किसी भी पार्टी को चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा। उन्होंने अनुमान जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में लगभग 11 सीट जीतेगा।
-
May 03, 2026 11:40 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
ममता ने भवानीपुर के मतगणना एजेंटों के साथ बैठक की
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार शाम भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी पार्टी के मतगणना एजेंटों के साथ बैठक की। बनर्जी इस सीट से इस बार भी उम्मीदवार हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने से कुछ घंटे पहले यह बैठक हुई। भवानीपुर में बनर्जी का मुख्य मुकाबला भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से है, जिन्होंने 2021 में नंदीग्राम सीट पर उन्हें हराया था। मुख्यमंत्री के कालीघाट स्थित आवास पर हुई इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम समेत कई नेता मौजूद रहे।
-
May 03, 2026 11:11 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
असम में 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा
असम की 126 विधानसभा सीट पर 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा, जिसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर ईवीएम खोली जाएंगी। उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं। नगांव जिले में मतगणना तीन अलग-अलग केंद्रों पर होगी, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केंद्रों पर मतगणना होगी। मतगणना केंद्रों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) वाले 'स्ट्रॉन्ग रूम' की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 25 कंपनियां तैनात की गई हैं।
-
May 03, 2026 10:48 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
VVPAT पेपर पर्चियां मोक पोल की हैं-ज़िला निर्वाचन अधिकारी
उत्तरी 24 परगना के ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने ट्वीट किया, "जांच करने पर यह पाया गया है कि दिखाई गई VVPAT पेपर पर्चियां मतदान के दिन से पहले किए गए एक मॉक पोल से संबंधित हैं, न कि मतदान के दिन हुए वास्तविक मतदान से। इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, और सत्यापन तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करा दी गई है।"
-
May 03, 2026 9:45 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
केरल में बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत-BJP प्रवक्ता
केरल विधानसभा चुनाव को लेकर BJP प्रवक्ता KVS हरिदास ने कहा, "इस बार केरल में BJP को काफी उम्मीदें हैं। NDA को नई विधानसभा में बड़ी संख्या में MLA मिलने की उम्मीद है। हम 1982 से BJP के बैनर तले चुनाव लड़ रहे हैं। हर बार लोग UDF और LDF में से 'कम बुरा' विकल्प चुनते रहे हैं। अब उन्हें एक तीसरी ताकत मिल गई है, जो 2024 में तब साफ दिखी जब सुरेश गोपी ने त्रिशूर लोकसभा सीट से जीत हासिल की। राज्य में एक ऐसी लहर चल रही है जो UDF और LDF, दोनों के ही खिलाफ है। मुझे पूरा भरोसा है कि यह राज्य में एक और बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होगी।"
-
May 03, 2026 9:09 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पश्चिम बंगाल: उत्तर 24 परगना जिले में VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिलीं
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती से ठीक एक दिन पहले उत्तर 24 परगना के नोआपारा विधानसभा के बूथ नंबर 29 की VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिलीं। मध्यमग्राम विधानसभा की इछापुर नीलगांज पंचायत के सुभाषनगर में ये पर्चियां मिली।इस सीट से CPIM की उम्मीदवार गार्गी चटर्जी और पुलिस मौके पर पहुंची। इस सीट से TMC के त्रिनांकुर भट्टाचार्य और BJP के अर्जुन सिंह भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
-
May 03, 2026 8:49 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
तमिलनाडु के रानीपेट में मतगणना की तैयारियां जारी
तमिलनाडु: रानीपेट ज़िले में वोटों की गिनती की तैयारियां चल रही हैं। वोटों की गिनती का काम वालजापेट में अरिगनार अन्ना सरकारी महिला कला कॉलेज के अंदर बनाए गए खास केंद्रों पर होगा, जहां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से लाई गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें क्षेत्र के हिसाब से रखी जा रही हैं।
ज़िला चुनाव अधिकारी और ज़िला कलेक्टर चंद्रकला ने गिनती केंद्र पर चल रही तैयारियों का जायज़ा लिया। अपने दौरे के दौरान, उन्होंने अराकोनम, शोलिंगुर, रानीपेट और आरकोट विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी अधिकारियों के साथ वोटों की गिनती के दौरान अपनाए जाने वाले नियमों और प्रक्रियाओं पर चर्चा की।
-
May 03, 2026 8:18 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
यूडीएफ के पक्ष में रिजल्ट आएगा:शशि थरूर
तिरुवनंतपुरम: एग्जिट पोल में यूडीएफ को बढ़त मिलने के सवाल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हमारे देश में एग्जिट पोल में कई तरह की खामियां होती हैं, इसलिए मैं इन पर पूरी तरह भरोसा नहीं करना चाहता। हालांकि, यह दिलचस्प है कि सभी एग्जिट पोल एक जैसी राय दे रहे हैं और एकमत नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल से अब तक जिन विशेषज्ञों, पत्रकारों, पर्यवेक्षकों और विभिन्न दलों के राजनीतिक विश्लेषकों से उनकी बात हुई है, सभी का मानना है कि यह चुनाव यूडीएफ के पक्ष में जाएगा। थरूर ने कहा कि अगर नतीजे इसके उलट आते हैं तो यह हैरान करने वाला होगा। उन्होंने कहा कि अब सभी को कल सुबह आने वाले नतीजों का इंतजार है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि सुबह के मध्य तक यूडीएफ के पक्ष में एक स्पष्ट और मजबूत तस्वीर सामने आ जाएगी।
-
May 03, 2026 7:30 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
बंगाल में मतगणना के लिए तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था : CEO
पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा के लिए तीन-स्तरीय व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस, राज्य सशस्त्र पुलिस और CAPF तैनात रहेंगे। सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। मतगणना हॉल के बाहर CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। सभी जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। यदि कोई लापरवाही होती है, तो कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा बलों, CAPF को सभी को निर्देश दे दिए गए हैं।"
-
May 03, 2026 7:01 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
4 मई, 2026 को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती को देखते हुए, सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेन्नई शहर में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
-
May 03, 2026 6:30 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
आसनसोल में स्ट्रांग रूम के पास हड़कंप, सीलबंद लिफाफे में मिला स्विच ऑफ मोबाइल
पश्चिम बंगाल के आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम परिसर के पास उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब एक संदिग्ध गाड़ी से सीलबंद लिफाफे के अंदर एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन बरामद किया गया। गाड़ी पर रानीगंज विधानसभा केंद्र संख्या 278 लिखा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही यह गाड़ी स्ट्रांग रूम परिसर में प्रवेश करने लगी, वहां मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने संदेह के आधार पर उसे रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर एक सीलबंद लिफाफा मिला। जब उस लिफाफे को खोला गया, तो उसमें रानीगंज विधानसभा केंद्र से संबंधित कुछ दस्तावेजों के साथ एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन पाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने जब चुनाव अधिकारी से इस बारे में सवाल किया कि सीलबंद लिफाफे के अंदर मोबाइल फोन कैसे मौजूद है, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। अधिकारी ने खुद को इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभारी बताया, लेकिन वह यह स्पष्ट नहीं कर सके कि लिफाफे में मोबाइल फोन कैसे आया। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
-
May 03, 2026 6:05 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से होगी वोटों की गिनती-सीईओ
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, "वोटों की गिनती निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से की जाएगी। हम पूरी तरह से तैयार हैं; कहीं भी कोई अशांति नहीं होगी। कल वोटों की गिनती शांतिपूर्ण ढंग से होगी।"
-
May 03, 2026 5:36 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
केरल में 43 जगहों पर बनाए गए काउंटिंग सेंटर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने कहा कि राज्य के सभी 140 विधानसभा क्षेत्रों में 43 स्थानों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी, उसके 30 मिनट के अंतराल के बाद ईवीएम के मतों की गिनती की जाएगी। उन्होंने कहा कि चरण-वार मतगणना आंकड़ा निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप्लिकेशन और आधिकारिक पोर्टल पर वास्तविक समय में अपलोड किया जाएगा।
-
May 03, 2026 5:04 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
असम में कांग्रेस ने 70 सीटें जीतने का किया दावा
असम कांग्रेस के सहप्रभारी मनोज चौहान ने दावा किया है कि कांग्रेस 70 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल और खबरों के जरिए असम में फर्जी माहौल बनाया जा रहा है। फर्जी एग्जिट पोल हमारे कार्यकर्ताओं के मनोबल को नहीं झुका सकते। (ऱिपोर्ट-शोएब रजा)
-
May 03, 2026 4:46 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्रों को शामिल करने के बाद केरल में मतदान प्रतिशत बढ़ा : CEO
केरल में नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्रों को शामिल करने के बाद मतदान प्रतिशत बढ़कर तकरीबन 79.70 प्रतिशत हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने रविवार को यह जानकारी दी। केलकर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 79.63 प्रतिशत रहा, जिसमें सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्र शामिल नहीं हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सेवा क्षेत्र के मतदाताओं को 53,984 डाक मतपत्र जारी किए गए थे, जिनमें से एक मई तक 20,028 मतपत्र प्राप्त हो चुके थे। उन्होंने कहा, ''सेवा मतदाता मतगणना शुरू होने से पहले तक डाक मतपत्र जमा कर सकते हैं। हमने डाक विभाग को निर्देश दिया है कि सेवा मतदाताओं से प्राप्त डाक मतपत्र बिना किसी देरी के निर्वाचन अधिकारियों को सौंप दिए जाएं। इनमें शनिवार, रविवार और छुट्टियों के दिन प्राप्त मतपत्र भी शामिल हैं।'' केलकर ने कहा कि सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्रों की प्राप्ति से मतदान प्रतिशत में 0.07 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ''सेवा मतदाताओं के आंकड़ों को शामिल करने के बाद वर्तमान मतदान प्रतिशत अस्थायी रूप से बढ़कर 79.70 प्रतिशत हो गया है।''
-
May 03, 2026 3:59 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
तमिलनाडु में काउंटिंग की तैयारियां पूरी
तमिलनाडु में काउंटिंग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यहां 23 अप्रैल को विधानसभा की कुल 234 सीटों के लिए मतदान हुआ था। सोमवार सुबह से काउंटिंग शुरू हो जाएगी। इस विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 84.80 प्रतिशत वोटिंग हुई।
-
May 03, 2026 3:29 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पश्चिम बंगाल चुनाव:काउंटिंग से पहले शुभेंदु अधिकारी का बड़ा आरोप
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा-' मेरे संज्ञान में यह बात आई है कि मतगणना के दिन की ड्यूटी के लिए तैनात कई अधिकारी कथित तौर पर अपनी ड्यूटी से जुड़ी खास जानकारी, तैनाती की जगह और पदनाम अपने-अपने विभागीय संगठनों और संघों को बता रहे हैं। मुझे यह जानकारी मिली है कि कुछ स्प्रेडशीट और सूचियां सर्कुलेट की जा रही हैं, जिनमें अधिकारी अपनी मर्ज़ी से या किसी दबाव में आकर अपनी चुनावी ड्यूटी की जानकारी भर रहे हैं; इसमें मतगणना प्रक्रिया के दौरान उनकी खास भूमिकाओं का विवरण भी शामिल है। यह चुनावी नियमों का एक गंभीर उल्लंघन है।"
-
May 03, 2026 2:54 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
4 मई को आएंगे 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को सामने आ जाएंगे। सुबह से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और शाम तक ये स्थिति साफ हो जाएगी कि किस राज्य में किस पार्टी को जीत हासिल हुई है। इस बार के चुनाव बेहद दिलचस्प हुए हैं। कई राज्यों में वोटिंग प्रतिशत भी सुधरा है।