निर्वाचन आयोग की एक सीनियर टीम इन दिनों आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मणिपुर पहुंची हुई है। चुनाव आयोग की प्लानिंग अगले साल की शुरुआत में मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में विधानसभा चुनाव कराने की है। सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर्स की लीडरशिप में यह टीम चुनाव वाले राज्यों का दौरा कर रही है।
पंजाब, गोवा और यूपी भी जाएगी चुनाव आयोग की टीम
इसके बाद, चुनाव कार्यक्रम के ऐलान से पहले पूरा निर्वाचन आयोग इन राज्यों का दौरा करेगा। चुनाव आयोग के अफसर उत्तराखंड का दौरा पहले ही कर चुके हैं, जबकि पंजाब में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए 28 अक्टूबर को दौरा निर्धारित है। गोवा का विजिट भी प्रस्तावित था, लेकिन अब उसकी तारीखों में परिवर्तन किया जा रहा है। उधर, यूपी में अफसरों के दौरे को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। यूपी विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 मई को खत्म होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा के 403 सदस्यों के लिए चुनाव होना है।
चुनाव आयोग के पास है 6 महीने पहले चुनाव कराने की ताकत
जान लें कि मणिपुर विधानसभा के 60, गोवा विधानसभा के 40, पंजाब विधानसभा के 117 और उत्तराखंड विधानसभा के 70 सदस्यों को चुनाव जाना है। इनका कार्यकाल मार्च, 2027 में अलग-अलग तारीखों को खत्म हो रहा है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के मुताबिक, चुनाव आयोग को विधानसभा का 'कार्यकाल खत्म होने से 6 महीने से भी पहले चुनाव कराने की अनुमति है'।
अगले साल की शुरुआत में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
जान लें कि चुनाव आयोग ने हाल में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वार्षिक विशेष सारांश पुनरीक्षण यानी SSR का ऐलान करते वक्त इन राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को सूचित किया था कि इन 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव 'अगले साल की शुरुआत में' होने हैं। इन पांचों चुनावी राज्यों में फिलहाल वोटर लिस्ट का Special Summary Review किया जा रहा है। इन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी को प्रकाशित की जाएंगी। जान लें कि चुनाव आयोग SSR 2027 का शेड्यूल जारी कर चुका है। ड्राफ्ट लिस्ट 12 नवंबर को आएगी और फाइनल लिस्ट 4 जनवरी 2027 को पब्लिश की जाएगी।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- ‘वीआईपी को मार्क करो’, VIP वोटर ऐप और SSR को लेकर चुनाव आयोग ने दी सफाई, जानिए क्या-क्या कहा
Latest India News