1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मनमोहन सिंह को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने, प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

मनमोहन सिंह को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने, प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के बाद से ही कांग्रेस लगातार भाजपा पर हमलावर रुख अपनाए हुए है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस को आरोपों पर करारा जवाब दिया है। इस बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट शेयर किया है।

BJP and Congress face to face over Manmohan Singh Priyanka Gandhi targets the central government- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रियंका गांधी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद अब उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किए जाने से कुछ घंटे पहले उनके स्मारक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस बीच भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ चुकी हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बयान देते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार के लिए यथोचित स्थान न उपलब्ध कराकर सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के पद की गरिमा, मनमोहन सिंह जी की शख्सियत, उनकी विरासत और खुद्दार सिख समुदाय के साथ न्याय नहीं किया।" 

प्रियंका गांधी ने साधा केंद्र पर निशाना

उन्होंने आगे लिखा, 'इससे पहले सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को सर्वोच्च सम्मान और आदर दिया गया था। डॉ मनमोहन सिंह जी इस सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं। आज पूरी दुनिया उनके योगदान को याद कर रही है। सरकार को इस मामले में राजनीति और तंगदिली से हटकर सोचना चाहिए था। आज सुबह डॉ मनमोहन सिंह जी के परिवारजनों को चितास्थल पर जगह के लिए मशक्कत करते, भीड़ में जगह पाने की कोशिश करते, और जगह के अभाव में आम जनता को परेशान होते और बाहर सड़क से ही श्रद्धांजलि देते देखकर ये महसूस हुआ।' सियासी बयानबाजी में कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया, जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।

भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

भाजपा ने कहा कि कम से कम मनमोहन सिंह के नाम पर गंदी राजनीति का खेल ना खेलें। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उसी स्थान पर मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने की संभावना तलाशने के बारे में बात की थी, जहां उनका आज अंतिम संस्कार होगा। कांग्रेस प्रमुख खरगे ने कहा, "यह राजनेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के अंतिम संस्कार के स्थान पर उनके स्मारक बनाने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए है।" इसे लेकर जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में, केंद्र सरकार ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि डॉक्टर मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की जाएगी, साथ ही उन्होंने कहा कि इस बीच दाह संस्कार और अन्य औपचारिकताएं आगे बढ़ सकती हैं।

Latest India News