1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उपचुनाव रिजल्ट: गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में बीजेपी की जीत, बारामती में सुनेत्रा रिकॉर्ड 2.18 लाख वोट से जीतीं

उपचुनाव रिजल्ट: गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में बीजेपी की जीत, बारामती में सुनेत्रा रिकॉर्ड 2.18 लाख वोट से जीतीं

Bypoll Results: पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। महाराष्ट्र की दोनों सीटों पर महायुति गठबंधन को जीत मिली है। सुनेत्रा पवार 2 लाख से ज्यादा वोट से जीती हैं।

Sunetra Pawar- India TV Hindi
Image Source : PTI सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है।

Bypoll Results​: देश के पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। ये चुनाव मुख्य रूप से मौजूदा विधायकों के निधन के कारण हुए थे। इनमें सबसे प्रमुख नाम महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का है, जिनका इसी साल जनवरी में एक विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। इन सीटों पर मतदान दो फेज में 9 अप्रैल और 23 अप्रैल को कराया गया था। यहां अजित की पत्नी सुनेत्रा पवार ने 2 लाख से ज्यादा वोटों से रिकॉर्ड जीत हासिल की है।

महाराष्ट्र उपचुनाव के नतीजे

  • बारामती विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) की उम्मीदवार और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने भारी बहुमत से जीत हासिल की। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में सुनेत्रा पवार ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए, जिसमें 2019 में उनके पति अजित पवार द्वारा बनाया गया जीत का अंतर भी शामिल है। सुनेत्रा को कुल 218969 वोट मिले और उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार प्रो. आरवाई घुटुकडे सर को 218034 वोट से हराया, जिन्हें सिर्फ 935 वोट मिले।
  • अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार यहां से NCP की उम्मीदवार हैं। सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा उपचुनाव में किसी प्रमुख राजनीतिक दल की एकमात्र उम्मीदवार हैं। एनसीपी नेता धनंजय मुंडे की अलग रह रहीं पत्नी करुणा मुंडे सहित 22 निर्दलीय उम्मीदवार भी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • राहुरी सीट से भाजपा उम्मीदवार अक्षय करदिले ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने एनसीपी (एसपी) उम्मीदवार गोविंद मोकाटे को 112587 वोट से हराया।
  • महाराष्ट्र की राहुरी विधानसभा सीट पिछले साल अक्टूबर में भाजपा विधायक शिवाजी करदिले के निधन के बाद से खाली है। उनके बेटे अक्षय करदिले भाजपा के उम्मीदवार थे और उनका मुकाबला एनसीपी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन अघाड़ी के संतोष चालके से था।

कर्नाटक उपचुनाव: दोनों सीटों पर कांग्रेस जीती

कर्नाटक में दो वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों- एचवाई मेटी (बागलकोट) और शमनूर शिवशंकरप्पा (दावणगेरे दक्षिण) के निधन के बाद उपचुनाव हुए।

  • बागलकोट सीट से कांग्रेस के उमेश मेटी ने दर्ज की है, जिनका मुकाबला भाजपा के वीरभद्रैया चरंतिमठ से था। उमेश मेटी को कुल 98919 वोट मिले और उन्होंने 22332 वोट से जीत हासिल की।
  • दावणगेरे दक्षिण सीट से कांग्रेस के समर्थ मल्लिकार्जुन ने जीत हासिल की है। उनका मुकाबला भाजपा के श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा से था।

गुजरात: उमरेठ उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी जीते

  • गुजरात के आनंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट से बीजेपी के हर्षद परमार ने जीत हासिल की है। उन्हें 85500 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान को 30743 वोट से हराया।
  •  भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद चुनाव हुआ। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के हर्षद परमार (दिवंगत विधायक के बेटे) और कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान के बीच था।

नागालैंड: कोरिडांग उपचुनाव में बीजेपी की जीत

  • नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में कोरिडांग विधानसभा सीट से बीजेपी के दाओचियर आई. इमचेन ने जीत हासिल की है। उन्हें कुल 7317 वोट मिले। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार तोशिकबा को 3123 वोट से हराया।
  • यहां पर उपचुनाव मौजूदा भाजपा विधायक इमकोंग एल. इमचेन के निधन के कारण हुआ है। इस सीट के लिए चुनावी मैदान में कुल छह उम्मीदवार थे, जिनमें भाजपा प्रत्याशी दाओचियर आई. इमचेन मुख्य भूमिका में रहे; उन्हें नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के नेतृत्व वाली पीपुल्स डेमोक्रेटिक एलायंस (PDA) सरकार का सर्वसम्मत उम्मीदवार बनाया गया था। इनके अलावा, कांग्रेस की ओर से टी चालुकुंबा आओ और एनपीपी (NPP) की तरफ से आई अबेनजांग मैदान में थे, जबकि इमचातोबा इमचेन, इम्तीवापांग और तोशिकाबा निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे थे।

त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर जीती बीजेपी

  • त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट पर भाजपा के जहर चक्रवर्ती ने जीत दर्ज की। उन्हें 24291 वोट मिले और उन्होंने सीपीआईएम के अमिताभ दत्ता को 18290 वोट से हराया।
  • यहां उपचुनाव पिछले दिसंबर में विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक बिस्वा बंधु सेन के निधन के कारण हुआ था। असम और मिजोरम की सीमाओं से सटा यह चुनावी क्षेत्र साल 2008 से ही या तो कांग्रेस या फिर भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। यहां से सत्ताधारी भाजपा के जहर चक्रवर्ती, कांग्रेस के चयन भट्टाचार्जी और सीपीआई(एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे के अमिताभ दत्ता चुनावी मैदान में थे।

वहीं, गोवा की पोंडा सीट पर होने वाला उपचुनाव, जो 9 अप्रैल को निर्धारित था, मतदान से कुछ ही घंटे पहले बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा रद्द कर दिया गया था।

Latest India News