1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. चुनाव प्रचार में दिखा CM विजय का जुदा अंदाज, कीचड़ भरे खेत में ट्रैक्टर चलाया; बुजुर्ग महिला ने आरती भी उतारी

चुनाव प्रचार में दिखा CM विजय का जुदा अंदाज, कीचड़ भरे खेत में ट्रैक्टर चलाया; बुजुर्ग महिला ने आरती भी उतारी

मदुरंतकम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव से पहले टीवीके प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पहुंचे CM विजय का चुनाव प्रचार के दौरान अलग अंदाज दिखा। मुख्यमंत्री विजय ने कहीं कीचड़ भरे खेत में ट्रैक्टर चलाया तो कहीं बुजुर्ग महिला ने उनकी आरती भी उतारी।

CM Vijay- India TV Hindi
Image Source : PTI चुनाव प्रचार के दौरान सीएम विजय ने चलाया ट्रैक्टर।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय आज (शुक्रवार को) जब मदुरंतकम विधानसभा क्षेत्र में 6 अक्टूबर होने वाले उपचुनाव के पहले TVK उम्मीदवार के लिए जनता से वोट मांगने पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। इतना ही नहीं एक बुजुर्ग महिला उनकी चुनाव प्रचार की गाड़ी के आगे आकर आरती उतारने लगीं। तभी सीएम विजय भी उदारता दिखाते हुए गाड़ी से नीचे उतर आए और तब महिला ने उनकी आरती उतारी। माथे पर टीका भी लगाया। इस दौरान, TVK प्रत्याशी विजय के साथ ही खड़ी रहीं। एक अन्य वीडियो में सीएम विजय कीचड़ भरे खेत में ट्रैक्टर चलाते हुए भी दिखे हैं।

सीएम विजय ने खेत में जाकर किसानों से की बात

जब सीएम विजय का काफिला एक गांव के पास से गुजर रहा था, तब उन्होंने एक किसान को खेत में ट्रैक्टर चलाते हुए देखा। इसके बाद, सफेद शर्ट और धोती पहने मुख्यमंत्री विजय अपनी प्रचार गाड़ी से उतरकर सीधे खेतों में चले गए। वहां मुख्यमंत्री विजय ने ट्रैक्टर चला रहे किसान से चर्चा की, इस दौरान ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत भी किया।

मदुरंतकम में सीएम विजय ने कीचड़ भरे खेत में ट्रैक्टर भी चलाया

कुछ ही देर बाद, मुख्यमंत्री विजय ने ट्रैक्टर की स्टीयरिंग संभाल ली और कुछ मिनटों तक कीचड़ भरे खेत में ट्रैक्टर चलाया। इसके बाद मुख्यमंत्री विजय ट्रैक्टर को मेन रोड पर ले आए, जहां इंतजार कर रहे लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद, सीएम विजय ने किसानों का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने उन्हें अपना ट्रैक्टर चलाने दिया।

सीएम विजय ने आरती के वक्त उतार दीं अपनी चप्पलें

ये भी देखना दिलचस्प था कि जब बुजुर्ग महिला सीएम विजय की आरती उतार रही थी, तब सीएम विजय अपनी चप्पलें उतार देते हैं। आरती का कार्यक्रम खत्म होने के बाद बाद वह बुजुर्ग महिला से टीका लगवाते हैं और फिर मौके पर मौजूद अन्य लोगों के पास भी जाकर मिलते हैं। उस भीड़ में भी मौजूद लोग सीएम विजय के माथे पर तिलक लगाते हैं।

मुख्यमंत्री विजय ने मदुरंतकम में किया 30 से ज्यादा गांवों का दौरा

जान लें कि मुख्यमंत्री विजय ने आज अपनी चुनाव प्रचार गाड़ी से चेंगलपट्टू जिले की मदुरंतकम विधानसभा में 30 से ज्यादा गांवों और कई मोहल्लों का दौरा किया। यह क्षेत्र चेन्नई से करीब 100 किलोमीटर दूर है। सीएम विजय यहां टीवीके उम्मीदवार मरगथम कुमारवेल के पक्ष में वोट मांगने के लिए गए थे। सीएम विजय ने यहां एक रोड शो किया। इससे पहले हाल ही में CM विजय ने धारापुरम में कहा था कि मैं राजा बनने नहीं, जनता की सेवा के लिए राजनीति में आया हूं।

ये भी पढ़ें- "रक्तदान करें, जिंदगी बचाएं" CM थलापति विजय की युवाओं से बड़ी अपील, बोले- जरूरतमंदों के लिए आगे आएं

Latest India News