A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'आतंकवादी दो तरह के होते हैं...', दिल्ली बम ब्लास्ट पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम का बड़ा बयान

'आतंकवादी दो तरह के होते हैं...', दिल्ली बम ब्लास्ट पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम का बड़ा बयान

पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने आतंकवाद के बढ़ते खतरे पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उनका यह बयान दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए बम विस्फोट के दो दिन बाद आया है जिसमें 12 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे।

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम। फाइल- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस नेता पी चिदंबरम। फाइल

नई दिल्लीः दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम का बड़ा बयान सामने आया है। पी चिदंबरम ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ट्वीट कर कहा कि पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में भी मैं यही कहता रहा हूं कि आतंकवादी दो तरह के होते हैं। एक विदेश से प्रशिक्षित घुसपैठिए आतंकवादी और दूसरा घरेलू आतंकवादी..। मैंने संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान भी यही कहा था।

चिदंबरम ने कहा कि घरेलू आतंकवादियों के ज़िक्र पर मेरा मज़ाक उड़ाया गया और मुझे ट्रोल किया गया। हालांकि, सरकार ने इस पर चुप्पी साध ली क्योंकि सरकार जानती है कि घरेलू आतंकवादी भी होते हैं। इस ट्वीट का मक़सद यह है कि हमें खुद से पूछना चाहिए कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं जो भारतीय नागरिकों - यहां तक कि पढ़े-लिखे लोगों को भी आतंकवादी बना देती हैं।

किन परिस्थितियों में भारतीय नागरिक आतंकवादी बन रहे हैंः चिदंबरम 

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने बुधवार को दिल्ली विस्फोट मामले की एनआईए द्वारा जांच शुरू किए जाने के बीच बुधवार को "देश के भीतर पनपे आतंकवादियों" का ज़िक्र किया और कहा कि सरकार की चुप्पी इसलिए है क्योंकि उसे उनके बारे में पता है। हालांकि चिदंबरम ने ‘एक्स’ पर किए पोस्ट में दिल्ली विस्फोट का जिक्र नहीं किया, लेकिन यह सवाल उठाया कि क्यों और किन परिस्थितियों में भारतीय नागरिक आतंकवादी बन रहे हैं।

पहले भी सरकार पर साध चुके हैं निशाना

पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने यह पोस्ट ऐसे दिन किया है जब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली विस्फोट को एक "आतंकवादी घटना" करार दिया है। इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान चिदंबरम ने पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद के ऑपरेशन से निपटने के सरकार के तरीके पर सवाल उठाए थे। पारदर्शिता की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने सरकार से पूछा था कि आतंकवादी हमलावर कहां हैं? आपने उन्हें क्यों नहीं पकड़ा?

दिल्ली में बढ़ी सुरक्षा

बता दें कि दिल्ली में सोमवार शाम को हुए आतंकी हमले में 12 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। बम विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया है। पुलिस की टीम भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस टर्मिनल, रेलवे स्टेशन पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से सतर्क रहने और लावारिस बैग या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी नजदीकी पुलिस चौकी को देने का अनुरोध करती दिखीं।  

Latest India News