1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सीएम पुष्कर सिंह धामी के मुरीद हुए कांग्रेस विधायक, मंच से की खुलकर तारीफ

सीएम पुष्कर सिंह धामी के मुरीद हुए कांग्रेस विधायक, मंच से की खुलकर तारीफ

चमोली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मंच साझा करते हुए बद्रीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री की खुलकर तारीफ़ की। बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्षी विधायकों के साथ भेदभाव किया जाता है, लेकिन उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र में ही सबसे ज़्यादा विकास कार्य हुए हैं।

कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला और सीएम पुष्कर सिंह धामी  - India TV Hindi
Image Source : VIDEO GRAB कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला और सीएम पुष्कर सिंह धामी

गोपेश्वर। चमोली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम ने राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसकी सबसे बड़ी वजह रही बद्रीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का मंच से मुख्यमंत्री की खुलकर तारीफ करना। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव होता है, लेकिन उनकी विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद करते हैं।

कांग्रेस विधायक ने सीएम धामी की जमकर तारीफ की

कांग्रेस विधायक का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच लगातार सियासी बयानबाजी चल रही है। ऐसे में सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की तारीफ को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री की सभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से लोग गोपेश्वर के पुलिस मैदान पहुंचने लगे थे। कार्यक्रम स्थल पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही और मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरा मैदान श्रोताओं से भरा नजर आया।

कांग्रेस विधायक का बयान यहां सुनें

सीएम धामी ने दी 63 विकास योजनाओं की सौगात

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के लिए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और खेल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं इन योजनाओं में शामिल हैं।

कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक के बयान और सभा में उमड़ी भीड़ को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि विकास के मुद्दे पर विपक्ष के विधायक की यह टिप्पणी आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बनी रह सकती है।

यहां देखें वीडियो

बता दें कि अभी हाल में ही पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल पूरे किए हैं। उत्तराखंड के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी मुख्यमंत्री ने लगातार पांच वर्षों तक नेतृत्व करते हुए यह मुकाम हासिल किया।

ये भी पढ़ेंः 'ये अंत नहीं शुरुआत है', सरकार के 5 साल पूरे होने पर ऋषिकेश में बोले CM धामी; जानें और क्या बोले

 

 

Latest India News