लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा, डिंपल यादव ने कहा-छात्र लड़े और जीत हासिल की
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा जारी है। चर्चा के लिए शुरुआत में 6 घंटे का वक्त रखा गया है। स्पीकर ने कहा है कि हाउस की सहमति से ये समय बढ़ाया भी जा सकती है।

संसद के मॉनसून सत्र से पिछले एक हफ्ते से चली आ रही गतिरोध की स्थिति आखिरकार खत्म हो गई है। नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में लगातार हंगामे के बाद, अब संसद का कामकाज पटरी पर लौट रहा है। आज लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि मासूम छात्रों पर लाठियां चलाने की क्या जरूरत थी? वहीं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार राम मंदिर में चढ़ावा की चोरी नहीं हो पाई, वह पेपर लीक कैसे रोक सकती है।
संसद में पिछले कई दिनों से जारी हंगामे और ठप पड़े कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी दलों के नेताओं के साथ कई दौर की बैठकें कीं, जिसके बाद सहमति बन पाई।
फिलहाल, इस महत्वपूर्ण चर्चा के लिए 6 घंटे का समय तय किया गया है, लेकिन लोकसभा स्पीकर ने संकेत दिए हैं कि सदन की सहमति और जरूरत के अनुसार इस समय सीमा को और बढ़ाया जा सकता है। पेपर लीक के खिलाफ कड़े कानूनों वाले इस अहम बिल को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को ही लोकसभा में पेश कर दिया था, लेकिन विपक्ष के भारी हंगामे के कारण उस समय इस पर चर्चा नहीं हो सकी थी।
सदन की कार्यवाही से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़ें-
Live updates : Parliament Live
-
July 28, 2026 6:38 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
जंतर-मंतर पर हुई बर्बरता देखी नहीं गई-डिंपल यादव
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान जो बर्बरता जंतर मंतर पर हुई वह देखी नहीं गई। जो सरकार बेटियों की बात करती है उसने बेटियों पर लाठियां चलाई। बच्चों को बैरिकेडिंग करके घेरा गया और उनके ऊपर लाठियां बरसाई गईं, पैलेट गन चलाए गए। कुछ लोग इन्हें अराजक तत्व बता रहे थे। हमें फक्र है इस बात का कि बच्चे लड़े और इसमें जीत हासिल की। समाजवादी पार्टी छात्रों के साथ हमेशा खड़ी है।
-
July 28, 2026 6:21 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
शिक्षा को लेकर सरकार का रवैया ठीक नहीं-सुप्रिया सुले
सुप्रिया सुले ने कहा कि जंतर मंतर पर छात्रों के साथ जो हुआ वो बिल्कुल गलत था। शिक्षा को लेकर सरकार का रवैया ठीक नहीं है। सरकार सबका सुझाव लेकर एक नई शिक्षा व्यवस्था बनाएं जो लीकप्रूफ हो। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर जिस मां का बच्चा प्रदर्शन कर रहा था उस मां पर क्या गुजर रही होगी। आपके सहयोगी ही कह रहे हैं कि धर्मेंद्र प्रधान ने 15 दिन पहले इस्तीफा दिया होता तो ऐसा नहीं होता। समोसा चीन के पैसे से, चाय पाकिस्तान के पैसे से आई है, ये सब अब नहीं चलने वाला है। सुप्रिया सुले ने अपने संबोधन में कुछ वायरल वीडियो का जिक्र करके व्यवस्था पर सवाल उठाए।
-
July 28, 2026 6:06 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
ZEN-Z को सैल्यूट करता हूं-तेजस्वी सूर्या
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि देश के ZEN-Z को सैल्यूट करता हूं। आपने जो किया वो सही किया। एक फुलप्रूफ सिस्टम को खड़ा करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है।
-
July 28, 2026 5:47 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
एजुकेशन सिस्टम में लंबे अर्से बाद सुधार-तेजस्वी सूर्या
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि एजुकेशन सिस्टम में लंबे अर्से से सुधार की बात चल रही थी लेकिन सरकारों को इसकी तरफ ध्यान नहीं था। लेकिन एनडीए की सरकार ने नई शिक्षा नीति लाकर सुधार का काम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि युवा आसान परीक्षा नहीं मांग रहे हैं। वे चाहते हैं सवालों में ओरिजिनिलिटी लाएं।
-
July 28, 2026 5:29 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
कैमरे का एंगल नहीं, दिल का एंगल बदलना पड़ेगा-प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा- प्रधानमंत्री जी जेन-जी का भरोसा जीतना चाहते हैं तो नए एंगल से वीडियो बनाने से काम नहीं चलेगा। कैमरे का एंगल नहीं, दिल का एंगल बदलना पड़ेगा। नौजवानों के साथ घोर अन्याय हुआ है। प्रधानमंत्री जी को अपनी जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी। सभी को साथ लेकर गहरी चर्चा करके एक नई एजुकेशन पॉलिसी बनानी पड़ेगी। आरएसएस के लोगों पर जोर देने से काम नहीं चलेगा। अन्य विचारधारा के लोगों को भी जगह दीजिए। छात्रों को सड़क से हटाया जा सकता है,लेकिन उनकी जायज बातों से इनकार नहीं किया जा सकता। बच्चों के भविष्य की चोरी हुई।
-
July 28, 2026 5:28 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम को अपने सलाहकार बदलने चाहिए-प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने पिछले बिल का जिक्र करते हुए कहा कि जब से यह विधेयक पारित हुआ तब से एक भी अपराधी को सजा नहीं दी गई। फेस रिकॉगनिशेन के जरिए बच्चों के नाम सार्वजनिक किए जा रहे हैं लेकिन पेपर लीक करने वालों के लिए ऐसा नहीं किया जा रहा है। पीएम को अपने सलाहकार बदलने चाहिए। नई कमेटि बनाने से कुछ नहीं होगा। इस नई कमेटी में हो तो एक्स आईबी चीफ. एक आईटी कंपनी के मालिक और एक गौमूत्र के विशेषज्ञ भी हैं। इन्हें शिक्षा के बारे में क्या पता।
-
July 28, 2026 5:19 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
प्रियंका गांधी के बयान पर संसद में हंगामा, प्रह्लाद जोशी ने भी माफी मांगने की मांग की
प्रियंका गांधी ने नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर टिप्पणी की जिसपर लोकसभा में जमकर हंगामा होने लगा। उन्होंने बिलकिस बानो मामले को लेकर प्रह्लाद जोशी का जिक्र किया। किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रियंका गांधी अपने बयान को लेकर माफी मांगें। इस पर सदन में दोनों पक्षों की ओर से हल्ला होने लगा। वहीं शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रियंका अपनी बात साबित करें या फिर माफी मांगें।
-
July 28, 2026 5:13 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
शिक्षा मंत्री ने शर्मनाक परिस्थितियों में इस्तीफा दिया
प्रियंका गांधी ने कहा कि अभी हाल में छात्रों के प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री ने शर्मनाक परिस्थितियों में इस्तीफा दिया। लेकिन बाद में मकर ध्वज पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने सुपर स्टार की तरह शानदार स्वागत किया गया। इससे ज्यादा बेशर्मी और क्या हो सकती है। एजुकेशन सिस्टम में चुन-चुनकर आरएसएस प्रचारकों को भरा जा रहा है।
-
July 28, 2026 5:07 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
छात्रों पर बर्बरता हुई-प्रियंका गांधी
पिछले दिनों हजारों छात्रों ने प्रदर्शन किया। ये उस भारत के बच्चे हैं जो गांव, शहरों में रहते हैं। जहां एक परिवार पूरी जिंदगी की कमाई बच्चों की पढ़ाई पर खर्च देता है। उन्हें लगने लगा है कि मेरिट की जगह पैसा मायने रखता है। इन परेशान बच्चों ने अपनी मांगें सरकार के सामने रखी। पेपर लीक करके जो बार-बार अन्याय किया जा रहा है उसपर रोक लगाई जाए। लेकिन उन छात्रों पर बर्बरता हुई है।
-
July 28, 2026 5:01 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
मासूम छात्रों पर लाठियां चलाने की क्या जरूरत थी-प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए आरएमएल में भर्ती छात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी मां की गुहार ने मुझे शर्मिंदा कर दिया। उन्होंने कहा मैं पीएम और गृह मंत्री से पूछना चाहती हूं कि क्या जरूरत थी मासूम छात्रों पर लाठियां चलाने की। क्या जरूरत थी आंसू गैस और पैलेट गन चलाने की? क्या वो आतंकवादी थे? ये सवाल कांग्रेस नहीं देश की जनता पूछ रही है।
-
July 28, 2026 4:45 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार युवाओं के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है- श्रीकांत शिंदे
शिवसेना के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि युवा अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमारी सरकार युवाओं के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। हम युवाओं की भावनाओं को समझते हैं। हम युवाओं के आक्रोश को आंदोलन नहीं शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का एक अवसर मानते हैं। पेपर लीक की तुरंत बाद हमारी सरकार ने तुरंत कड़े कदम उठाए, सिस्टम की सफाई, दिल्ली से पुणे तक गिरफ्तारियां हुई। एनटीए में 47 अधिकारियों को टर्मिनेट किया। आरोपियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाया गया।
-
July 28, 2026 4:18 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
दयानिधि मारन ने NEET के प्रति DMK के विरोध को दोहराया
नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट (NEET) के प्रति DMK के लंबे समय से चले आ रहे विरोध को दोहराया। डीएमके पार्टी के सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि यह परीक्षा दलितों और गरीब छात्रों के साथ भेदभावपूर्ण और अनुचित है।
-
July 28, 2026 3:50 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
अभिषेक बनर्जी ने मोदी सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर रखी अपनी राय
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने बार-बार हो रहे पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी मोदी सरकार के रिपोर्ट कार्ड में उन्हें "F" ग्रेड देगी। बनर्जी ने कहा, "बीजेपी सरकार को यह याद रखना चाहिए कि हर पीढ़ी अपना रिपोर्ट कार्ड खुद लिखती है। मोदी सरकार के लिए उस रिपोर्ट कार्ड में 'F' यानी 'फेल' लिखा होगा। मोदी सरकार पेपर लीक रोकने में नाकाम रही है।"
-
July 28, 2026 3:49 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सवाल करने पर लोग देशद्रोही करार दिए जा रहे- अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी ने कहा, पेपर लीक पर 12 साल में एक भी सजा नहीं हुई। सरकार इतनी ही मजबूत है तो पेपर लीक कैसे हुआ? सवाल करने पर लोग देशद्रोही करार दिए जा रहे। इंसाफ की जगह छात्रों पर पैलेट गन फायर की गई।
-
July 28, 2026 3:46 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
कल पास होगा एंटी-पेपर लीक बिल, लोकसभा में रात 10 बजे तक होगी चर्चा
एंटी-पेपर लीक बिल आज पास होने की संभावना नहीं है। बिल पर लोकसभा में चर्चा रात 10 बजे तक चलने की उम्मीद है, और अब इसके बुधवार को पास होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बिल पर चर्चा में भाग लेने या बोलने की उम्मीद नहीं है।
-
July 28, 2026 3:39 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'सरकार छात्रों के अधिकारों की रक्षा नहीं कर पाई'
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा, साफ-सुथरा एग्जाम हर छात्र का अधिकार है। सरकार छात्रों के अधिकारों की रक्षा नहीं कर पाई। सरकार हेडलाइन से नहीं, नतीजों से चलती है। अगर यही यंग इंडिया है तो पेपर लीक कैसे?
-
July 28, 2026 3:35 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'सरकार इमरजेंसी से कम अन्याय नहीं कर रही'
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार इमरजेंसी से कम अन्याय नहीं कर रही है। इमरजेंसी के दौरान जो हुआ, वो दिल्ली में भी दिख गया। इमरजेंसी के बाद परिवर्तन हुआ था, इस आंदोलन के बाद भी होगा। नीयत साफ होगी तो परीक्षा साफ होगी- अखिलेश
-
July 28, 2026 3:31 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'सरकार लोकतांत्रिक थी कि उन्हें धरने पर बैठने दिया'
सरकार लोकतांत्रिक थी कि उन्हें धरने पर बैठने दिया। नहीं तो सालों साल तक किसान धरने पर बैठे रहे, लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। सरकार को लगा कि चुनाव आ गया तो उन्होंने तीन काले कानून वापस ले लिए- अखिलेश यादव
-
July 28, 2026 3:31 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'मजाक मजाक में बनी कॉकरोच जनता पार्टी'
मजाक-मजाक में बनी कॉकरोच जनता पार्टी, कितनी बड़ी पार्टी बन गई। मजाक में शुरू हुई पार्टी कितनी गंभीर हो गई। इससे सरकार लोकतांत्रिक हो गई- अखिलेश यादव
-
July 28, 2026 3:24 PM (IST) Posted by Malaika Imam
सरकार ने पहला हमला प्राइमरी स्कूल पर किया: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि गरीब लो पढ़े। सरकार ने पहला हमला प्राइमरी स्कूल पर किया।
-
July 28, 2026 3:24 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"आंदोलन में बच्चों के साथ माता-पिता भी शामिल हुए"
छात्रों के प्रोटेस्ट पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस आंदोलन में बच्चों के साथ माता-पिता भी शामिल हुए। ये आंदोलन सिर्फ दिल्ली में नहीं, बिहार, यूपी में भी हुआ।
-
July 28, 2026 3:21 PM (IST) Posted by Malaika Imam
इस सरकार में 20 पेपर लीक हुए: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जो राम मंदिर में चढ़ावा चोरी नहीं रोक सके, वो पेपर लीक कैसे रोकेंगे। इस सरकार में 20 पेपर लीक हुए।
-
July 28, 2026 3:19 PM (IST) Posted by Malaika Imam
नौजवानों को सरकार झुकाना आता है: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों को सरकार झुकाना आता है। झुकती है सरकार, झुकाने वाला चाहिए।
-
July 28, 2026 3:18 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"सरकार जब डर जाती है तो स्वीकार कर लेती है"
अखिलेश यादव ने कहा कि हमने वो भी समय देखा है जब लोगों को धरने पर बैठने नहीं दिया गया। सरकार जब डर जाती है तो स्वीकार कर लेती है। बीजेपी वचन नहीं जुमला देती है।
-
July 28, 2026 3:15 PM (IST) Posted by Malaika Imam
प्रधान जी को हटाकर आपने प्रधानमंत्री बचा लिया: अखिलेश यादव
लोकसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बोलते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन को मैं दूर से देख रहा था। उन्होंने कहा कि प्रधान जी को हटाकर आपने प्रधानमंत्री को बचा लिया।
-
July 28, 2026 3:10 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"UPA राज में 22 बार पेपर लीक हुए"
बांसुरी स्वराज ने कहा कि यूपीए राज में 22 बार पेपर लीक हुए। बंगाल में ममता सरकार में शिक्षा भर्ती घोटाला हुआ। TRS से लेकर सपा सरकार में पेपर लीक हुए।
-
July 28, 2026 3:07 PM (IST) Posted by Malaika Imam
बांसुरी स्वराज ने परीक्षा पर चर्चा का किया जिक्र
बांसुरी स्वराज ने बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी ने परीक्षा पर चर्चा कर अपने व्यक्तिगत समय का निवेश बच्चों में किया है। उनका प्रयास रहा है कि हमारे देश के बच्चे एग्जाम वरियर से एग्जाम वॉरियर बन जाए।
-
July 28, 2026 3:02 PM (IST) Posted by Malaika Imam
कानून मजबूत करने की नीयत से बिल लाए: बांसुरी स्वराज
बिल पर बोलते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा कि कानून मजबूत करने की नीयत से बिल लाए गए। पेपर लीक एक घोर अपराध है। मोदी जी के लिए ऐसा कहना केवल एक बयान नहीं, उनकी सरकार की नीयत है, इसलिए यह बिल यहां लाया गया है।
-
July 28, 2026 3:00 PM (IST) Posted by Malaika Imam
नकल माफियाओं के खिलाफ बिल समय की मांग: बांसुरी स्वराज
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि बिल सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। नकल माफियाओं के खिलाफ बिल समय की मांग है।
-
July 28, 2026 2:55 PM (IST) Posted by Malaika Imam
छात्रों ने लोकतंत्र का मतलब याद दिलाया: गोगोई
गौरव गोगोई ने कहा, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया? छात्रों ने लोकतंत्र का मतलब याद दिलाया।
-
July 28, 2026 2:54 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कुछ नहीं बदलेगा"
बिल और छात्रों के प्रदर्शन पर बोलते हुए गौरव गोगोई ने वसीम बरेलवी के शेर को पढ़ा, "उसूलों पर जहां आंच आए टकराना ज़रूरी है, जो जिंदा हो तो फिर जिंदा नजर आना जरूरी है।" उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कुछ नहीं बदलेगा।
-
July 28, 2026 2:48 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"सरकार शिक्षा जगत में सुधार नहीं करना चाहती"
गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार शिक्षा जगत में सुधार नहीं करना चाहती। इस बिल से शिक्षा विभाग नहीं सुधरेगा।
-
July 28, 2026 2:46 PM (IST) Posted by Malaika Imam
NTA के चेयरमैन को सरकार बचा रही: गौरव गोगोई
गौरव गोगोई ने कहा कि NTA के चेयरमैन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? NTA के चेयरमैन को सरकार बचा रही है। ये कानून पेपर माफियाओं को नहीं रोक पाएगा।
-
July 28, 2026 2:37 PM (IST) Posted by Malaika Imam
सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर नहीं: गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में बोलते हुए कहा कि पेपर लीक के 45 आरोपियों में से 44 को बेल मिल गई। सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। ये बिल सिर्फ दिखावे के लिए है।
-
July 28, 2026 2:34 PM (IST) Posted by Malaika Imam
स्पीडी जस्टिस का प्रावधान कर रहे- जितेंद्र सिंह
जितेंद्र सिंह ने कहा, हम स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर स्पीडी जस्टिस का प्रावधान इस संशोधन के जरिए कर रहे हैं। इसमें भी हमने समय-सीमा तय कर दी है कि दो महीने के भीतर सारी जांच पूरी की जाएगी।
-
July 28, 2026 2:31 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"बिल देश के युवाओं और छात्रों के लिए मील का पत्थर"
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, यह बिल, जिसे कल पेश किया गया था, असल में पहले के बिल- पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स प्रिवेंशन ऑफ़ अनफेयर मीन्स एक्ट 2024 में एक संशोधन है, जिसे भी इसी सरकार ने पेश किया था। और न सिर्फ़ पेश किया था, बल्कि यह शायद आजाद भारत के इतिहास में अपनी तरह का पहला बिल था। पहले का बिल और आज का संशोधन, एक तरह से देश के छात्रों और युवाओं के कल्याण की रक्षा के लिए इस सरकार की गहरी प्रतिबद्धता को फिर से पुष्ट करते हैं। और साथ ही, यह प्रधानमंत्री मोदी के उस संकल्प को भी दोहराता है कि 'भारत माता' के बच्चों के भविष्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। इसलिए, इस बिल को एक तरह से भारतीय संसद के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होने वाला कानून कहा जा सकता है।
-
July 28, 2026 2:23 PM (IST) Posted by Malaika Imam
2009 में यूपीए के समय रेलवे का पेपर लीक हुआ: जितेंद्र सिंह
जितेंद्र सिंह ने कहा, देश में पहले भी पेपर लीक होते रहे हैं। 2009, 2010, 2011, 2012, 2013 में पेपर लीक हुआ। 2009 में यूपीए के समय रेलवे का पेपर लीक हुआ। 2013 में महाराष्ट्र में पेपर लीक हुआ। पूरे भारत में पेपर लीक रोकने के लिए बिल लाए।
-
July 28, 2026 2:15 PM (IST) Posted by Malaika Imam
एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा शुरू
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा शुरू हो गई है। चर्चा की शुरुआत केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने की।
-
July 28, 2026 2:05 PM (IST) Posted by Malaika Imam
हम 10 घंटे की चर्चा के लिए भी तैयार हैं: रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, मैंने सभी पार्टियों के नेताओं - कांग्रेस के चीफ व्हिप, समाजवादी पार्टी के चीफ व्हिप, DMK और NCP से बात की और सभी इस बात पर सहमत हुए कि 6 घंटे की चर्चा को 2 घंटे और बढ़ाकर 8 घंटे कर दिया जाए। हम सब इस बात पर सहमत हुए... मैं सदन में यह बात कह रहा हूं: वेणुगोपाल जी, अगर आपको अतिरिक्त 2 घंटे चाहिए, तो सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। हम मिलकर इस पर फैसला कर सकते हैं। स्पीकर ने अभी कहा है कि इसे एक घंटा और बढ़ाने में हमें कोई आपत्ति नहीं है। अगर आठ घंटे से भी ज़्यादा समय की ज़रूरत पड़ी, तो हम 10 घंटे की चर्चा के लिए भी तैयार हैं।
-
July 28, 2026 2:02 PM (IST) Posted by Malaika Imam
लोकसभा की कार्यवाही शुरू
लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज एंटी पेपर लीक बिल चर्चा होगी।
-
July 28, 2026 1:21 PM (IST) Posted by Malaika Imam
मान सरकार उसी पैटर्न पर काम कर रही- गुरजीत सिंह औजला
पंजाब में कथित पेपर लीक मामले पर कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार उसी पैटर्न पर काम कर रही है। वहां पेपर लीक हुए दो हफ्ते से ज्यादा हो चुके हैं। वहां आम लोग शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुन नहीं रहा है। हमने यह मुद्दा उठाया। पंजाब में हम जवाबदेही की मांग कर रहे थे।
-
July 28, 2026 11:51 AM (IST) Posted by Malaika Imam
धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत पर प्रियंका गांधी का बयान
कल धर्मेंद्र प्रधान के लिए BJP-NDA सांसदों की नारेबाजी पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "क्या आपको नहीं लगता कि यह शर्मनाक है? उन हालात पर गौर कीजिए जिनमें उन्होंने इस्तीफा दिया था, फिर भी उनका यहां ऐसे स्वागत किया जा रहा है जैसे कोई सुपरस्टार आ रहा हो। इस सरकार पर भरोसा नहीं किया जा सकता। आज भी छात्रों को परेशान किया जा रहा है। मैंने देखा कि कुछ इंस्टाग्राम हैंडल पर लड़कियों की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं और साथ में ऐसे दावे किए गए हैं कि उन्होंने यह या वह किया है। या तो आप बातचीत कर रहे हैं और सच में मसला हल करना चाहते हैं, या फिर आप छात्रों को परेशान कर रहे हैं और अब भी उन्हें दबाने की कोशिश कर रहे हैं।"
-
July 28, 2026 11:49 AM (IST) Posted by Malaika Imam
संसद को फिर से पटरी पर लाने की जरूरत- थरूर
पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, यह एक बहुत जरूरी बहस है, और मुझे लगता है कि विपक्ष के इस बहस में शामिल होने की पूरी संभावना है, जिससे मुझे बहुत हिम्मत मिली है। मुझे लगता है कि हमें संसद को फिर से पटरी पर लाने की ज़रूरत है। संसद में भारत के युवा बच्चों की आवाज़ सुनी जानी चाहिए, और हममें से कई लोग इन मुद्दों को उठाने की ज़िम्मेदारी महसूस करते हैं। क्या यह बिल काफ़ी है, यह क्या करता है, और हम सिस्टम की बड़ी खामियों को कैसे दूर करेंगे- इन सभी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।" कल धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में BJP-NDA सांसदों की नारेबाज़ी पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत परेशान करने वाली बात है क्योंकि, जाहिर है, जब कोई मंत्री किसी विफलता की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देता है, तो आप उसका स्वागत हीरो की तरह नहीं करते। अगर आप इसके लिए तालियां बजा रहे हैं और जश्न मना रहे हैं, तो आप लोगों से कटे हुए हैं। आपको उनका समर्थन नहीं मिलेगा।"
-
July 28, 2026 11:44 AM (IST) Posted by Malaika Imam
आज मैंने पहली बार NDA की बैठक में हिस्सा लिया: सायोनी घोष
बागी TMC सांसद और NCPI नेता सायोनी घोष ने कहा, "आज मैंने पहली बार NDA की बैठक में हिस्सा लिया और यह बहुत ही ज्ञानवर्धक और जानकारीपूर्ण बैठक थी। वहां प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और अन्य मंत्री भी मौजूद थे। आज FTA पर विस्तार से चर्चा हुई और साथ ही ब्लू इकोनॉमी सेक्टर पर भी एक प्रेजेंटेशन दिया गया, जो हमारे देश में एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था है। छह दिन बाद संसद का सत्र शुरू होने वाला है। देश के युवा और छात्र देश का गौरव हैं, और जिस तरह से वे आगे आए और पेपर लीक व NEET का मुद्दा उठाया, उससे उन्होंने पूरे देश को यह संदेश दिया है कि भारत में लोकतंत्र जीवित है और सरकार भी आगे आई है। सरकार को भी यह बिल लाने का मौका मिला।"
-
July 28, 2026 11:15 AM (IST) Posted by Malaika Imam
राज्यसभा की कार्यवाही भी 2 बजे तक के लिए स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।
-
July 28, 2026 11:06 AM (IST) Posted by Malaika Imam
लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
-
July 28, 2026 11:02 AM (IST) Posted by Malaika Imam
दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई। एंटी पेपर लीक बिल की चर्चा में विपक्ष शामिल होगा।
-
July 28, 2026 10:48 AM (IST) Posted by Malaika Imam
संसद में NDA सांसदों का प्रदर्शन
पंजाब में पेपर लीक के खिलाफ NDA सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं। पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा।
-
July 28, 2026 10:31 AM (IST) Posted by Malaika Imam
'मंगल मिलन' बैठक हुई खत्म
संसद में NDA संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक खत्म हो गई है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य नेता मौजूद थे।
-
July 28, 2026 10:11 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
आज लोगों की बातों से लग रहा है कि सदन चलेगा: महुआ माजी
JMM की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने दिल्ली में कहा, 'आज लोगों की बातों से लग रहा है कि सदन चलेगा। सत्ता पक्ष स्वयं नहीं चाहता है कि सदन चले जैसे ही विपक्ष के लोग 267 के नोटिस पर बात करना चाहते हैं तभी संसद स्थगित कर दी जाती है। छात्रों के आंदोलन को समाप्त कर दिया गया है लेकिन उस समय वादा किया गया था कि उस समय छात्रों पर किए गए सभी केस वापस ले लिए जाएंगे। उन पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। बिहार में बहुत से छात्रों को घोषणा के बाद हिरासत में लिया गया है। सरकार पहले अपने वादों पर खरा उतरे। अगर विपक्ष इन मुद्दों को नहीं उठाएगा तो छात्रों के साथ कौन खड़ा होगा?'
-
July 28, 2026 10:03 AM (IST) Posted by Malaika Imam
NDA संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक शुरू
संसद में NDA संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य नेता बैठक में शामिल हुए हैं।
-
July 28, 2026 10:01 AM (IST) Posted by Malaika Imam
रणनीति बनाने में जुटे दोनों पक्ष
चर्चा से पहले आज दोनों ही पक्ष रणनीति बनाने में जुटा है। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में NDA का मंगल मिलन हो रहा है, तो वहीं संसद भवन परिसर में इंडिया ब्लॉक की भी मीटिंग है।
-
July 28, 2026 9:59 AM (IST) Posted by Malaika Imam
सोमवार को बिल किया गया था पेश
पेपर लीक के खिलाफ कड़े कानूनों वाले इस बिल को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को लोकसभा में पेश कर दिया था, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण इस पर चर्चा नहीं हो पाई।