1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. "आतंकी ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेना चाहते हैं", दिल्ली ब्लास्ट पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बड़ा बयान

"आतंकी ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेना चाहते हैं", दिल्ली ब्लास्ट पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बड़ा बयान

जीतन राम मांझी ने दिल्ली ब्लास्ट पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इसे बड़ी साजिश का हिस्सा बताया और कहा कि आतंकवादी ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेना चाहते हैं। आतंकवादियों की नजर लंबे समय से दिल्ली पर थी।

Jitan Ram Manjhi- India TV Hindi
Image Source : ANI जीतन राम मांझी

गया: दिल्ली में हुए ब्लास्ट पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह हमला एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। उन्होंने इसे ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदले की भावना से जोड़ा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "आतंकवादियों की नजर लंबे समय से राष्ट्रीय राजधानी पर थी।"

मांझी ने सोमवार को बिहार के गया में कहा, "आतंकवादियों की नजर लंबे समय से दिल्ली पर थी। आज यह घटना घटी क्योंकि वे इसमें कामयाब हो गए। यह एक साजिश का हिस्सा है। आतंकवादी ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेना चाहते हैं।"

सोमवार को क्या हुआ था?

दिल्ली में लालकिला के पास सोमवार शाम को करीब 7 बजे एक कार में धमाका हुआ, जिसकी चपेट में कुछ अन्य वाहन और लोग आए। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हुई और 29 लोग घायल हैं। अचानक घटी इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। 

पीएम मोदी और गृह मंत्री ने जताया था दुख

दिल्ली ब्लास्ट पर पीएम मोदी ने सोमवार को दुख जताया था। उन्होंने कहा, "आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है।"

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "दिल्ली में हुए विस्फोट में हुई जान-माल की हानि को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैंने विस्फोट स्थल का दौरा किया है और अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शीर्ष एजेंसियां पूरी तत्परता से घटना की जांच कर रही हैं और गहराई से जांच करेंगी।"

Latest India News