1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक में 20 जुलाई से पहले हो सकता है शिवकुमार की कैबिनेट का विस्तार, कई नए चेहरों को मिल सकती है जगह

कर्नाटक में 20 जुलाई से पहले हो सकता है शिवकुमार की कैबिनेट का विस्तार, कई नए चेहरों को मिल सकती है जगह

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने संकेत दिया है कि कैबिनेट का विस्तार जल्द हो सकता है और कांग्रेस नेतृत्व से मिलने वह जल्द ही दिल्ली जाएंगे।

मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार- India TV Hindi
Image Source : PTI मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार। फाइल

बेंगलुरु: कर्नाटक में डीके शिवकुमार की कैबिनेट का विस्तार 20 जुलाई से पहले किया जा सकता है। मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवकुमार पहली बार अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे। सीएम डीके शिवकुमार ने इसका संकेत दिया है और कहा कि वह पार्टी आलाकमान से मिलने जल्द ही दिल्ली भी जाने वाले हैं। अगले विधानसभा चुनाव के हिसाब से कैबिनेट में कई नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही जातीय समीकरणों का भी कांग्रेस ख्याल रखेगी। 

कर्नाटक में 20 मंत्री पद अभी खाली

कर्नाटक में अभी मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं, जबकि कर्नाटक में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 34 हो सकती है। फिलहाल, 20 पद खाली हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, मंत्री पद पाने के लिए ज़ोरदार लॉबिंग चल रही है। खासकर वरिष्ठ विधायक लॉबिंग कर रहे हैं। 

18 जुलाई को दिल्ली आ सकते हैं शिवकुमार

जानकारी के अनुसार, राज्य के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 18 जुलाई को दिल्ली आ सकते हैं। पार्टी आलाकमान से चर्चा के बाद कैबिनेट हो सकता है। 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र और आने वाले विधानसभा सत्र से पहले राज्य के कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। 

शिवकुमार ने कहा कि विधानसभा का सत्र बुलाना उनकी तत्काल प्राथमिकता है और पार्टी नेतृत्व से मिलने का समय मिलने के बाद वह दिल्ली जाएंगे। शिवकुमार ने कहा कि 6 अगस्त को विधानसभा का सत्र शुरू होने वाला है।उन्होंने आगे कहा, "मेरी तरफ से कैबिनेट विस्तार के लिए कोई देरी नहीं है। जब भी वे (पार्टी आलाकमान) मुझे समय देंगे, मैं चला जाऊंगा। वे मुझे अगले तीन या चार दिनों में तारीख बता देंगे।

कावेरी जल बंटवारे को लेकर सीएम ने कही ये बात

कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को कर्नाटक के किसानों के हितों की रक्षा करनी है, पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करनी है और तमिलनाडु को पानी छोड़ने के अदालती निर्देशों का पालन करना है। उन्होंने कहा, "कर्नाटक 15 जुलाई को कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष अपना पक्ष रखेगा, जिसके बाद पानी छोड़ने पर निर्णय लिया जाएगा।

 इससे पहले 3 जून को डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जी परमेश्वर ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। डिप्टी सीएम समेत कुल 12 विधायकों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी।

ये भी पढ़ेंः  सीएम डीके शिवकुमार ने मंत्रियों को बांटे विभाग, खुद के पास रखा वित्त और प्रियांक खरगे को दिया गृह मंत्रालय; जानें किसको क्या मिला

Latest India News