दुर्गापुर: गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में भव्य रैली की है, जिसमें लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इस दौरान अमित शाह ने इंडिया टीवी से एक्सक्लूसिव बात की और कहा है कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।
अमित शाह ने और क्या कहा?
अमित शाह ने इंडिया टीवी से कहा कि हम प्रचंड बहुमत के साथ पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रहे हैं। दुर्गापुर की दोनों सीटों पर कमल खिलेगा। हजारों की तादाद में बीजेपी को समर्थन मिल रहा है। बीजेपी के कार्यकर्ता ममता बनर्जी से नहीं डरते हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे कोई डर नहीं दिखाई दे रहा। बीजेपी के कार्यकर्ताओं को हिंसा से नहीं डरना है। यहां बीजेपी का मुख्यमंत्री आने वाला है।"
उन्होंने कहा, "हमारे मेनिफेस्टो में बड़े वादे जरूर हैं, अगर कट मनी और सिंडिकेट का भ्रष्टाचार बंद कर दें तो सारे वादे पूरे हो सकते हैं। ममता बनर्जी के बजट का एक बहुत बड़ा हिस्सा इनके गुंडे खाए जा रहे हैं। स्वाभाविक रूप से ये बीजेपी के कार्यकाल में नहीं होगा। हम सारे वादे पूरे करेंगे।"
घुसपैठियों को केवल बंगाल से ही नहीं, देश से बाहर निकालेंगे: अमित शाह
अमित शाह ने घुसपैठियों को लेकर कहा, "हम उन्हें न केवल बंगाल से बल्कि पूरे देश से बाहर निकाल देंगे।"
'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पर उन्होंने कहा, "यह 2023 में पारित हुआ था। अब बात वादे को पूरा करने की है, और मेरा मानना है कि इस देश की संसद ने सर्वसम्मति से विधायिका में देश की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया है। इस वादे को जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।"
टीएमसी के 'बाहरी' होने के आरोपों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कोई इस पर विश्वास नहीं करता। बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बंगाली भाषी होंगे, जिनका जन्म बंगाल में हुआ होगा और जिन्होंने बंगाली माध्यम से शिक्षा प्राप्त की होगी।
अमित शाह ने कहा, "इस बार बंगाल की जनता निश्चित रूप से बदलाव लाएगी और 5 मई को भाजपा के मुख्यमंत्री यहां शपथ लेंगे।"
एसआईआर के बारे में उन्होंने कहा, "यह हिंदू-मुस्लिम मुद्दा नहीं है। मैं चुनाव आयोग के खिलाफ ममता बनर्जी के आरोपों को समझता हूं, लेकिन अब वह न्यायपालिका को दोषी ठहरा रही हैं, क्योंकि पूरा एसआईआर न्यायपालिका के अधीन चल रहा है।
Latest India News