A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Exit Poll Results: बंगाल में बन सकती है BJP की सरकार, जानें क्या है असम, तमिलनाडु और केरल का हाल

Exit Poll Results: बंगाल में बन सकती है BJP की सरकार, जानें क्या है असम, तमिलनाडु और केरल का हाल

5 राज्यों के एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में BJP को बढ़त जबकि असम में वापसी, तमिलनाडु में DMK की बढ़त, केरल में UDF के आगे होने और पुडुचेरी में NDA सरकार के संकेत मिले हैं। हालांकि ये अनुमान हैं और असली नतीजे 4 मई को सामने आएंगे।

Exit poll results 2026 India, West Bengal exit poll, West Bengal BJP prediction- India TV Hindi
Image Source : PTI ममता बनर्जी, हिमंत विश्व शर्मा, एमके स्टालिन और पिनाराई विजयन।

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुदुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। इन नतीजों में सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल की हो रही है। इस सूबे में भारतीय जनता पार्टी इतिहास में पहली बार सरकार बनाती दिख रही है, हालांकि उसे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिलती दिखाई दे रही है। वहीं, असम में बीजेपी की बढ़त, तमिलनाडु में DMK की वापसी और केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। बता दें कि ये अनुमान एग्जिट पोल में लगाए गए हैं और इन सभी राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के असल नतीजे 4 मई को आएंगे।

बंगाल में कड़ी टक्कर, कई एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त

MATERIZE के एग्जिट पोल के मुताबिक पश्चिम बंगाल में इस बार सत्ता परिवर्तन हो सकता है। बीजेपी को 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 125 से 140 सीटों के बीच सिमट सकती है। अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं। अगर 4 मई को यही नतीजे आते हैं, तो बीजेपी पहली बार अपने दम पर सरकार बना सकती है। सबसे अहम मुकाबला 183 सीटों वाले दक्षिण बंगाल में माना जा रहा है। यहां बीजेपी को 80 से 90 सीटें मिल सकती हैं, जबकि TMC को 88 से 98 सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि, पिछले चुनाव की तुलना में TMC को 25 से 35 सीटों का नुकसान हो सकता है।

वहीं, पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, बीरभूम और बर्धमान वाले राढ़ क्षेत्र में कड़ी टक्कर है। 57 विधानसभा सीटों वाले इस इलाके में TMC को 26 से 32 सीटें और बीजेपी को 25 से 30 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 2 सीटें मिलने का अनुमान है। नॉर्थ बंगाल की 54 सीटों में से अधिकांश सीटों पर बीजेपी का दबदबा देखने के मिल सकता है। एग्जिट पोल के मुताबिक, नॉर्थ बंगाल की 54 सीटों में से बीजेपी को 30 से 33 सीटें और TMC को 15 से 18 सीटें मिल सकती हैं।

बंगाल को लेकर क्या कहते हैं अन्य एग्जिट पोल

  • P-MARQ: बीजेपी 150-175, TMC 118-138, अन्य 2-6
  • POLL DIARY: बीजेपी 142-172, TMC 99-127, अन्य 5-9
  • चाणक्य स्ट्रैटेजी: बीजेपी 150-160, TMC 130-140, अन्य 6-10
  • PEOPLE’S PULSE: TMC 177-187, बीजेपी 95-100, अन्य 1-4

इस तरह देखा जाए तो कुल एग्जिट पोल के आंकड़ों को मिलाकर बीजेपी 141-149, TMC 134-142, और अन्य 4-8 सीटें जीत सकते हैं।

बीजेपी और टीएमसी दोनों ने किया जीत का दावा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि 4 मई के जश्न की तैयारी इतनी बड़ी है कि कोलकाता में अबीर-गुलाल तक खत्म हो गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनाव जनता ने लड़ा है और बीजेपी सरकार बनाएगी। वहीं, TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि पिछली बार भी बड़े दावे किए गए थे, लेकिन नतीजे अलग रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन इसके बावजूद TMC रिकॉर्ड बहुमत से सरकार बनाएगी। TMC नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि उनकी पार्टी 235 सीटें जीतकर ममता बनर्जी के नेतृत्व में चौथी बार सरकार बनाएगी।

असम में हिमंता लेकर आएंगे बीजेपी की आंधी!

पश्चिम बंगाल के पड़ोस में स्थित असम में हुए विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक बीजेपी की जबरदस्त वापसी होती हुई दिखाई दे रही है। MATERIZE के असम में बीजेपी को 45.5% वोट और कांग्रेस को करीब 40% वोट मिल सकते हैं। सीटों की बात करें तो मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में बीजेपी को 85 से 95 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 25 से 32 सीटें मिल सकती हैं। अन्य दलों को 6 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य एग्जिट पोल्स की बात करें तो आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:

  • AXIS MY INDIA: बीजेपी 88-100, कांग्रेस 24-36
  • PEOPLE’S PULSE: बीजेपी 68-72, कांग्रेस 22-26
  • VOTE VIBE: बीजेपी 90-100, कांग्रेस 23-33
  • P-MARQ: बीजेपी 82-94, कांग्रेस 30-40
  • JVC: बीजेपी 88-101, कांग्रेस 23-33
तमिलनाडु के एग्जिट पोल में विजय ने चौंकाया

तमिलनाडु के एग्जिट पोल की बात करें तो तमिल सुपरस्टार विजय की पार्टी चौंकाती हुई दिख रही है। MATERIZE के मुताबिक 234 सीटों वाले तमिलनाडु में DMK+ गठबंधन को 122 से 132 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत से ज्यादा है। वहीं, AIADMK+ गठबंधन को 87 से 100 सीटें मिल सकती हैं। विजय की नई नवेली पार्टी TVK को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। वोट शेयर की बात करें तो DMK+ को लगभग 40%, AIADMK को 37% और TVK को करीब 17% वोट मिल सकते हैं। हालांकि AXIS MY INDIA के एग्जिट पोल में TVK को सबसे बड़ी पार्टी बताया गया है और उसे 98 से 120 सीटें मिल सकती हैं जबकि DMK को 92 से 110 और AIADMK+ को 22 से 32 सीटें मिल सकती हैं। आइए, देखते हैं तमिलनाडु का 'पोल ऑफ पोल्स':

  • MATRIZE: डीएमके+ 122-132, एआईएडीएमके+ 87-110, टीवीके 10-12, अन्य 0-6
  • AXIS MY INDIA: टीवीके 98-120, डीएमके+ 92-110, एआईएडीएमके+ 22-32
  • P-MARQ: डीएमके+ 125-145, एआईएडीएमके+ 65-85, टीवीके 16-26, अन्य 1-6
  • PEOPLE’S PULSE: डीएमके+ 125-145, एआईएडीएमके+ 65-80, टीवीके 18-24, अन्य 2-6
  • चाणक्य स्ट्रैटेजी: डीएमके+ 145-160, एआईएडीएमके+ 50-65, टीवीके 0, अन्य 18-26
केरल में ढह सकता है लेफ्ट का 'आखिरी किला'

केरल की 140 सीटों वाली विधानसभा को लेकर सामने आए एग्जिट पोल के नतीजों की बात करें तो लेफ्ट का यह आखिरी किला ढहता हुआ नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के मुताबिक, केरल में सत्तारूढ़ LDF को 60 से 65 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF को 70 से 75 सीटें मिलने का अनुमान है। इस तरह देखा जाए तो कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन बहुमत हासिल कर सरकार बना सकता है। दूसरी ओर BJP को 3 से 5 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, हालांकि उसे इससे बेहतर प्रदर्शन का भरोसा था।

पुदुचेरी में फिर बन सकती है NDA की सरकार

पुदुचेरी की बात करें तो 'Axis My India' के एग्जिट पोल के मुताबिक 30 सीटों वाली विधानसभा में NDA को बढ़त मिलती दिख रही है। एग्जिट पोल के मुताबिक, NDA को 16 से 20 सीटें मिलने का अनुमान है, जो बहुमत के आंकड़े 16 से ऊपर है। इससे यह संकेत मिलता है कि NDA इस केंद्र शासित प्रदेश में आसानी से सरकार बना सकता है। वहीं कांग्रेस-DMK गठबंधन को 6 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है, जिससे वह मजबूत चुनौती देने की स्थिति में नहीं दिख रहा है। इस तरह देखा जाए तो एग्जिट पोल्स के मुताबिक, 5 सूबों में से 3 में बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन और 2 में विपक्षी गठबंधन सरकार बनाते नजर आ रहे हैं।

Latest India News