नई दिल्ली: रामलीला मैदान में कांग्रेस की अगुवाई में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली पूरी तरह से फ्लॉप रही। यह दावा बीजेपी ने किया है। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल की रैली वेस्ट ऑफ टाइम रही। रैली में 10 लाख लोगों के आने का दावा किया गया था लेकिन रामलीला मैदान का 40 प्रतिशत हिस्सा खाली रहा। इंडिया गठबंधन भीड़ जुटा पाने में नाकाम रहा।
वीडियो दिखाकर किया दावा
संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रैली की एक तस्वीर दिखाई और कहा, "आप बैकग्राउंड में देख सकते हैं कि रामलीला मैदान का 40 परसेंट हिस्सा, यानी 40% जगह खाली थी। राहुल गांधी और उनकी टीम ने दावा किया था कि 10 लाख लोग आएंगे। 28,000 कुर्सियों में से, दोपहर 3:30 से 4 बजे तक लगभग 5,000 से 7,000 कुर्सियां खाली थीं। कांग्रेस के 10 लाख लोगों के दावे के पीछे यही असलियत है..."
ट्रिक से कोई नेता पीएम नहीं बनता
"10 लाख लोग कहां थे? हमें दिखाओ। इस तरह ट्रिक से कोई नेता या प्रधानमंत्री नहीं बनता। PM का मतलब सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं होता। P का मतलब पसीना और M का मतलब मेहनत है। प्रधानमंत्री पसीने और मेहनत से बनता है। इतनी सारी पार्टियों और झंडों को एक साथ लाने के बावजूद, वे 10 लाख लोगों को इकट्ठा नहीं कर पाए।"
राहुल गांधी भी गैर-कानूनी नेता विपक्ष
संबित पात्रा ने कहा "राहुल गांधी ने कहा कि 2024 का चुनाव गैर-कानूनी था। ज्ञानेश कुमार 2024 के चुनाव के दौरान वहां थे ही नहीं। वह 2025 में इलेक्शन कमिश्नर बने। अगर 2024 का चुनाव गैर-कानूनी था, तो राहुल गांधी भी गैर-कानूनी नेता विपक्ष हैं, और उनके सभी MP भी गैर-कानूनी हैं। अगर कोई चुनाव गैर-कानूनी है, तो उसे कोर्ट में चैलेंज करें। मुझे राहुल गांधी, कांग्रेस या किसी भी INDIA ब्लॉक पार्टी की तरफ से 2024 के चुनाव को चैलेंज करने वाली एक भी पिटीशन दिखाओ। आप ढाई साल बाद रामलीला मैदान में किसी चुनाव को गैर-कानूनी घोषित नहीं कर सकते।"
राहुल ने रैली में केंद्र सरकार और सीईसी पर बोला हमला
इससे पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि देशद्रोह के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली' को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और शाह के सामने खड़ा होगा।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने देश की आत्मा और लोकतंत्र पर हमला किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ''नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। यह आवाज कह रही है कि हम संविधान और लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।'' उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा के विधानसभा चुनावों तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें:
"जमीन नहीं बची तो 'अंगद का पैर' कहां रखेंगे", दिल्ली के रामलीला मैदान से अखिलेश यादव का BJP पर तंज
Latest India News