A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. India TV Exclusive: ‘100 सीटें जीतेंगे’, असम के EX CM सर्बानंद सोनोवाल का बड़ा दावा, कांग्रेस पर तीखा हमला

India TV Exclusive: ‘100 सीटें जीतेंगे’, असम के EX CM सर्बानंद सोनोवाल का बड़ा दावा, कांग्रेस पर तीखा हमला

Assam Election 2026: असम के पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल ने इंडिया टीवी से खास बातचीत में आगामी विधानसभा चुनाव में करीब 100 सीटें जीतने का दावा किया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

Assam Election 2026: असम की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इंडिया टीवी से खास बातचीत में बड़ा चुनावी दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में करीब 100 सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने बातचीत के दौरान कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि उनके बयान अक्सर देशहित के खिलाफ होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देश की एकता और अखंडता को कमजोर करते हैं। खरगे के "अलीबाबा और 40 चोर" वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनोवाल ने कहा कि जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी। 

हिमंता की आक्रामक राजनीति पर क्या बोले

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की आक्रामक शैली पर भी सोनोवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा मजबूती से काम कर रही है और नेतृत्व के अलग-अलग अंदाज पार्टी को और मजबूत बना रहे हैं। हाल के दिनों में "मियां" और "मदरसा" जैसे मुद्दों पर सरमा के बयानों ने राजनीतिक बहस को तेज किया है। ऐसे में असम की राजनीति में हिमंता बिस्वा सरमा और सर्बानंद सोनोवाल को भाजपा के दो मजबूत चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। 

गौरव गोगोई विवाद पर प्रतिक्रिया 

मुख्यमंत्री सरमा द्वारा कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर लगाए गए आरोपों को लेकर सोनोवाल ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति पर आरोप लगाए जाते हैं, तो उसकी जिम्मेदारी है कि वह अपनी निष्ठा और देशभक्ति को साबित करे। 

घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख 

सोनोवाल ने साफ कहा कि भाजपा सरकार हर भारतीय नागरिक—चाहे वह किसी भी धर्म का हो—की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि उन्होंने यह भी दोहराया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और उन्हें असम की जमीन पर बसने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Latest India News