जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर अपने सांसद गिरिधारी यादव को अयोग्य करार देने की मांग की है। जेडीयू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक नोटिस भी सौंपा है। लोकसभा में जेडीयू के संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामत ने मंगलवार को यह नोटिस दी है।
बेटे ने आरजेडी के टिकट पर लड़ा चुनाव
गिरधारी यादव बिहार की बांका लोकसभा सीट से सांसद हैं। जेडीयू के इस कदम की पुष्टि करते हुए, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि यादव के खिलाफ नोटिस इसलिए सौंपा गया है क्योंकि उनके बेटे चाणक्य प्रकाश रंजन ने बांका लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बेलहर सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उम्मीदवार के तौर पर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा था।
दिलेश्वर कामत ने सौंपा नोटिस
जेडीयू के राज्यसभा सदस्य ने बुधवार को संसद परिसर में कहा, 'इसके बाद, उनके पास पार्टी स्वेच्छा से छोड़ने के अलावा और क्या विकल्प बचता है? इसी पृष्ठभूमि में लोकसभा में हमारे नेता दिलेश्वर कामत ने नोटिस सौंपा है।'
SIR को लेकर गिरिधारी यादव ने अपनाया अलग रुख
झा ने यह भी उल्लेख किया कि बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में यादव ने एक अलग रुख अपनाया था, जबकि पार्टी इस प्रक्रिया के पक्ष में थी। जेडीयू नेता ने कहा, 'बिहार में हुए विधानसभा चुनावों के खिलाफ एक भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, न ही पुन: मतदान हुआ। किसी ने भी यह दावा नहीं किया कि मतदाता सूची से नाम हट जाने के कारण वे अपना वोट नहीं डाल सके। निर्वाचन आयोग ने बहुत अच्छा काम किया, लेकिन उन्होंने इससे अलग रुख अपनाया।'
पार्टी हित में लिया गया निर्णय
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि कामत ने इस संबंध में निर्णय लिये जाने के बाद पार्टी हित में नोटिस सौंपा है। उन्होंने कहा, 'गिरिधारी यादव चाहे जो भी कह रहे हों, पार्टी हित के खिलाफ जाने वाले या पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। गिरिधारी जी अपवाद नहीं हो सकते। इसलिए पार्टी हित में यह निर्णय लिया गया है।'
Latest India News