1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'वंदे मातरम् पर घिरी कांग्रेस, फजीहत के डर से राहुल गांधी ने रचा नया ड्रामा', जेपी नड्डा ने साधा निशाना

'वंदे मातरम् पर घिरी कांग्रेस, फजीहत के डर से राहुल गांधी ने रचा नया ड्रामा', जेपी नड्डा ने साधा निशाना

दिल्ली में संसद मार्ग थाने में राहुल गांधी के धरने को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रतिक्रिया दी और इसे वंदे मातरम् पर कांग्रेस के स्टैंड से ध्यान भटकाने वाला बताया।

jp nadda on rahul gandhi- India TV Hindi
Image Source : ANI/PTI राहुल गांधी के धरने को जेपी नड्डा ने ड्रामा बताया।

आज से करीब एक महीने पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों ने जो प्रोटेस्ट किया था, जिसमें पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था, उसे लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, दिल्ली में धरने पर बैठ गए हैं। छात्र आंदोलन को लेकर 21 जुलाई को भी राहुल गांधी धरने पर बैठे थे। तब वे पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे थे और आज 21 अगस्त है, जब राहुल गांधी संसद मार्ग थाने में धरने पर बैठे हैं और उनकी मांग है कि पैलेट गन मामले में FIR दर्ज की जाए। राहुल गांधी की इस धरने को लेकर BJP नेता उनके ऊपर हमलावर हैं। जानिए राहुल गांधी के थाने में धरने पर किसने क्या कहा?

ध्यान भटकाने वाली राजनीति कर रहे राहुल गांधी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आज पूरा देश एक बार फिर से राहुल गांधी की सस्ती और ध्यान भटकाने वाली राजनीति देख रहा है। यह कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और फुटेज खाने की भूख है। सुप्रीम कोर्ट मामले की जांच कर रही है लेकिन कैमरा लेकर थाने के सामने बैठकर क्या कर रहे हैं? उन्हें कोर्ट पर भरोसा नहीं है क्या?

जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को बताया कैमराजीवी

नड्डा ने राहुल गांधी को कैमराजीवी बताया और कहा कि यह हताशा और हठयोग है। राहुल गांधी ड्रामा कर रहे हैं। कांग्रेस, वंदे मातरम् पर घिर चुकी है। जनता जवाब मांग रही है। इस फजीहत से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी नया ड्रामा कर रहे हैं।

संसद में सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार थी लेकिन राहुल गांधी भाग खड़े हुए। संसद के पटल पर जवाब देने की हिम्मत नहीं इसलिए सड़क पर तमाशा कर रहे हैं। देश न्यायिक प्रक्रियाओं से चलता है, ऐसे हठयोग से नहीं। राहुल गांधी को जनता को जवाब देना होगा: जेपी नड्डा

वंदे मातरम् पर अपने स्टैंड से फंसी कांग्रेस

वहीं, BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, 'यह बहुत दुखद है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं लेकिन वे लोकतांत्रिक नहीं बल्कि अराजकता की सियासत करते हैं। अभी वे दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट में बगैर किसी सूचना के धरने पर बैठे हुए हैं। हमारी आशंका और आरोप दोनों है कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् पर जो स्टैंड लिया है, उसमें यह फंस गई है।'

जवानों पर सवाल उठाने वालों में शामिल रहे हैं राहुल गांधी

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह कुछ नया नहीं है। राहुल गांधी आज देश की पैरामिलिट्री फोर्स के खिलाफ FIR कराने के लिए थाने में धरने पर बैठे हुए हैं। देश की सुरक्षा में लगे जवानों पर ये पहले भी सवाल उठा चुके हैं।

विरोध सबका अधिकार लेकिन मांगों पर ख्याल कर रही सरकार

राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन पर NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल बोले, 'विरोध करना हर किसी का हक है। हम स्वतंत्र भारत में रहते हैं और लोकतंत्र में भरोसा करते हैं। जहां तक युवाओं और उनसे जुड़े मसलों की बात है, PM मोदी इस पर पूरा ध्यान दे रहे हैं और संवेदनशील भी हैं। उन्होंने हमारे युवाओं की मांगों और उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर मुमकिन कदम उठाए हैं। यहां तक कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी कोई छोटी बात नहीं थी।'

ये भी पढ़ें- 'वंदे मातरम् के टुकड़े-टुकड़े करने वालों के जनता करेगी टुकड़े-टुकड़े', जीतन राम मांझी ने किया पोस्ट

Latest India News