1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कंगना रनौत ने लोकसभा में मारा फिल्मी डायलॉग, महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान दिया ये बयान

कंगना रनौत ने लोकसभा में मारा फिल्मी डायलॉग, महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान दिया ये बयान

बीजेपी की सांसद कंगना रनौत ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और एक मशहूर बॉलीवुड फिल्म का डायलॉग दोहराया। उन्होंने कांग्रेस पर देरी का आरोप लगाते हुए बिल को ऐतिहासिक कदम बताया।

Kangana Ranaut, Kangana Ranaut Lok Sabha speech, Women Reservation Bill India- India TV Hindi
Image Source : SANSAD TV VIA PTI लोकसभा में बोलते हुए बीजेपी सांसद कंगना रनौत।

नई दिल्ली: लोकसभा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की। उन्होंने पीएम मोदी को 'सबसे बड़ा नारीवादी' बताते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की नीतियों की जमकर तारीफ की। कंगना रनौत ने बॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के मशहूर डायलॉग का जिक्र करते हुए कहा, 'सरकार ने देश की बेटियों और महिलाओं से कहा है, सारे पिंजरे टूट गए, सारी दीवारें टूट गईं, जा जी ले अपनी जिंदगी।'

'क्या ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों को और लटकाए रखना चाहिए?'

कंगना संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026 (महिला आरक्षण अधिनियम), परिसीमन विधेयक 2026 और संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक 2026 पर चर्चा के दौरान बोल रही थीं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल ने अपने शासनकाल में महिला आरक्षण जैसे मुद्दों को लंबे समय तक लटकाए रखा। कंगना ने कहा कि कांग्रेस के नेता सवाल उठाते हैं कि सरकार इतनी जल्दी में क्यों है, लेकिन उन्होंने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों को और लटकाए रखना चाहिए?

'हिमाचल में 68 सीटों में से केवल एक महिला विधायक है'

हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं और जो 60 वर्षों में नहीं हुआ, वह उन्होंने 10 वर्षों में कर दिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में लोकतंत्र खतरे में नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीति को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में महिलाएं पीछे नहीं हैं, लेकिन राजनीति में उनकी भागीदारी कम है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों में से केवल एक महिला विधायक है, जबकि अन्य राज्यों में भी करीब 8-9 प्रतिशत ही महिला विधायक हैं।

'कुछ अच्छा होता है तो कांग्रेस के पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं'

कंगना ने महिला आरक्षण विधेयक को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देश में कुछ अच्छा होता है तो 'उसके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं।' उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे महिलाओं के प्रति उनकी सोच साफ झलकती है। कंगना ने यह भी कहा कि जब वह राजनीति में आईं, तो एक नेता ने उनके पोस्टर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

Latest India News