कर्नाटक में राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी तेज हो रही हैं। अब राज्य के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी को 'विलेज इडियट' कह दिया है। प्रियांक खरगे ने कहा है कि कुमारस्वामी रोजाना आरोप लगाते रहते हैं। आपको बता दें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कहा था कि प्रियांक गृह मंत्री बनने के लायक नहीं हैं। प्रियांक खरगे ने इसी का जवाब देते हुए कुमारस्वामी को विलेज इडियट कह दिया।
क्यों शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया था कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को निशाना बनाने वाले कथित स्टिंग ऑपरेशन की जांच को, सीएम डीके शिवकुमार और प्रियांक खरगे के दबाव के कारण भटकाया जा रहा है। उन्होंने ये भी दावा किया था कि केरल की एक महिला ने कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को एक ईमेल भेजा था जो कि गायब हो गया है। आपको बता दें कि एचडी कुमारस्वामी केंद्र सरकार में भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री हैं।
प्रियांक खरगे ने क्या जवाब दिया?
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के आरोपों को लेकर प्रियांक खरगे ने उनपर निशाना साधा। प्रियांग खरगे ने कहा- ''मैंने कल उनका (कुमारस्वामी) बयान देखा था। वह कह रहे थे कि प्रियांक गृह मंत्री बनने के लायक नहीं हैं। ऐसा अक्षम इंसान, जो अपने ही परिवार और राज्य की जनता से झूठ बोलता है, थोड़ी-सी बात पर आंसू बहाने लगता है और हर चुनाव में अपनी सीट बदल लेता है। अगर उनके जैसे लोग मुख्यमंत्री बन सकते हैं, तो क्या मुझे अपनी पोस्ट के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए? क्या किसी पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री को बुनियादी समझ भी नहीं है? क्या वह विलेज इडियट हैं?''
फिट हूं या अनफिट ये जनता तय करेगी- प्रियांक
प्रियांक खरगे ने कहा कि उन्हें कुमारस्वामी से कुछ भी सीखने की जरूरत नहीं है। प्रियांक खरगे ने कहा- "मैं गृह मंत्री बनने के लिए फिट हूं या अनफिट ये जनता तय करेगी। मुझे आपके इस सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।" प्रियांक खरगे ने केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी पर निशाना साधते हुए कहा- "पिछले चुनाव में भी आप 100 सीटें नहीं जीत पाए थे। अगले चुनाव में भी आप ऐसा नहीं कर पाएंगे।" (इनपुट: भाषा/PTI)
ये भी पढ़ें- कांग्रेस के अपने ही मंत्री ने SIR को सही ठहराया, कहा- 'ऐसा काम बाकी जगहों पर भी होना चाहिए था'
पहले SIR को सही बताया, अब U-टर्न; कांग्रेस के मंत्री ने दी सफाई, बोले- मुझे गलत समझा गया
Latest India News