A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक: 30 मई को शपथ ग्रहण होने की संभावना, 3 डिप्टी CM बनाए जा सकते हैं, सामने आए दौड़ में शामिल नाम

कर्नाटक: 30 मई को शपथ ग्रहण होने की संभावना, 3 डिप्टी CM बनाए जा सकते हैं, सामने आए दौड़ में शामिल नाम

कर्नाटक की सियासत से बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां तीन डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है।

Karnataka - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कर्नाटक की सियासत में बड़े बदलाव के आसार

बेंगलुरु: कर्नाटक की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक में कांग्रेस की ओर से 3 डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। ये 3 डिप्टी सीएम अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग से बनाए जा सकते हैं।

30 मई को शपथ ग्रहण, डिप्टी सीएम पद की दौड़ में कौन-कौन शामिल? 

सूत्रों के अनुसार, अगली सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 30 मई को हो सकता है। कांग्रेस पार्टी द्वारा जो लोग संभावित उपमुख्यमंत्रियों की दौड़ में शामिल हैं, उनमें दलित कोटा से परमेश्वर/प्रियांक खड़गे, अन्य पिछड़ा वर्ग से यतीन्द्र और लिंगायत से एमबी पाटिल/ईश्वर खंड्रे और अल्पसंख्यक से केजे जॉर्ज/यूटी खादर/ज़मीर का नाम शामिल है।

आज कर्नाटक गए हैं रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला आज कर्नाटक गए हैं। उन्हें राज्य सभा और एमएलसी चुनाव के लिए कैंडिडेट के लिए एक बार फिर से नई लिस्ट तैयार करने को कहा गया है। इस लिस्ट में उन्हें कहा गया है कि वो जातीय समीकरण का भी ध्यान रखें और इस बात का भी ध्यान रखें कि नेताओं को पद देने से क्या फायदा और नुकसान होगा।

सुरजेवाला को निर्देश दिया गया है कि वो फिर से एक लिस्ट तैयार करें और उसे दिल्ली में आलाकमान को सौंपे। रणदीप ने जो पहले लिस्ट बनाई थी, उससे आलाकमान संतुष्ट नहीं था और उन्हें दोबारा से पूरी लिस्ट बनाने को कहा गया है।

सिद्धारमैया दे सकते हैं इस्तीफा

कर्नाटक की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और सिद्धारमैया कल इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया को कांग्रेस की तरफ से स्टेप डाउन करने के लिए कहा गया है। सिद्धारमैया को कहा गया कि वो भी सोच लें और के सी वेणुगोपाल को बता दें। ऐसे में कल सिद्धारमैया का इस्तीफा हो सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक, सिद्धारमैया राज्यसभा जाने के इच्छुक नहीं हैं।

बता दें कि मंगलवार को पांचवें फ्लोर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में बैठक हुई थी। इस बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डी के शिवकुमार शामिल हुए थे।

बता दें कि कर्नाटक की राजनीति इस समय देशभर में चर्चा का केंद्र है। अब देखना ये होगा कि बदलाव के बाद कर्नाटक की राजनीति में किस नेता के हाथ कौन सा पद लगता है।

Latest India News